Search This Blog

Monday, 22 February 2021

अधूरी चीजों का देवता -गीत चतुर्वेदी, एक पाठकीय प्रतिक्रिया

 

अधूरी चीजों का देवता - गीत चतुर्वेदी

मनीषा जैन

     गीत चतुर्वेदी की नई किताब ‘अधूरी चीजों का देवता’ हाथ में आते ही जिज्ञासा होती है कि कौन है जो अधूरी चीजों का देवता है? परन्तु इस बात का पता पुस्तक के अंतिम अध्याय में जाकर पता चलता है। सोशल मीडिया पर इस पुस्तक के प्रचार-प्रसार ने इस पुस्तक को खरीदने पर बाध्य किया कि पता तो चले? कि क्या है इस किताब में जो अधूरी चीजें है? यह पुस्तक एक रोचक गद्य, एक सामान्य मनुष्य के दिल की बात, वो बातें जो वह सोचता तो है परन्तु उन्हें शब्द नहीं दे पाता और उन्हीं बातों को शब्द देते हैं गीत चतुर्वेदी जैसे लेखक। 




      ओशो के बाद सबसे रोचक गद्य मैंने गीत की इस पुस्तक का ही पढ़ा। इस तरह का गद्य जिससे पाठक स्वयं को इससे जोड़ लेता है कि यही तो मैं कहना चाहता था या यही तो मेरे भी मन की बात है। गीत की इस पुस्तक में विदेश के अनेक प्रसिद्घ साहित्यकारों के जीवन से संबधित अनेक प्रसंग आते हैं बहुत ही रोचक तरीके से, जो कि गीत के विश्व साहित्य का अध्ययन पाठक के बौद्धिकता को विस्तार देते हैं, उसके ज्ञान को बढ़ाता है। 

   इस पुस्तक के गद्य के बीच-बीच में अनके अध्यायों में विश्व साहित्य के अनेक संदर्भ, भारतीय वांग्मय के अनेक उदाहरण, संदर्भ, लेख के टुकड़े, लेखकों के नाम लेखक की बौद्धिक सतह का परिचय देते हैं। जिससे हिन्दी का पाठक वेहद लाभान्वित होता है। पाठक विश्व साहित्य के साथ-साथ भारतीय साहित्य से भी परिचित होता है। 

    मानव जीवन के अधूरेपन पर गीत ने इतना अच्छे से समझाया है कि फिर पता चलता है कि अधूरी चीजों का देवता कौन है? लेखक लिखता है कि ‘‘कोई भी कहानी जहां खत्म होती है, उसके आगे से एक नई कहानी शुरू की जा सकती है। ऐसा करने से पिछली कहानी अपने आप अधूरी साबित हो जायेगी। सारा खेल इस ‘अ’ में है। ‘अ’ से अधूरा। अ से अपूर्ण।’’(पृष्ठ 134) यानि लेखक के अनुसार हर चीज़ अधूरी है और पाठक जब पढ़ता है तो उसे भी यही बात ठीक प्रतीत होती है। 


ड्राईंग - मनीषा जैन

     ‘जो अनंत है, वह यक़ीनन अपूर्ण है। हर अंक को पूर्ण मानकर भी हम अपूर्णता की ओर ही बढ़ रहें हैं। यह सृष्टि अनंत है, इसलिए अपने आप में अपूर्ण है। पूर्ण होगी तो उसका एक आरम्भ होगा एक अंत होगा।’(पृष्ठ 134) अत: लेखक के अनुसार जिसका आदि और अंत न हो वह अपूर्ण ही होगा। गीत चतुर्वेदी की किताब में ओशो के विचार की सी साम्यता दिखाई देती है। पाठक को यही दार्शनिक संसार की बातें अच्छी लगती हैं। इन्हीं बातों में सत्यता भी लक्षित होती है। साथ ही लेखक की विश्व फिल्मों की जानकारी भी इस पुस्तक को अद्भुत बनाती है। 

     लेखक की यह किताब एक ऐसी गद्य पुस्तक है जो पाठक से आत्मा की, आत्मा के सुकून की बात करती है। सरल भाषा में स्पष्ट दृष्टि के साथ पाठक को संवेदनात्मक बनाती है और ऐसी ही संवेदना की आज की संवेदनहीन होती दुनिया में जरूरत है। लेखक का अध्ययन विस्तृत तो है ही लेकिन लेखक अपने ज्ञान को सिर्फ अपने तक ही सीमित नहीं रखतें उसे पाठक तक पहुंचाते हैं, जिससे पाठक इस नये तरह के साहित्य को पढ़ने व उस विश्व साहित्य को पढ़ने व पढ़ने के लिए ढूंढने के लिए लालायित हो उठता है। 




