जैन दर्शन का मुख्य मंत्र ‘नवकार मंत्र’ है। यह मंत्र किसी व्यक्ति विशेष, परमात्मा, ईश्वर(तीर्थंकर) आदि को नमस्कार नहीं करता बल्कि इस मंत्र में संसार के सभी सिद्ध, अरहन्त, उपाध्याय, आचार्य, साधुओं की वंदना की गई है।
णमो अरिहंताणं, णमो सिद्धाणं, णमो आयरियाणं,
णमो उवझयाणं, णमो लोए सव्वासाहूणं। अर्थात्
हम अरहन्त देव को नमस्कार करते हैं, (जिन्होंने कैवल्यज्ञान
प्राप्त कर लिया है, जिन्हें भूतकाल, वर्तमानकाल, भविष्यकाल एवं तीनों लोकों का
ज्ञान अर्जित कर लिया है) सिद्धात्माओं को नमस्कार है (जिन जीवात्माओं ने शुद्ध
ध्यान में स्थित होते हुए कर्मों के मल को जला डाला है तथा उत्कृष्ट परमात्मा पद
को पा लिया है), आचार्यों को नमस्कार है (जिन्होंने अपने दिव्य ज्ञान व आत्मशक्ति
द्वारा सिद्धों व अरहन्तों द्वारा बताए धर्म ज्ञान का शास्त्रोपदेश द्वारा लोक के
कल्याण में निवृत्त हैं), उपाध्यायों को नमस्कार है(जिन्होंने शास्त्रों तथा धर्म
के चिन्तन द्वारा समाज को साधारण भाषा में शास्त्रों का प्रवचन दिया), समस्त
साधुओं को नमस्कार है (अंत में तीनों लोकों में विद्यमान साधुओं को नमस्कार है, जो
सम्यग्दृष्टि हैं तथा आत्मकल्याण के मार्ग पर अग्रसर हैं, जिनके स्मरण में सिर्फ
विश्व का मंगल है)।
जैन दर्शन में ऐसे पांच परमेष्ठियों अर्हंतदेव, सिद्ध भगवान, आचार्य, उपाध्याय, सर्व साधुओं को नमस्कार किया जाता है। यह नवकार मंत्र सर्व पापों का नाश करने वाला है और सर्व मंगलों में पहला मंगल है। “जैन धर्म में संसार में अनादि माना जाता है। जैन परम्परा के अनुसार अनादि काल से ही उच्च कोटि के महात्मा, जिन्हें जैन धर्म में ‘जिन’ या ‘तीर्थंकर’ कहते हैं, इस धर्म के उपदेश द्वारा जीवों का उद्धार करने के लिए संसार में आते रहें हैं। पिछले युग में 24 तीर्थंकर आए थे, वर्तमान युग में 24 तीर्थंकर आए हैं और भविष्य में भी 24 तीर्थंकर आयेंगे। इस प्रकार तीर्थंकरों इस संसार में आने का सिलसिला चलता रहता है।”
जैन
धर्म का स्वरूप नाथूराम डोंगरीय जैन जी ने इस तरह बताया-“जिस महापुरूष ने रागद्वेष, मोह, काम, क्रोध, मान
आदि कर्म शत्रुओं पर पूर्ण विजय प्राप्त कर ली हो और आत्मा को पूर्ण सुखी व अनंत
ज्ञान का भंडार बना लिया हो, उसे जिन कहते हैं।”अर्थात् जो संसारिक
जीवों के कषाय आदि दीनता को दूर कर वीरता के साथ पूर्ण आत्मस्वाभावी तथा शांति के
मार्ग पर ले जाकर परमात्म पद प्राप्त करावे, उसे ही जैन धर्मानुयायी कहते हैं।
अर्थात् जो आत्मा को विषय कषायों से बचाकर पवित्र बनाए रखे तथा आत्मा को अनंत चेतन
और अनंत आनंदमय स्वरूप में धारण किए रखे उसे ही धर्म कहते हैं। सांसारिक दुखों से
छुटकारा पाकर नित्य और अविनाशी सुख-शंति को ही मोक्ष प्राप्त करना कहते हैं। इसलिए
जैन परम्परा के अनुसार धर्म को ही मोक्ष प्राप्ति का साधन कहा जाता है।
जिस
प्रकार अनंत आकाश में गुरूत्वाकर्षण की शाक्ति के सहारे ही आकाशमंडल में असंख्य
ग्रह व तारे अपने-अपने स्थान पर स्थिर रहते हैं, आपस में टकराते नहीं। उसी प्रकार
धर्म का सहारा लेकर सभी जीव अपने-अपने स्वरूप में क़ायम रहकर शान्ति प्राप्त किया
करते हैं। जैन धर्म के विषय में कुंदकुंद आचार्य द्वारा रचित शास्त्र ‘प्रवचनसार’
में कहा गया है कि ‘मिथ्यात्व और रागादि में नित्य संसरण करने रूप भाव संसार से
