Search This Blog

Monday, 28 April 2014

अज्ञेय की माैन असाध्य वीणा




अज्ञेय जी के जन्म शताब्दी वर्ष  2011 में यह अालेख लिखा था । लखनउ से प्रकाशित पत्रिका साहित्य भारती में प्रकाशित हुअा था। 

अज्ञेयजी ने जिस अनुशासन के साथ कविताऐं लिखी पढ़ते समय भी वही अनुशासन की मांग करती हैं। उनकी कविताऐं मौन अभिव्यक्ति देती हैं तथा पाठक को भी मौन हो कर ही आत्मसात् करनी चाहिए। अज्ञेय की कविताऐं मन के   भीतर दलने व गुनने, मथने की जरूरत है तभी वे एक सार्थक सत्य उजागर करती हैं। वे लिखते हैं-

‘मैं सोते के साथ बहता हूं
पक्षी के साथ गाता हूं
वृक्षों की कोंपलों के साथ थरथराता हूं
और उसी अदृश्य क्रम में
भीतर ही भीतर
नए प्राण पाता हूं।

वे प्रकृति से जीवन पाते हैं और वह जीवन अमूर्त होता है। अमूर्त सत्ता ही सत्य है। मौन में ही अमूर्त सत्य छिपा होता है। मूर्त जगत का असत्य, झूठ, फरेब, दग्ध वासनायें उसी सत्य में लीन होकर अपनी असत्यता को प्राप्त करती हैं क्यों कि बाह्य जगत के दुर्गुणों को व्यक्ति अपने अंर्तमन में ही उनका प्रक्षालन कर सत्य को प्राप्त होता है। अज्ञेय जी आधुनिक बोध के कवि है। अज्ञेय व्यक्तित्व की स्वतंत्रता का बोध अपनी कविताओं में कराते हें। वे सत्य के अन्वेषी हैं। अज्ञेय स्वंय सत्य की नई खोज करते हैं उनके सत्य के अन्वेषण का अभिप्राय स्वाधीन चेतना के अनुभव से है उनकी कविता ‘घर कुटीर का छोटा सा दिया’ तथा ‘छोटी सी ज्योति’ से तात्पर्य स्वाधीनता की चेतना व व्यक्तित्व की खोज से है अज्ञेय जी की सत्य की खोज व्यक्तित्व की खोज है। लेकिन अज्ञेय जी व्यक्तिकता के साथ-साथ सामाजिकता पर भी जोर देते हैं-

 ‘यह दीप अकेला स्नेहभरा है  
 गर्व भरा मदमाता
इसको भी पंक्ति को दे दो’

अज्ञेय अपनी कविताओं में व उनके विषय में, उनके शब्दों में एक आधुनिक कवि हैं उनके काव्य में व्यक्तित्व की पहचान के साथ-साथ व्यक्ति के सामाजिक होने का भी आग्रह है। वे नयी अवधारणों, मूल्यों, विचारों के कवि है उनकी कविताओं में व्यक्ति को जीवन शक्ति स्वंय को शक्तिशाली समझने से प्राप्त होती हे वे औसत मूल्यों को निजी वयक्तित्व के र्स्पश से नया मूल्य देते हैं। व्यक्ति समाज में रह कर ही प्रेम, विषाद, मृत्यु का अनुभव कर सकता है। जिस प्रकार अरस्तू ने कहा-‘ मनुष्य एक सामाजिक प्राणी है।’ समाज में रह कर ही व्यक्ति का समुचित विकास होता है और वही सामाजिक विषय अज्ञेय की कविता को नयी शक्ति प्रदान करते हैं वे लिखते हैं-

 ‘मैं आस्था हूुं
तो मैं निरन्तर उठते रहने की शक्ति हूँ
मैं व्यथा हूं
तो मैं मुक्ति का श्वास हूं।

 और यही मुक्ति का श्वास व्यक्ति को जीवन प्रदान करता है। अज्ञेय ने अपने निजी अनुभव से कविता में नए प्रयोग किए। अज्ञेय कविता को सबसे पहले शब्द मानते हैं। वे सत्य को अन्वेषण का विषय मानते हैं। वे मानते हैं कि शब्द व सत्य एक दूसरे के अनुरूप होकर नहीं परस्पर टकराकर नया काव्यत्व प्राप्त करते हैं। अज्ञेय का बल प्रयोगशीलता पर इसलिए है क्यों कि कविता बार-बार नया अर्थ व नया रूप प्राप्त करती है  क्यों कि हर व्यक्ति हर कविता में नए रूप व नए अर्थ देखता हैे इसलिए कविता हमेशा प्रयोगवादी रहती है। वे लिखते हैं-

