Search This Blog

Sunday, 3 July 2022

जैन दर्शन JAIN PHILOPHOPHY

 

    जैन दर्शन के विषय में कुछ महत्वपूर्ण पृष्ठ पुस्तक 'दसलक्षण धर्म' से



जैन दर्शन का मुख्य मंत्र ‘नवकार मंत्र’ है। यह मंत्र किसी व्यक्ति विशेष, परमात्मा, ईश्वर(तीर्थंकर) आदि को नमस्कार नहीं करता बल्कि इस मंत्र में संसार के सभी सिद्ध, अरहन्त, उपाध्याय, आचार्य, साधुओं की वंदना की गई है।

णमो अरिहंताणं, णमो सिद्धाणं, णमो आयरियाणं,

णमो उवझयाणं, णमो लोए सव्वासाहूणं। अर्थात्

हम अरहन्त देव को नमस्कार करते हैं, (जिन्होंने कैवल्यज्ञान प्राप्त कर लिया है, जिन्हें भूतकाल, वर्तमानकाल, भविष्यकाल एवं तीनों लोकों का ज्ञान अर्जित कर लिया है) सिद्धात्माओं को नमस्कार है (जिन जीवात्माओं ने शुद्ध ध्यान में स्थित होते हुए कर्मों के मल को जला डाला है तथा उत्कृष्ट परमात्मा पद को पा लिया है), आचार्यों को नमस्कार है (जिन्होंने अपने दिव्य ज्ञान व आत्मशक्ति द्वारा सिद्धों व अरहन्तों द्वारा बताए धर्म ज्ञान का शास्त्रोपदेश द्वारा लोक के कल्याण में निवृत्त हैं), उपाध्यायों को नमस्कार है(जिन्होंने शास्त्रों तथा धर्म के चिन्तन द्वारा समाज को साधारण भाषा में शास्त्रों का प्रवचन दिया), समस्त साधुओं को नमस्कार है (अंत में तीनों लोकों में विद्यमान साधुओं को नमस्कार है, जो सम्यग्दृष्टि हैं तथा आत्मकल्याण के मार्ग पर अग्रसर हैं, जिनके स्मरण में सिर्फ विश्व का मंगल है)।


  जैन दर्शन में ऐसे पांच परमेष्ठियों अर्हंतदेव, सिद्ध भगवान, आचार्य, उपाध्याय, सर्व साधुओं को नमस्कार किया जाता है। यह नवकार मंत्र सर्व पापों का नाश करने वाला है और सर्व मंगलों में पहला मंगल है। “जैन धर्म में संसार में अनादि माना जाता है। जैन परम्परा के अनुसार अनादि काल से ही उच्च कोटि के महात्मा, जिन्हें जैन धर्म में ‘जिन’ या ‘तीर्थंकर’ कहते हैं, इस धर्म के उपदेश द्वारा जीवों का उद्धार करने के लिए संसार में आते रहें हैं। पिछले युग में 24 तीर्थंकर आए थे, वर्तमान युग में 24 तीर्थंकर आए हैं और भविष्य में भी 24 तीर्थंकर आयेंगे। इस प्रकार तीर्थंकरों इस संसार में आने का सिलसिला चलता रहता है।”


  जैन धर्म का स्वरूप नाथूराम डोंगरीय जैन जी ने इस तरह बताया-“जिस महापुरूष ने रागद्वेष, मोह, काम, क्रोध, मान आदि कर्म शत्रुओं पर पूर्ण विजय प्राप्त कर ली हो और आत्मा को पूर्ण सुखी व अनंत ज्ञान का भंडार बना लिया हो, उसे जिन कहते हैं।”अर्थात् जो संसारिक जीवों के कषाय आदि दीनता को दूर कर वीरता के साथ पूर्ण आत्मस्वाभावी तथा शांति के मार्ग पर ले जाकर परमात्म पद प्राप्त करावे, उसे ही जैन धर्मानुयायी कहते हैं। अर्थात् जो आत्मा को विषय कषायों से बचाकर पवित्र बनाए रखे तथा आत्मा को अनंत चेतन और अनंत आनंदमय स्वरूप में धारण किए रखे उसे ही धर्म कहते हैं। सांसारिक दुखों से छुटकारा पाकर नित्य और अविनाशी सुख-शंति को ही मोक्ष प्राप्त करना कहते हैं। इसलिए जैन परम्परा के अनुसार धर्म को ही मोक्ष प्राप्ति का साधन कहा जाता है।