    इस किताब के अनेक वाक्य कोटेशन बनकर सामने आते हैं क्योंकि लेखक ने कई सुंदर,सटीक, सच्चे वाक्यों को जन्म दिया है। इस विपरीत समय में गीत चतुर्वेदी की यह किताब आज के कठोर होते मर्म पर संवेदनाओं की कीलें ठोंकती हुई सी प्रतीत होती हैं कि मनुष्य को संवेदित रहना ही होगा, नहीं तो दुनिया भर के मनुष्य पत्थर होने पर आमादा हैं। 

    अत: कह सकते हैं कि लेखक इतिहास से वर्तमान और वर्तमान से इतिहास में आवाज़ाही करते हैं। प्राचीन से प्राचीन साहित्यकारों की बातें गीत चतुर्वेदी नये ढ़ग से व्याख्यायित करते हैं। साथ ही भारतीय व विदेशी साहित्य से नायाब़ मोती ढूंढ कर लाते हैं और पाठकों के सामने रोचकता के साथ प्रस्तुत कर देते हैं। इस किताब में कई विधाओं (डायरी, लेख, संस्मरण, संदर्भ) का संगम एक साथ पढ़ने को मिलता है।

  -मनीषा जैन

Thursday, 11 February 2021

वरिष्ठ कथाकार नमिता सिंह की कहानियों का मूल्याकंन

 

नमिता सिंह की कहानियों का मूल्याकंन

  समकालीन संदर्भ

मनीषा जैन

         सातवें दशक के बाद जिन कहानीकारों ने जीवन के विविध विषयों को अपनी कहानियों का मुख्य विषय बनाया, उनमें नमिता सिंह का नाम महत्वपूर्ण ही नहीं जरूरी भी है। क्योंकि इनकी कहानियों ने बदलते समय की आकुलता-व्याकुलता के साथ अपने समय के यथार्थ की मुकम्मल तस्वीर प्रस्तुत की है और यदि हम इन कहानियों का पढ़ें तो हमें इन कहानियों में आज के उभरते प्रश्न सामने खड़े दिखाई देते हैं। ऐसा लगता है कि जैसे आज की सामाजिक, पारिवारिक व देश की की परिस्थितियों को कहानीकार ने बहुत पहले ही अपनी कहानियों में उतार दिया था, एक भविष्यदृष्टा की तरह क्योंकि रचनाकार एक भविष्यदृष्टा भी होता है। 

     समय के सच ही रचनाकार की रचनाओं का विषय बनते है और फिर वे कहानियां ही कालजयी कहलाती हैं। बिलकुल प्रेमचंद की कहानियों की तरह। नमिता सिंह की कहानियों में अपने समय का सच, मानवीय जिजीविषा, पारिवारिक संघर्ष, आपसी रिश्तों का ताना-बाना व मानवीय संवेदना के साथ-साथ जीवन के विभिन्न रंगों को, जीवन की गति को उनके संघर्षों, विषमताओं व असमानताओं व विसंगतियों के परिपेक्ष्य में चिन्हित किया जा सकता है।

     कहानी ‘बीस सौ इक्यावन का एक दिन’ एक फैंटेसी से भरपूर कहानी है। इसमें बताया है कि 50 साल बाद का भारत कैसे होगा। और कहानी का अंत अनेक सवाल छोड़ जाता है। इनकी कहानियों में जहां आज देश में फैली सांप्रदायिक हिंसा के ताज़ातरीन दृश्य नज़र आते है वहीं इनकी कहानियों की स्त्रियां अपने मजबूत व्यक्तित्व के साथ खड़ी नज़र आती हैं। असल में स्वतंत्रता के बाद औरतों की स्थिति और भी संघर्षयुक्त हुई। सदा से पितृसत्तात्मक समाज के आदेशों के नीचे दबी कुचली आधुनिक स्त्री में जागरूकता की भावना ने घर किया और वह अपने पैरों पर स्वयं खड़ी होने के सपने देखने लगी। यानि आर्थिक रूप से स्वतंत्र होने को प्रयत्नशील रहने लगी। 