प्राणी को उठाकर जो निर्विकार शुद्ध चैतन्य में धारण कर दे, वह धर्म है।’ जैन आचार्य
श्री समन्तभद्र स्वामी द्वारा रचित ‘रतनकरण्ड श्रावकाचार’ नामक पुस्तक की
दूसरी गाथा में जैन धर्म के लक्षण के विषय में कहा गया है-“जो प्राणियों को संसार के दुख से उठाकर उत्तम
सुख में धारण करावें, उसे धर्म कहते हैं।” अर्थात् सच्चे जैन
धर्म का पालन करते हुए (रागादि दोषों से रहित) जब जीव सर्वोत्तम सुख मोक्ष प्राप्त
कर लेता है, तब लोक और परलोक के सभी सुख स्वयं ही जीव के पास आ जाते हैं। वही सब
कर्म नष्ट करने वाला है।
जैन धर्म में दया ही को धर्म का मूल बताया गया
है-‘धम्मो दया विशुद्धो’ अर्थात् दया ही धर्म का मूल स्तम्भ है।
जैनाचार्यों ने अहिंसा को धर्म का महत्वपूर्ण अंग माना है। किसी ने कहा भी है-‘दया
धर्म का मूल है पाप मूल अभिमान’ यानि दया धर्म के मूल में है उसी प्रकार पाप
के मूल में अभिमान है। असल में किसी भी धर्म में अहिंसा को स्थान नहीं दिया गया
है। अहिंसा का पालन किए बिना धर्म के किसी भी नियम का पालन नहीं हो सकता। धर्म के
पालन के लिए विनय(विनम्रता) और निर्लिप्तता(किसी भी वस्तु या गुण में लिप्त न
होना) को धारण करना ज़रूरी है, क्योंकि इसका संबंध मान (अंहकार), ममत्व (मेरापन,मैं)
के त्याग से है। अत: जब तक जीव अंहकार व मैं का त्याग नहीं करता तब तक वह सच्चे
अर्थों में धर्मात्मा नहीं बन सकता। जीव जैन धर्म में बताए गए तीन रतनत्रय का पालन
करे। सम्यग्दर्शन, सम्य्रग्ज्ञान, सम्यग्रचारित्र नामक ‘रतनत्रय’ का पालन करे। रत्नत्रयमिह
हेतुनिर्वाणस्यैव भवति (पुरूषार्थसिद्धयुपाय) अर्थात् इस लोक में रत्नत्रय रूप
धर्म निर्वाण का ही कारण है।
जैन
धर्म के अनुसार सभी मनुष्य सम्यक् दर्शन, ज्ञान, चारित्र की साधना द्वारा अपनी
आत्मा का अनुभव प्राप्त परमात्मा बन सकते हैं। इसलिए धर्म को किसी व्यक्ति, जाति
या वर्ग की संपत्ति मानना भूल है।”17अत: सम्यक् दृष्टि जीव ही सम्यक दर्शन, ज्ञान,
चारित्र का पालनकर सच्चे धर्म का पालन कर सकता है। जैन धर्म का मर्म जीव अपनी
आत्मा के मूल स्वरूप को पहचान कर तथा मोह, लोभ, क्षोभ आदि विकारों से रहित होकर ही
आत्मस्वरूप का दर्शन कर सकता है।
जैन
धर्म आत्मा के वास्तविक स्वरूप को समझकर आत्मा को समझने पर ज़ोर देता है लेकिन जीव
बाह्यस्वरूप में ही उलझा रह जाता है। असल में धर्म का संबंध किसी बाहरी वस्तु से
नहीं, किसी संप्रदाय से नहीं बल्कि आन्तरिक साधना द्वारा आत्मशुद्धि के द्वारा
आत्मा के स्वरूप की पहचान करना है। लेकिन जीव मन से रागद्वेष, लोभ, मोह, क्रोध,
मान, माया आदि के धागों में उलझा रहता है। प्रत्येक मनुष्य का लक्ष्य शाश्वत सुख
होता है और यह शाश्वत सुख मोक्ष में ही मिलता है। मोक्ष हेतु आत्म स्वाभावरूप धर्म
का आलम्बन आवश्यक है।
जैन
दर्शन में आत्मस्वाभाव को पाने हेतु दस लक्षण बताए गये हैं-उत्तम क्षमा, उत्तम
मार्दव, उत्तम आर्जव, उत्तम शौच, उत्तम सत्य, उत्तम संयम, उत्तम तप, उत्तम त्याग,
उत्तम आकिंचन, उत्तम ब्रह्मचर्य। ये आत्मा के श्रेष्ठ गुण हैं। जैन धर्म में
आत्मशुद्धि या आत्मस्वरुप के ज्ञान का समझने को ही धर्म कहा गया है। कर्मों का नाश
कर मोक्ष की प्राप्ति का एकमात्र ज़रिया आत्मज्ञान व आत्मशुद्धि ही है।
- Dr.Manisha Jain
From Book - DUS LAKSHAN DHARM
PUBLISHER - MOTILAL BANARSIDASS

No comments:
Post a Comment