  जिस प्रकार अनंत आकाश में गुरूत्वाकर्षण की शाक्ति के सहारे ही आकाशमंडल में असंख्य ग्रह व तारे अपने-अपने स्थान पर स्थिर रहते हैं, आपस में टकराते नहीं। उसी प्रकार धर्म का सहारा लेकर सभी जीव अपने-अपने स्वरूप में क़ायम रहकर शान्ति प्राप्त किया करते हैं। जैन धर्म के विषय में कुंदकुंद आचार्य द्वारा रचित शास्त्र ‘प्रवचनसार’ में कहा गया है कि ‘मिथ्यात्व और रागादि में नित्य संसरण करने रूप भाव संसार से प्राणी को उठाकर जो निर्विकार शुद्ध चैतन्य में धारण कर दे, वह धर्म है।’ जैन आचार्य श्री समन्तभद्र स्वामी द्वारा रचित ‘रतनकरण्ड श्रावकाचार’ नामक पुस्तक की दूसरी गाथा में जैन धर्म के लक्षण के विषय में कहा गया है-“जो प्राणियों को संसार के दुख से उठाकर उत्तम सुख में धारण करावें, उसे धर्म कहते हैं।” अर्थात् सच्चे जैन धर्म का पालन करते हुए (रागादि दोषों से रहित) जब जीव सर्वोत्तम सुख मोक्ष प्राप्त कर लेता है, तब लोक और परलोक के सभी सुख स्वयं ही जीव के पास आ जाते हैं। वही सब कर्म नष्ट करने वाला है।


जैन धर्म में दया ही को धर्म का मूल बताया गया है-‘धम्मो दया विशुद्धो’ अर्थात् दया ही धर्म का मूल स्तम्भ है। जैनाचार्यों ने अहिंसा को धर्म का महत्वपूर्ण अंग माना है। किसी ने कहा भी है-‘दया धर्म का मूल है पाप मूल अभिमान’ यानि दया धर्म के मूल में है उसी प्रकार पाप के मूल में अभिमान है। असल में किसी भी धर्म में अहिंसा को स्थान नहीं दिया गया है। अहिंसा का पालन किए बिना धर्म के किसी भी नियम का पालन नहीं हो सकता। धर्म के पालन के लिए विनय(विनम्रता) और निर्लिप्तता(किसी भी वस्तु या गुण में लिप्त न होना) को धारण करना ज़रूरी है, क्योंकि इसका संबंध मान (अंहकार), ममत्व (मेरापन,मैं) के त्याग से है। अत: जब तक जीव अंहकार व मैं का त्याग नहीं करता तब तक वह सच्चे अर्थों में धर्मात्मा नहीं बन सकता। जीव जैन धर्म में बताए गए तीन रतनत्रय का पालन करे। सम्यग्दर्शन, सम्य्रग्ज्ञान, सम्यग्रचारित्र नामक ‘रतनत्रय’ का पालन करे। रत्नत्रयमिह हेतुनिर्वाणस्यैव भवति (पुरूषार्थसिद्धयुपाय) अर्थात् इस लोक में रत्नत्रय रूप धर्म निर्वाण का ही कारण है।