    स्त्रियों की आर्थिक आजादी के विषय में फ्रांस की सिमोन द बोआर ने कहा भी था कि औरतों की आज़ादी उनके पर्स से शुरू होती है लेकिन स्त्री हमेशा से समाज व परिवार में असमानता की शिकार रही और समानता पाने में ही हमेशा नाकामयाब रही। नमिता सिंह की अनेक कहानियों में स्त्रियों की व्यथा-कथा तो है ही, लेकिन उनके स्त्री–पात्र कमजोर नहीं हैं। वे अपने पक्ष में निर्णय लेने के लिए प्रतिबद्ध हैं जैसे उनकी शुरुआती कहानी ‘एक निर्णय’ की नयिका अपने प्रति अपने हित में कठोर निर्णय लेती है और पितृसत्तात्मक व्यवहार वाले व्यक्ति के साथ न रहने का निर्णय लेती है। 

 


     इसी तरह ‘गणित’ कहानी का नायक घोर स्वार्थी व सांमतवादी प्रकृति का मालिक है, यहां तक कि वह अपनी पत्नी को अपने स्वार्थवश घर के लिए ही लाया है लेकिन इस कहानी की नायिका का बदला हुआ रूप हमारे सामने आता है। इस कहानी का अंत इतना अप्रत्याशित होता है कि पाठक यह कहानी खत्म करते-करते ही आज की स्त्री का नया रूप अपने सामने पाता है। कहानी के अंत में जब रामलाल रोज की तरह अपनी दिनचर्या से निवृत होकर लौटता है तो देखता है कि वह औरत (उसकी पत्नी) जिसे वह अपने स्वार्थवश लाया था, हाथ में चाय का गिलास थामे रोटी डुबो कर खा रही है। यह देखते ही उसका पारा चढ़ जाता है। और उससे रहा नहीं जाता वह कह उठता है-‘हरामजादी----हराम का माल उड़ा रही है।’ लेकिन यहां हमें एक नयी स्त्री के दर्शन होते है कि जब औरत ने देखा रामलाल मोटा डंडा उसकी पीठ पर जमाने के लिए खड़ा है। वह औरत नफरत से उसकी ओर देखते हुए उससे डंडा झपट लेती है और कहती है-‘जबान संभालकर रे! हराम का कुछ नहीं। दिनभर हाड़ तोडती हूं, और यह सब--।’ और वह नीचे कूदकर डंडे को आग के हवाले कर देती है।

       इस तरह इस कहानी में दबी-ढकी स्त्री के बरअक्स अपने अधिकारों के प्रति सचेत स्त्री खड़ी दिखाई देती है। कहानी में पुरूष की सामंतवादी प्रवृति का बहुत ही सटीक चित्रण किया गया है। आज की सचेत स्त्री और साथ ही सामंती मानसिकता की यह अद्भुत कहानी है।

     नमिता सिंह अपनी कहानियों में समकालीन यथार्थ को प्रस्तुत करती व समसामायिक चेतना को अपनी कहानियों का विषय बनाती हैं। इसी कारण इनकी कहानियों में समाज, परिवार और देश का यथार्थ पूरी सच्चाई के साथ सामने आता है। कहानियों में सामाजिक विषमता, वर्ग संघर्ष के प्रति आक्रोश के साथ साथ समाज में व्याप्त भ्रष्टाचार के चित्र आज के यथार्थ को प्रस्तुत करते हैं।
    ‘कर्फ्यू’ कहानी रिक्शाचालक शकूरा के इर्दगिर्द घूमती है। समाज उसे अमानवीय बनाने पर तुला हुआ है और उसकी ईमानदारी ही उसका पीछा नहीं छोड़ती और शहर में दंगें होने पर एक अल्पसंख्यक वर्ग के स्वार्थी व पैसे के लिए बिक जाने वाले अब्दुल्ला पहलवान द्वारा उसे बरगलाने पर भी शकूरा टस से मस नहीं होता। इस पर पहलवान कहता है ‘तू तो गद्दार है शकूरा, इतने मुसलमान भाई मर गए और तू कह रहा है कि हमें क्या मतलब।’ और फिर दोनों की तनतनी में अब्दुल्ला पहलवान ही शकूरा को चाकू से मारकर भाग जाता है। और पुलिस के आने से पहले ही वहां दंगा फैल जाता है।

   

