Search This Blog

Monday, 22 February 2021

अधूरी चीजों का देवता -गीत चतुर्वेदी, एक पाठकीय प्रतिक्रिया

 

अधूरी चीजों का देवता - गीत चतुर्वेदी

मनीषा जैन

     गीत चतुर्वेदी की नई किताब ‘अधूरी चीजों का देवता’ हाथ में आते ही जिज्ञासा होती है कि कौन है जो अधूरी चीजों का देवता है? परन्तु इस बात का पता पुस्तक के अंतिम अध्याय में जाकर पता चलता है। सोशल मीडिया पर इस पुस्तक के प्रचार-प्रसार ने इस पुस्तक को खरीदने पर बाध्य किया कि पता तो चले? कि क्या है इस किताब में जो अधूरी चीजें है? यह पुस्तक एक रोचक गद्य, एक सामान्य मनुष्य के दिल की बात, वो बातें जो वह सोचता तो है परन्तु उन्हें शब्द नहीं दे पाता और उन्हीं बातों को शब्द देते हैं गीत चतुर्वेदी जैसे लेखक। 




      ओशो के बाद सबसे रोचक गद्य मैंने गीत की इस पुस्तक का ही पढ़ा। इस तरह का गद्य जिससे पाठक स्वयं को इससे जोड़ लेता है कि यही तो मैं कहना चाहता था या यही तो मेरे भी मन की बात है। गीत की इस पुस्तक में विदेश के अनेक प्रसिद्घ साहित्यकारों के जीवन से संबधित अनेक प्रसंग आते हैं बहुत ही रोचक तरीके से, जो कि गीत के विश्व साहित्य का अध्ययन पाठक के बौद्धिकता को विस्तार देते हैं, उसके ज्ञान को बढ़ाता है। 

   इस पुस्तक के गद्य के बीच-बीच में अनके अध्यायों में विश्व साहित्य के अनेक संदर्भ, भारतीय वांग्मय के अनेक उदाहरण, संदर्भ, लेख के टुकड़े, लेखकों के नाम लेखक की बौद्धिक सतह का परिचय देते हैं। जिससे हिन्दी का पाठक वेहद लाभान्वित होता है। पाठक विश्व साहित्य के साथ-साथ भारतीय साहित्य से भी परिचित होता है। 

    मानव जीवन के अधूरेपन पर गीत ने इतना अच्छे से समझाया है कि फिर पता चलता है कि अधूरी चीजों का देवता कौन है? लेखक लिखता है कि ‘‘कोई भी कहानी जहां खत्म होती है, उसके आगे से एक नई कहानी शुरू की जा सकती है। ऐसा करने से पिछली कहानी अपने आप अधूरी साबित हो जायेगी। सारा खेल इस ‘अ’ में है। ‘अ’ से अधूरा। अ से अपूर्ण।’’(पृष्ठ 134) यानि लेखक के अनुसार हर चीज़ अधूरी है और पाठक जब पढ़ता है तो उसे भी यही बात ठीक प्रतीत होती है। 


ड्राईंग - मनीषा जैन

     ‘जो अनंत है, वह यक़ीनन अपूर्ण है। हर अंक को पूर्ण मानकर भी हम अपूर्णता की ओर ही बढ़ रहें हैं। यह सृष्टि अनंत है, इसलिए अपने आप में अपूर्ण है। पूर्ण होगी तो उसका एक आरम्भ होगा एक अंत होगा।’(पृष्ठ 134) अत: लेखक के अनुसार जिसका आदि और अंत न हो वह अपूर्ण ही होगा। गीत चतुर्वेदी की किताब में ओशो के विचार की सी साम्यता दिखाई देती है। पाठक को यही दार्शनिक संसार की बातें अच्छी लगती हैं। इन्हीं बातों में सत्यता भी लक्षित होती है। साथ ही लेखक की विश्व फिल्मों की जानकारी भी इस पुस्तक को अद्भुत बनाती है। 

     लेखक की यह किताब एक ऐसी गद्य पुस्तक है जो पाठक से आत्मा की, आत्मा के सुकून की बात करती है। सरल भाषा में स्पष्ट दृष्टि के साथ पाठक को संवेदनात्मक बनाती है और ऐसी ही संवेदना की आज की संवेदनहीन होती दुनिया में जरूरत है। लेखक का अध्ययन विस्तृत तो है ही लेकिन लेखक अपने ज्ञान को सिर्फ अपने तक ही सीमित नहीं रखतें उसे पाठक तक पहुंचाते हैं, जिससे पाठक इस नये तरह के साहित्य को पढ़ने व उस विश्व साहित्य को पढ़ने व पढ़ने के लिए ढूंढने के लिए लालायित हो उठता है। 




    इस किताब के अनेक वाक्य कोटेशन बनकर सामने आते हैं क्योंकि लेखक ने कई सुंदर,सटीक, सच्चे वाक्यों को जन्म दिया है। इस विपरीत समय में गीत चतुर्वेदी की यह किताब आज के कठोर होते मर्म पर संवेदनाओं की कीलें ठोंकती हुई सी प्रतीत होती हैं कि मनुष्य को संवेदित रहना ही होगा, नहीं तो दुनिया भर के मनुष्य पत्थर होने पर आमादा हैं। 

    अत: कह सकते हैं कि लेखक इतिहास से वर्तमान और वर्तमान से इतिहास में आवाज़ाही करते हैं। प्राचीन से प्राचीन साहित्यकारों की बातें गीत चतुर्वेदी नये ढ़ग से व्याख्यायित करते हैं। साथ ही भारतीय व विदेशी साहित्य से नायाब़ मोती ढूंढ कर लाते हैं और पाठकों के सामने रोचकता के साथ प्रस्तुत कर देते हैं। इस किताब में कई विधाओं (डायरी, लेख, संस्मरण, संदर्भ) का संगम एक साथ पढ़ने को मिलता है।

  -मनीषा जैन

2 comments:

  1. अब तो और भी उत्सुक हूं पढ़ने के लिए अधूरी चीजों का देवता, गीत हमेशा से ही मेरे पसंदीदा लेखक रहे हैं चाहे गद्य हो या पद्य उनके लेखन का असर हृदय में वहां पर होता है जहां आप अकेले होते हैं, पूर्णतः अकेले,

    ReplyDelete
    Replies
    1. Apki ppratikriya hetu dhanywad

      Delete