  जैन धर्म के अनुसार सभी मनुष्य सम्यक् दर्शन, ज्ञान, चारित्र की साधना द्वारा अपनी आत्मा का अनुभव प्राप्त परमात्मा बन सकते हैं। इसलिए धर्म को किसी व्यक्ति, जाति या वर्ग की संपत्ति मानना भूल है।”17अत: सम्यक् दृष्टि जीव ही सम्यक दर्शन, ज्ञान, चारित्र का पालनकर सच्चे धर्म का पालन कर सकता है। जैन धर्म का मर्म जीव अपनी आत्मा के मूल स्वरूप को पहचान कर तथा मोह, लोभ, क्षोभ आदि विकारों से रहित होकर ही आत्मस्वरूप का दर्शन कर सकता है।


  जैन धर्म आत्मा के वास्तविक स्वरूप को समझकर आत्मा को समझने पर ज़ोर देता है लेकिन जीव बाह्यस्वरूप में ही उलझा रह जाता है। असल में धर्म का संबंध किसी बाहरी वस्तु से नहीं, किसी संप्रदाय से नहीं बल्कि आन्तरिक साधना द्वारा आत्मशुद्धि के द्वारा आत्मा के स्वरूप की पहचान करना है। लेकिन जीव मन से रागद्वेष, लोभ, मोह, क्रोध, मान, माया आदि के धागों में उलझा रहता है। प्रत्येक मनुष्य का लक्ष्य शाश्वत सुख होता है और यह शाश्वत सुख मोक्ष में ही मिलता है। मोक्ष हेतु आत्म स्वाभावरूप धर्म का आलम्बन आवश्यक है।


  जैन दर्शन में आत्मस्वाभाव को पाने हेतु दस लक्षण बताए गये हैं-उत्तम क्षमा, उत्तम मार्दव, उत्तम आर्जव, उत्तम शौच, उत्तम सत्य, उत्तम संयम, उत्तम तप, उत्तम त्याग, उत्तम आकिंचन, उत्तम ब्रह्मचर्य। ये आत्मा के श्रेष्ठ गुण हैं। जैन धर्म में आत्मशुद्धि या आत्मस्वरुप के ज्ञान का समझने को ही धर्म कहा गया है। कर्मों का नाश कर मोक्ष की प्राप्ति का एकमात्र ज़रिया आत्मज्ञान व आत्मशुद्धि ही है।

- Dr.Manisha Jain

From Book - DUS LAKSHAN DHARM

PUBLISHER - MOTILAL BANARSIDASS

Thursday, 23 June 2022

Why they killed Gandhi उसने गांधी को क्यों मारा

 


गांधी की जरुरत 

 उसने गांधी को क्यों मारा

साज़िश और स्रोतों की पड़ताल

मनीषा जैन

    अशोक कुमार पांडेय ने यह किताब शायद उस वक्त लिखी है जब गांधी जी को पढ़ने की सबसे ज्यादा जरुरत है और जब गांधी की छवि को गलत व धूमिल करने की साजिशें की जा रही हैं और असली देशद्रोहियों को देशभक्त बताया जा रहा है। ऐसे क्रूर समय में इस तरह की पुस्तक का हिंदी समाज के समाने आना एक महत्वपूर्ण व जरुरी कदम तो है ही साथ ही जो गलतफहमियां गांधी के विरोधियों द्वारा उनकी हत्या से लेकर आज तक फैलायी जा रही हैं। वे सब यह किताब पढ़कर दूर हो जानी चाहिए क्योंकि लेखक ने यह किताब पूरे शोध के साथ एक-एक तथ्य का स्पष्टीकरण, विवेचन पूरी ईमानदारी के साथ किया है। पुस्तक की सबसे अच्छी बात, जो लोग गांधी की हत्या में लिप्त थे उनका जीवन परिचय सबसे पहले दिया है जिससे पाठक सबसे पहले उन लोगों को जान सकें कि कौन थे वे लोग और उनका बैकग्राउंड क्या था।