     सांप्रदायिक दंगें किस तरह भडकाए जाते है। पिछले दिनों हुए अख़लाख के केस से हम उबर भी न पाए हैं कि उसके बाद से ही सिलसिलेवार सांप्रदायिक दंगें फैलाए जा रहे हैं। आज समय भी मौन है। ये दंगें समाज में जाति-वर्ण को नहीं देखते फिर दंगें भड़काना ही कुछ तत्वों का मक़सद होता है, असलियत कुछ और होती है बताया कुछ और जाता है। 

   आज मनुष्य, मनुष्य का दुश्मन बना हुआ है। वर्ग वर्ण की राजनीति को हवा देकर भड़काया जाता है। घृणा की राजनीति के द्वारा राजनीतिक हित साधे जाते हैं। सांप्रदायिक घृणा व द्वेष के सटीक उदाहरण इसी तरह अनेक कहानियों में मिलता है। राजनीतिक चेतना और आर्थिक संबंधों में बदलाव के बिना कोई भी सामाजिक परिवर्तन संभव नहीं है। और सामाजिक परिस्थितियों का वस्तुपरक विश्लेषण ही सटीक जीवन दृष्टि प्रदान करता है यही सटीक जीवन दृष्टि नमिता सिंह की चर्चित कहानियों जैसे राजा का चौक, गणित, एक पैर वाला शेर, मूषक, खुले आकाश के नीचे आदि कहानियों में आसानी से देखी जा सकती है। साथ ही नमिता सिंह समाज में व्याप्त असमानता, द्वेष व विसंगतियों के विश्लेषण का बहुत बारीक खांचा प्रस्तुत करती हैं।

      असल में नमिता सिंह की कहानियों का संसार उनके अनुभव से व्याप्त है। ये कहानियां महज लिखने के लिए नहीं लिखी गयी हैं। इन कहानियों में उनके अपने अनुभव मिश्रित हैं। तभी कहानियों में एक अनुभवजन्य प्रवाहमयता बनी रहती है। सांप्रदायिकता, जातिवाद तथा पुरुष की सांमती प्रवृति पर उनकी अनेक कहानियां आधारित हैं। असल में आजादी के समय से अस्तित्व में आयी सांप्रदायिकता, विभाजन के बाद से लगातार बढ़ती चली गई है। और इसी कारण हिन्दू-मुसलमानों के बीच धार्मिक खाईयां और चौड़ी होती चली गई। 
     आजादी के बाद से वर्ग, वर्ण की राजनीति के कारण जनजीवन की असमानता में भीषण परिवर्तन आया चाहे स्त्री-पुरूष के बीच की असमानता हो या एक वर्ग की दूसरे वर्ग के बीच की असमानता। समाज के हर वर्ग वर्ण में असमानता व विद्वेष का साम्राज्य घर करता चला गया। ऐसे समय में इन कहानियों का महत्व और भी बढ़ जाता है जब हम इनकी कहानियों में बिलकुल आज के परिदृश्यों को पाते हैं। 


       
          आज धर्म के नाम पर फैलाई जा रही दहशत ही आज का यथार्थ है। और यही यथार्थ ‘साड़’ नामक कहानी में जस का तस उतर आता है। बुन्देली एक मुस्लिम व्यक्ति है। लोगों के घरों में दूध बेचता है। वह भला व्यक्ति है। और झगड़े-दंगों से कोसो दूर रहना चाहता है। कहानी एक कॉलोनी की है। एक मरखना सांड़ कॉलोनी में घुस आया है। लोग उससे परेशान हैं। दो लोग अपनी जान भी गंवा बैठे हैं। और डा0 साहब के पिता की सांड द्वारा मौत का उनके पोते को बहुत दुख है और बुन्देली व रिजवान आपस में सांड़ को गोली मारने की बात करते हैं लेकिन दिन गुजरते जाते है। अलबत्ता सांड़ को तो पकड़ा नहीं जा सका, एक दिन वही सांड़ बुन्देला को अपने घर के सामने मरा मिलता है। वह हैरान व परेशान है कि इसका इल्ज़ाम अब उसी पर लगने वाला है।
        और अब बुन्देला इतना परेशान हो जाता है कि गांव छोड़ने की सोचने लगता है। उसे लगता है कि वह सांड़ सिर्फ मरा ही नहीं है वह तो और उसकी जिन्दगी में भीतर तक घुस आया है। उसकी पत्नी परेशान इधर-उधर घूम रही है कि अब उसके पति को पुलिस गिरफ्तार कर लेगी। और यहीं कहानी का अंत होता है। कि किस तरह धर्म के नाम पर इंसान का जीवन लघु व महत्वहीन हो रहा है। और धर्म मानवता से बड़ा हो जाता है।

