हिमाचल प्रदेश के भाषा एवं संस्कृति विभाग की पत्रिका के अंक 165, 166 में प्रकाशित मेरी तेरह कविताएं
1. चिड़िया की तरह
वह स्त्री
जिसके हाथ
कत्थई हो गए हैं
रोटी सेंकते सेंकते
एक दिन वही औरत
चहचहाएगी चिड़िया की तरह
पेड़ पर, डाल पर
पात पात पर।
2. बासी रोटी की महक
मां को घर में
जब नहीं मिले
दो शब्द प्रेम के
दो नर्म गर्म फुलके
पीली मूंग की दाल
और सूजी का हलवा
तब वह अपनी लाठी टिकाती हुई
चुपचाप लौट गई
शाम की बस से
अपनी बासी रोटी की
महक वाले घर में
और पिता की तस्वीर
के सामने बैठ गई।
3. बारिश की बूदें
मुख पर पसीने
की नमकीन
सी बूदें
बारिश की पतली
झिल्ली वाली बूदें
उठाती हैं हिलोरे
हृदय में
परन्तु फूट जाती हैं
पल में
और दे जाती हैं
बहुत कुछ सोचने के लिए।
4. दाल चूल्हे पर
खेत में खुरपी से घास
छीलते हुए स्त्रियों के हाथ
कितने सुन्दर हैं
चूड़ियां भी छन-छन बोल रही हैं
कितनी जल्दी-जल्दी
चल रहे हैं हाथ उसके
और जीवन उसका
घर पर फदक0 रहा है
दाल चूल्हे पर जैसे
घर जाकर बतियाएगी
चूल्हे से
और अपनी व्यथा भी कहेगी
फिर दो रोटी थाली में
सजा देगी अपने पति के लिए।
0फदक उबलना
5. आदिवासी स्त्रियां
जंगल में आदिवासी
स्त्रियों के झुंड के झुंड
मिलकर गीत गाती फिरती
हैं स्वछंद
सुबह जब सो कर उठती हैं
तब कितना खुश दिखती हैं
दोपहर में मेहनत का
पसीना पोंछ कर
सुस्ताती हैं
रात को चूल्हे
की आग में रोटी, भात
पका कर खिलाती हैं
अपने पुरूषों को
और रात में चांदनी को
अपनी मांग में सजा लेती हैं
तब चांद भी उतर आता है
घरों में उनके
देखता है उनके सारे कार्यकलाप
तब वे आशाओं को होठों
में दबा कर
ऊंची कुलांचें भर रही होती हैं
चांदनी में
और झरनों की तरह कल-कल
बह रही होती हैं।
6. अम्मा और बाबूजी
घर का सारा ढांचा
सारी दीवारें और दर
सब थे मेरे बाबूजी
घर की रौनक, शोर
शराबा और आत्मा
सब थी मेरी अम्माजी
घर तो अब बना
0घुड़लना
कहां रह पाते बाबूजी?
घर में तो अब
बहुओं की चलती
कहां रह पाती अम्माजी?
अच्छा हुआ जो समय रहते ही
टिकट कटाया दोनों ने
अब जहां हो वहीं खुश रहो
मेरे अम्मा और बाबूजी।
0 खिलौना
7. सर्कस की कलाकार
स्त्रियां, स्वयं को
सकर्स का एक
कलाकार समझती हैं
संभल संभल कर
चलती जाती हैं
नट की रस्सी
पर चल रहीं हो जैसे।
8. एक पेड़ का मेला
एक पेड़ अकेला खड़ा है
गांव के मुहाने पर
जब गांव में कोई
मेला होता है तब
बहुत सी स्त्रियां
चूड़ी, मेंहदी, महावर खरीद
पेड़ के नीचे बैठ
सुस्ताती हैं
तब पेड़ को बहुत
अच्छा लगता है
वह मधुर-मधुर
गुंजार करने लगता है
पेड़ की खुशियों का
किसी को अंदाजा नहीं
वह स्वयं महसूस करता है।
9. हंसी बनना चाहती हूूं
हंसी बन जाना चाहती हूं
जिसमें सुबह की ताज़गी
जन्म लेती है
जिसमें स्त्रियों के गालों के
पसीने की गंध जन्म लेती है
जिसमें गर्म हवा के झोंकों में भी
शांति की लहर जन्म लेती है
जिस लहर में मुक्ति की
धारा निरंतर बहती हो
वह हंसी बन जाना चाहती हूं।
10. निकल गया कोई
पत्तों में सरसराहट
सी क्यों है?
शायद पत्तों से
किसी ने कुछ कहा है
हवाएं इतनी पागल
सी क्यों हैं?
क्या इनको छूकर
निकल गया कोई।
11. अंधेरों का स्वागत
सूरज का शायद
कुछ खो गया है
जो इतनी रोशनी
लेकर आता है रोज़
फिर शाम होते ही
अपनी गठरी बांधकर
चल देता है
आसमान के पार
सदियों से एक ही
समय पर आता है
धूप को उलट पलट कर
कुछ गिनता है
मौसम के जीनों में
फिर अंधेरा पसरा कर
चल देता है किसी और
जहां में कुछ ढूंढने
फिर मानव ढूंढने लगता है
अंधेरों में रोशनी के रिश्ते
और हवा की
मानिंद आत्मीय क्षण
और ढूंढता है अंधेरों में रोशनी की लहर
जो शायद उसे दिखाई
दे ही जाएगी
इसर उम्मीद में वह अंधेरों का
स्वागत करता है हंसते-हंसते।
12. सुख की नदी
यह जो एक नदी बहती है
शायद मेरे जीवन की नदी है
इसके किनारे पर
खड़ी हूं मैं
इस एकांत में खामोश सितारे
इसमें डूबते हैं
और तैरते हैं दुख मेरे
इसमें उतरती हैं शाम कई
अपना सारा दुःख लिए
डूबता है छुपता है सिंदूरी रंग
इसमें डूबते हैं
स्मृति के गीत तुम्हारे
इसमें उगता है नारंगी सूरज
जब इसकी उगती लहरों में
दिख जाती है तुम्हारे आने की
रोशनी की चिंगारी
तुम्हारे गीतों की खुशबू
काश! तुम कहीं से आ जाओ
इसलिए मौन खड़ी हूं मैं
दुख की नदी सुख की नदी में
बदल जाए।
13. उम्मीद
बचपन में ये सब मेरे दोस्त थे
जैसे खुशियां, हंसी
आंखों में तैरते सपने
आंखों की आशाएं
भविष्य का उजाला
और कुछ नन्हीं मुन्नी लड़कियां
मेरी मां
मेरे भाई
मेरी खिलौना गुड़िया
मेरी किताबें
मगर आज मेरे दोस्त हैं ये
ग़म, अवसाद
एकाकीपन, दुख
जीवन की असफलता
रिश्तों की कटुता
और जमाने के दुख से दुखी मैं
शायद इन सबसे बाहर निकल
एक नया श्वेेत झीने से
मृदु संसार की ओर
अग्रसर हो ही जाऊंगी मैं
मुझे उम्मीद है.....।
_
यहां पर प्रयुक्त सभी चित्र मनीषा जैन द्धारा बनाए गए है।
कवयित्री - मनीषा जैन
ई मेल-22manishajain@gmail.com