   इस किताब को पढ़ने के बाद जब किसी एक दिन मैं फेसबुक पर स्क्राल कर रही थी तब मेरी निगाह एक ऐसी पोस्ट पर पड़ी जिसमें सावरकर को तथा उनकी पूरी टीम को देशभक्त, राष्ट्रभक्त, क्रांतिकारी, अंग्रेजो का विरोधी, अंग्रेजों को खदेड़ने वाला बताकर महिमामंडित किया गया था। अत: मैं आश्चर्य में अपना माथा थामकर यह सोचने के लिए विवश हो गयी कि इस देश में आज तक भी जो भ्रांतियां फैलायी जा रही हैं उन्हें दूर नहीं किया जा सकता है बल्कि वे और ज्यादा महिमामंडित होकर सबके सामने ही फैलायी जा रही हैं और कोई कुछ भी नहीं कर पा रहा है।  लेकिन सत्य तो सत्य ही रहता है। लेखक ने यह पुस्तक हिन्दी भाषा के पाठको को ऐसा तोहफा दिया है जिसमें दूध का दूध और पानी का पानी हो जाता है। इसके लिए लेखक ने गांधी की मृत्यु से लेकर आज तक की गांधी जी से संबधित अंग्रेजी पुस्तकों को पढ़कर उनसे तथ्य इकट्ठे कर सिलसिलेवार बहुत ही सरल भाषा में सत्य उजागर किया है और अब भी यदि लोग सत्य पर पर्दा डालकर अपनी आंखें मूंद सकते हैं तो किया ही क्या जा सकता है।

   इस पुस्तक को लिखने का ढ़ंग इतना सरल व महत्वपूर्ण है कि पाठक को कहीं भी उलझाव महसूस नहीं होता। पुस्तक के शुरूआत में ही गांधी के हत्यारों का विवरण, उनका परिवारिक चित्रण सरल भाषा में प्रस्तुत किया है। फिर एक के बाद एक तथ्य को लेकर साक्ष्यों के साथ स्पष्टीकरण दिए गये हैं। इस पुस्तक में आज तक गांधी जी को लेकर जो गलतफहमियां फैली हुई है, मसलन गांधी जी ने ही विभाजन के मद्दे कितने करोड़ रूपये पाकिस्तान को दिलवाए, गांधी जी के कारण ही देश विभाजन के कगार पर पहुंचा आदि और भी अनेक गलतफहमियां इस पुस्तक के माध्यम से दूर होती हैं साथ ही सिलसिलेवार तरीके से गोडसे द्वारा गांधी की हत्या की साज़िश के सत्य तथ्य भी आंख से पर्दा उठाने का काम करते हैं, साथ ही उस समय के राजनीतिक परिस्थितियां तथा अंग्रेजो के शोषण के तथ्य भी इस किताब में स्पष्ट होते हैं।

   लेखक ने शोध द्वारा ऐसे उद्धरण प्रस्तुत किए हैं जिन उद्धरणों से हिन्दी भाषा का पाठकगण पहली बार परिचित होता है और गांधी की एक दृढ़निश्चयी वाली छवि प्रस्तुत होती है। इसके लिए पुस्तक के पृष्ट 63 पर अंग्रेज डगलस द्वारा सुनाया किस्सा पढ़ा जा सकता है। गांधी जी हर हिन्दुस्तानी के अधिकारों के पक्ष में हमेशा से थे चाहे वे किसी भी जाति, धर्म, वर्ग, वर्ण के हों। लेखक ने अविभाजित भारत में तैनात अंग्रेज अफसरों की आजादी के बाद प्रकाशित पुस्तकों का अध्ययन करके अनेक उद्धरण द्वारा गांधी की एक साफ छवि प्रस्तुत की है। लुई फिशर अपनी किताब में लिखते हैं कि गांधी कहते हैं-अब यह सिद्ध हो चुका है कि अगर किसी व्यक्ति को समान अवसर दिया जाए तो चाहे वह किसी भी रंग या देश का हो, वह किसी भी अन्य के पूरी तरह से बराबर है। (पेज़ 74) जब 1927 में गांधी यह कहते हैं कि-‘अस्पृश्यता के जीवित रहने की तुलना में मैं हिन्दू धर्म का मर जाना पसंद करूंगा।’ (पेज 76) तो अनुमान लगाया जा सकता है कि अपृश्यता सदियों सदियों से भारत में मौजूद थी और गांधी अपने बल पर इस समस्या से जूझ रहे थे बिना किसी फायदे नुकसान के।