 ‘राजा का चौक’ कहानी संग्रह की कहानी ‘राजा का चौक’ कर प्रकाशन 1982 में हुआ, तब से दुनिया का नक्शा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनेक बार बदल चुका है साथ ही सांप्रदायिकता का रूप किस तरह से उभर कर आया है कि विश्व एक जंग स्थल के रूप में तब्दील हो चुका है। इस संग्रह की कहानियां अपने समय में बेहद चर्चित रही। अपने समय के यथार्थ को प्रस्तुत करती ये कहानियां बिलकुल आज का सच बयान करती हैं। सांप्रदायिकता, जातिवाद, वर्ग-वर्ण की राजनीति, आपसी विद्वेष, जमीन माफियाओं का ताड़व जो धीरे धीरे पूरे विश्व का खोखला कर रहा है। यही सच हमारे सामने इन कहानियों के माध्यम से आता है।
    कहानियों के अनेक दृश्यों में लगता है जैसे वही दृश्य आज हमारे सामने से गुजर रहें हैं। नमिता सिंह ने अपनी अनेक कहानियों जैसे अंगूठी, परतें ममी, बसन्ती काकी, जंगलगाथा, बदली तुम हो सादिया आदि में नारी जीवन को विषम परिस्थितियों में जीवन गुजारने तथा विसंगतियों के साथ रहते हुए भी आज की सामाजिक पारिवारिक जटिलताओं को प्रस्तुत किया है। ये कहानियां ये भी बताती हैं कि हमारे समाज में आज भी नारी के प्रति दृष्टिकोण में बदलाव नहीं आया है।

    आज भी नारी पुरूष की सामंतवादी बर्बरता को सहन करने के लिए अभिशप्त है। लेकिन नमिता सिंह की कहानियों की नायिकाएं कहीं भी किसी भी बिन्दु पर पस्त नहीं होती। वह अपनी परिस्थितियों से बाहर निकलने का प्रयत्न कर अपने निर्णय अपने पक्ष में लेने के का साहस रखती है। स्त्री की इसी सोच से ही स्त्री की दशा में सुधार की संभावना है, वरना पुरूष व समाज तो हमेशा से ही स्त्री को स्त्री ही बनाता आया है। 

     ‘या देवी सर्वभूतेषू’ कहानी की नायिका अपने सामाजिक व पारिवारिक जीवन मूल्य स्वयं स्थापित कर अपने प्रति जिजीविषा रखकर तथा संघर्ष को नई दिशा व सोच प्रदान करती है। रचनाकार के संस्कार तथा संवेदनशीलता पर रचनाकार के परिवेश का गहन प्रभाव रहता है। रचनाकार के परिवेश का असर उसकी रचनाओं में भी उतर कर आता है। शायद इसीलिए साहित्य को समाज का आईना कहा जाता है। 

     नमिता सिंह एक बेहद संवेदनशील लेखिका तथा प्राध्यापिका रहीं हैं, शायद यही कारण है कि परिवेशगत संघर्ष तथा सामाजिक सांप्रदायिकता उनकी रचनाओं के विषय बने। तथा स्वयं एक संवेदनशील स्त्री होने के कारण ही उनके अपने संस्कार ही उनकी कहानियों के पात्रों के रूप में दिखाई देते हैं। वर्तमान की स्त्री का संघर्ष, उसकी असहाय स्थिति, संघर्षशील स्त्रियों का यथार्थपरक जीवन्त चित्रण उनकी नायिकाओं के चरित्र को मजबूत बनाता है। और तभी उनके नारी पात्र अपने हित में फैसले ले पाते हैं। नमिता सिंह के स्त्री पात्र केवल अपने समाजशास्त्रीय दृष्टि से ही महत्वपूर्ण नहीं हैं, बल्कि वे अपनी अस्मिता तथा स्वतंत्रता के मानवीय पहलूओं को अपनी दृष्टि में लेकर चलते हैं।

 
      नमिता सिंह की कहानियों में निम्न व मध्यवर्गीय समाज, परिवार की अंदरूनी समस्याओं को उजागर करते हुए वर्तमान सामाजिक व पारिवारिक व्यवस्था के खोखले चित्र प्रस्तुत करते हैं। आज के युग में पैसे का महत्व सबसे अधिक माना जाता है। आज पैसा ही पारिवारिक व सामाजिक, राजनैतिक जीवन को संचालित कर रहा है। अत: उच्चतर जीवन मूल्यों के क्षरण में पैसे का ही योगदान सर्वाधिक है। राजा का चौक, एक पैर वाला शेर, अंगूठी, एक बेताल कथा और आदि कहानियों में इस व्यवस्था को आसानी से चिन्हित किया जा सकता है। 
     स्वाधीन भारत के बाद से लगातार राजनैतिक दलों का स्वार्थपरक चेहरा किस प्रकार भारतीय जनता से अठखेलियां करता रहा है, जिससे क्षेत्रीयतावाद, वर्ग-वर्ण की राजनीति तथा संप्रदायवाद व जातिवाद को बढ़ावा तो मिलता ही है। देश में लोकतंत्र का चेहरा कितना वीभत्स होता जा रहा है, इन सबका संपूर्ण हाल नमिता सिंह की अनेक कहानियों व उपन्यास ‘लेडीज़ क्लब’ में देख सकते हैं।

     इसी सांप्रदायिकता के कारण आम जनता का रहन-सहन दुर्भर होता जा रहा है। नमिता सिंह अपनी कहानियों व उपन्यासों में इसी सांप्रदायिकता के चहेरे का नाकाब़ हटाती हैं। उन्होंने अपनी कहानियों में मनुष्य मनुष्य के बीच पनप रही असमानता, धार्मिक व राजनीतिक उन्माद का फैलाव व असुरक्षा का माहौल व स्त्री अस्मिता के प्रश्न उठाए हैं। जिनमें कहानी यही नहीं, सरबजीत, क्रासिंग, मूषक, पर्सनल मामला आदि हैं। ‘ठहरा हुआ सबेरा’,’अपने ठिए पर’, ‘खुले आकाश के नीचे’ आदि कहानियों में समकालीन लोकतांत्रिक व्यवस्था के चरमराने पर प्रकाश डालते हुए बताया गया है कि अर्थ आधारित तथा संस्कारहीन राजनीति में सिद्वांतों का कोई महत्व नहीं होता। अर्थ के लिए आज व्यक्ति अपने ही संस्कार तक भी बदलने पर उतारू है। 

    ये कहानियां आज का यथार्थ प्रस्तुत करती हैं। नमिता सिंह की कहानियां परिवार व समाज की संज्ञाशून्यता की कलात्मकता प्रस्तुत करती हैं। ‘नाले पार का आदमी’ नामक कहानी में लेखिका ने दिखाया है कि बुद्विजीवी व राजनीतिज्ञ धन संपदा के समक्ष न केवल बौने हो जाते हैं बल्कि ये ही दोनों वर्ग, निम्नवर्ग के संघर्षों को कमजोर भी करते हैं। नमिता सिंह अपने सभी कहानी संग्रहों की कहानियों में मानवीय मूल्यों व संबधों की तलाश करती मिलती हैं, साथ ही शहरी व ग्रामीण राजनीतिक विसंगातियों के लिए जिम्मेवार षड़यंत्रकारी शक्तियों की पहचान करती चलती हैं

     इस प्रकार हम देखते हैं कि नमिता सिंह जी की कहानियों के विषय समकालीन संदर्भों के अनुसार प्रासंगिक हैं कहानियां पढ़ते हुए ऐसा लगता है कि कहानियों में व्याप्त विषम परिस्थितियां आज के समय में कहीं न कहीं गुजर रहीं हैं। साथ ही कहानियों में व्याप्त संघर्ष, संवेदना को विविध स्तरों पर अभिव्यक्त ये कहानियां वर्तमान सामाजिक, राजनीतिक व्यवस्था गांव व शहरों के राजनीतिक व सामाजिक, पारिवारिक परिवेश, व्यक्ति के भीतर टूटती मानवीय संवेदनाएं, किसान, मजदूर के दिन प्रति दिन बढ़ती परेशानियां तथा सांप्रदायिकता की भयावहता के चित्र सच्चे व प्रत्यक्ष प्रतीत होते हैं। साथ ही उनकी कहानियों में आज के स्त्री विमर्श का हल, स्वयं स्त्री ही निकालती दिखाई देती हैं कि स्त्री को अपनी दशा व दिशा सुधारने के लिए स्वयं ही चेतन होना होगा क्योंकि अब कोई कृष्ण नहीं आने वाला। सो ही नमिता सिंह के स्त्री पात्र स्वयं के पक्ष में खड़े, मजबूत स्त्री पात्र हैं न कि दबी-ढ़की पर्दे के पीछे अपमान सहती स्त्री। 