   इस पुस्तक के अध्ययन से सावरकर के विषय में अनेक बाते पता चलती हैं। जिसे वीर सावरकर कहकर महिमामंडित किया जाता है वह अंग्रेजो का आज्ञाकारी व मौकापरस्त था और इस बात का भी पता चलता है कि हिन्दुत्व मान्यता रखने वाले लोगों की मानसिकता शुरू से आज तक क्या रही है। जब सावरकर कहते हैं कि-‘महामहिम की सरकार को अब हिन्दुओं की तरफ मुड़ना चाहिए और उनके सहयोग से काम करना चाहिए, हमारे हित समान हैं, ज़रूरी चीज़ है कि हिन्दुत्व और ग्रेट ब्रिटेन अब मित्र बनें और पुरानी दुश्मनी की अब कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने यहां तक कहा कि हिन्दू महासभा युद्ध के बाद डोमेनियन स्टेट्स को स्वीकार करने के लिए  स्पष्ट वचन देने को तैयार है।’(पेज 90) इससे स्पष्ट है कि सावरकर हिन्दु व ग्रेट ब्रिटेन यानि अंग्रेजों के मित्र बने रहे, उन्होंने देश के साथ गद्दारी की, फिर भी सावरकर को महिमामंडित किया जाता रहा है और तो और आश्चर्य होता है कि शुरू से ही किस तरह संयोजनबद्ध तरीके से गांधी जी की हत्या की योजना न जाने कितनी ही बार बनी, कितनी ही बार उन पर हमले हुए लेकिन संघ के लोग सफल नहीं हो पाए लेकिन कपूर आयोग अपनी एक रिपोर्ट में लिखता है कि ‘पूना में एक ऐसा वैचारिक समूह है जो अतिरेकी रूप से  इस पुस्तक में भारतीय राजनीति के अनेक पहलू व राजनीतिक उठापटक सामने आती है। जैसे गांधी द्वारा हिटलर को पत्र लिखना एक साहसिक कार्य था, जो जब तक किसी भी अन्य नेता ने नहीं किया था। जिन तथ्यों को आम जनता से छुपाया गया था, गांधी जी की हत्या के जिम्मेदार लोगों पर पर्दा डाला गया, उन तथ्यों की जांच-पडताल इस पुस्तक में गंभीरता से की गई है। जिन तथ्यों से आज तक आम जनता अनभिज्ञ थी और है। वहीं अम्बेडकर के विचार गांधी की हत्या के बाद सामने आए, जिनका खुलासा लेखक ने सवाल उठाकर किया है-‘कोएनार्ड अल्सर्ट ने लिखा है कि अम्बेडकर नथूराम के वकील से मिले थे और कहा था कि वह फांसी की जगह आजीवन कारावास करा सकते हैं। लेकिन नथूराम ने मना कर दिया और इस पर अम्बेडकर ने उसकी तारीफ़ की थी।(पृष्ट 166)