 अत: नमिता सिंह का कथा साहित्य 21 वीं सदी में एक मजबूत स्त्री की मजबूत छवि प्रस्तुत करता हैं। इनकी कहानियों की स्त्री असमानता न सहकर अपनी अस्मिता को कायाम रखकर अपने निर्णय स्वयं लेने वाली स्त्री को प्रस्तुत करती हैं। और अंत में बकौल नमिता जी ‘आज इक्कीसवीं सदी में भी स्त्री-प्रश्न बरकरार हैं। पुनरुत्थानवादी मानसिकता उपयुक्त राजनीतिक माहौल में फिर पल्लवित होने लगती है। धर्म, संप्रदाय और जाति की राजनीति में जो वातावरण तैयार होता है उसका शिकार भी सर्वाधिक महिलाएं ही होती है।’

  - मनीषा जैन

Wednesday, 3 February 2021

त्रिभंगा फ़िल्म समीक्षा - मनीषा जैन

 

फिल्म – समीक्षा

त्रिभंगा


 त्रिभंगा एक ऐसी फिल्म है जिसकी कहानी समाज से ली गई है और समाज को ही वापस दी गई है। बहुत सारी बातें हम अपने समाज, परिवार व परिवेश से लेते हैं और कुछ बातें हम समाज, परिवार के सदस्यों व परिवेश को देते भी हैं। जब आने वाली नस्लें फिल्म को देखेंगी तो वे नस्लें वे बातें फिल्म से उधार लेकर अपने जीवन में उतारेंगी। कई बार किताबों व फिल्मों में फैंटेसी या यथार्थ होता है वह जीवन से ही लिया जाता है और कई बार यही फैंटेसी या यथार्थ जीवन में सटीक भी बैठता है।

 फिल्म त्रिभंगा की नायिका एक लेखिका है और वह लेखन के प्रति इतनी प्रतिबद्ध है कि वह अपने बच्चों को ही इस संसार में रूलने के लिए छोड़ देती है। लेखन का इतना पागलपन सवार है उस पर लेकिन आज की कैसी भी लेखिका होगी वह इतना तो नहीं ही करेगी। लेकिन ऐसा भी इस संसार में ही होता है। नयिका का प्रेमी उसकी बेटी को मोलेस्ट करता है लेकिन उसे इसका पता ही नहीं चलता(ऐसा बिलकुल नामुमकीन है) फलस्वरूप वह बच्ची भीतर तक इतनी कुंठित हो जाती है कि बड़ी होते-होते उसके भीतर पुरूषों के प्रति इतनी नफ़रत भर जाती है कि वह स्वयं ही पुरूषों के द्वारा दी जाने वाले वाहियात अपशब्द अपना लेती है(जिन पुरूषों के द्वारा तंग हुई है उन्हीं पुरूषों की आदत अपना लेती है) 

         नायिका की बेटी को भी उसकी जिन्दगी में भी पुरूषों की तरफ से कोई सुरक्षा, कोई अपनापन नहीं मिला इसके फलस्वरूप वह भी पुरूषों से घृणा करने लगती है। लेकिन फ़िल्म के अंत में दिखाया है कि यही मानव जीवन की सुंदरता है कि वह गलती करती हुई भी फिर से पुरूष का ही विश्वास प्राप्त कर एक सुंदर जीवन की ओर अग्रसर होती है और उसकी बेटी भी सुंदर जीवन जीने के लिए आगे आती है कि जीवन बदसूरत ही नहीं बहुत सुंदर भी है। व्यक्ति की परिस्थितियां खराब होती हैं व्यक्ति अपनी परिस्थितियोंवश खराब होता है। काजोल का अभिनय दमदार है। रेणुका सहाणे का निर्देशन खुबसूरत है। फ़िल्म के झोल ही इस फ़िल्म के मजबूत स्तंभ भी हैं।

-          लेखिका -  मनीषा जैन