साथ ही कांग्रेस द्वारा गोडसे को हत्या की माफ़ी दिलाना जैसे अनेक तथ्य जनता के सामने रखे हैं। तथा अनेक अन्य तथ्य गोडसे व सवारकर को साफ-पाक बताने को लेकर लिखे गये हैं। जिन महीन तथ्यों से आम जनता अनभिज्ञ थी और हैं, क्योंकि गांधी की हत्या के समय के अंग्रेज व अन्य लोगों ने बाद में जो पुस्तकें लिखी, उनमें आए तथ्यों से आम जनता अंधेरे में थी क्योंकि वे पुस्तकें हिन्दी पट्टी के लोगों द्वारा पढ़ी ही नहीं गयी। गांधी जी की हत्या के साक्ष्य का भी लेखक ने खुलासा किया है कि कपूर आयोग की रिपोर्ट में केतकर के बयान में साफ लिखा है-‘विभाजन के खिलाफ़ एक आमसभा के दौरान जुलाई 1947 में नथूराम गोडसे ने कहा-‘गांधी जी कहते हैं कि वह 125 साल जीना चाहते हैं। लेकिन उन्हें हम जीने देंगे तब न।’(पेज 183) इस सत्य को कैसे झुठलाया जा सकता है।

जिन तथ्यों को आम जनता से छुपाया गया तथा गांधी जी की हत्या के जिम्मेदार लोगों पर पर्दा डाला गया, उन तथ्यों की सत्य जांच पड़ताल इस पुस्तक के माध्यम से लेखक ने शोध द्वारा की है, जबकि आज भी सावरकर को निर्दोष साबित करने की चेष्टा चल रही है। तथा सावरकर के मंदिर तक बनाए जा रहे हैं। जो लोग गांधी को विभाजन का कारण मानते हैं इसके विरोध में लेखक लिखते हैं-‘असल में देश के विभाजन के ज़िम्मेदार वो लोग हैं जिन्होंन हिन्दुओं और मुसलमानों के बीच नफ़रत के बीज को विषवृक्ष बनाने में अपनी जिन्दगियां लगा दी। वे लोग एक तरफ़ मुसलमानों को निज़ाम-ए-मुस्तफ़ा का सपना दिखा रहे थे और दूसरी तरफ़ हिन्दुओं को हिन्दू राष्ट्र का।’ (पेज़199) पुस्तक में अनेक उद्धरणों से सावरकर व गोडसे समूह का चरित्र सामने आता है। यह पुस्तक उन्हें जरूर पढ़नी चाहिए जिन्होंने सावरकर के चित्र अपने घरों में लटकाकर उन्हें देशभक्त की पदवी दे रखी है। पुस्तक के अंत के अध्यायों में लेखक ने अनेक सवाल छोड़े हैं जिनका हल या जवाब आज तक भी नहीं मिल पाए हैं। मसलन, ‘देश के बंटवारे के लिए मजबूर करने वाले जिन्ना पर कोई हमला क्यों नहीं किया गया? हिन्दू महासभा के अधिवेशनों में हिन्दु-मुसलमानों को दो राष्ट्र कहने वाले सावरकर की ज़बान क्यों बन्द की कभी? बंगाल में मुस्लिम लीग की सरकार में शामिल श्यामाप्रसाद से कभी क्यों नहीं पूछे सवाल?’(पृष्ट 207) पुस्तक में इस प्रकार एक पूरा पेज सटीक सवालों से भरा है।

और अंत में यह बात ही रह जाती है कि गोडसे पर सावरकर के प्रभाव के कारण ही वह गांधी जी का हत्यारा बना क्योंकि द़िमाग में भरा गया विचारों का ज़हर अपना असर दिखाता ही है। गांधी की हत्याकांड में अनेक स्तरों पर पुलिस की लापरवाही एक मुख्य कारण भी आज तक लागू है। किताब में जहां एक ओर गांधी जी के साथ जुड़े हुए झूठे तथ्यों का विवेचन कर सही तथ्यों को प्रेषित किया गया है, वह भी शोध के आधार पर। साथ ही असली राष्ट्रविरोधियों का पर्दे के पीछे के मंतव्य भी स्पष्ट हो सके हैं। वो मंतव्य जो आज तक भी जारी हैं।

लेखक - मनीषा जैन

पुस्तक – उसने गांधी को क्यों मारा

पुस्तक लेखक – अशोक कुमार पांडे

प्रकाशक – राजकमल प्रकाशन, नई दिल्ली

प्रकाशन वर्ष – तीसरा संस्करण 2020