‘‘हम निहारते रूप,
हांफ रही है मछली
 रूप तृषा भी
( और कांच के पीछे)
है जिजीविषा।’’

अज्ञेय की कविता ‘‘कितनी नावों में कितनी बार’’ में उन्होनें उसी सत्य को खोजने के लिए कितनी बार जीवन रूपी नाव में यात्रा की है नाव का डगमगाना मानों विचारों का डगमगाना तथा इसी डगमगाहट में कवि उस सत्य रूपी छोटी सी ज्योति को प्राप्त करना चाहता हेै जो हर मनुष्य में विद्यमान होती है तथा हर व्यक्ति के भीतर जलती हुयी छोटी सी ज्योति ही उसे मोक्ष का मार्ग यानि सत्य का मार्ग दिखलाती है। अज्ञेय जी ने कितने सरल शब्दों में कितनी गहरी तत्व दर्शन की बात कितनी सहजता से कह दी।

अज्ञेय ने लम्बी कविता ‘असाध्य वीणा’ में तत्व दर्शन की गहरी खोज की है, कविता में अहं का विस्मरण कर ही मानव मानवता के उच्च शिखर को प्राप्त कर सकता है। अज्ञेय जी का व्यक्ति चिंतन ,भारत के विभिन्न धार्मिक संप्रदायों की तत्व संबधी अवधारणाओं के सार को अपने मनोनुकूल ढाल कर एक नया दर्शन खड़ा करता है।

जिस तरह रचनात्मक कर्म संपूर्ण सर्मपण की मांग करता है उसी सर्मपण भाव के द्वारा ही असाध्य समझी जाने वाली वीणा को कविता का नायक केशकम्बली बजाने में समर्थ हो सका। असाध्य वीणा ब्रज कीर्ति द्वारा निर्मित एक ऐसी वीणा है। जिसे कोई कलाकार नहीं साध पाता है राजा के निमंत्रण पर एक बार प्रियवंद केशकम्बली नामक एक साधक उस वीणा को साधने का प्रयत्न करता है अज्ञेय ने वीणा साधने की प्रक्रिया को बड़ी गहराई से साधा है। कविता यहां मिथकीय वातावरण बनाती है। लेखक मिथक के द्वारा ही इतिहास को वर्तमान में लाकर प्रासागिंक बनाता है तथा उसी में भविष्य की रोशनी भी देखता है।

 कवि ने ‘असाध्य वीणा’ में सर्जनात्मक रहस्य को समझाने का प्रयत्न किया है। संपूर्ण सर्मपण के क्षणों में श्रेष्ठ रचना संभव होती है और साधक सब कुछ भूलकर जीवन रूपी वीणा को साधता है उसी प्रकार लोक में मनुष्य को अपने जीवन को साधना पड़ता है और साधना के एक चरम बिन्दू पर व्यक्तिगत अहं का विस्मरण कर साधक आत्मा के साथ एक लय हो जाता है तभी रचना (जीवन) में एक चमत्कार उत्पन्न होता है। स्वंय को शोधना आत्मालोचना करने जैसा है बिना आत्मालोचना व सर्मपण के सर्जनात्मक श्रेष्ठता प्राप्त नहीं होती। अतः स्वंय को भूलकर ही प्रियवंद को स्वर सिद्धि मिली तथा उसके स्वर सधते ही सभा में उपस्थ्ति सभी व्यक्तियों ने अपना-अपना सत्य पाया तथा स्वर के सिद्ध होने पर सभी को एक ही समय में अनेक व्यक्तियों को समझ में आ गई। कविता में अज्ञेय जी ने कहा-

‘‘डूब गए सब एक साथ
सब अलग-अलग एकाकी पार तिरे
राजा ने अलग सुना....
रानी ने अलग सुना...
सबने अलग-अलग संगीत सुना...।’’

यह रचना उसी तरह के तत्व का दर्शन कराती है जिस प्रकार जैन धर्म के तीर्थंकरों को जब केवल ज्ञान की प्राप्ति हेाती है तब उस समय तीर्थंकरों के चारों ओर एक समोशरण निर्मित होता है उसमें देवता, मनुष्य, पशु, पक्षी सभी उपस्थित होकर तीर्थंकर की वाणी अपनी-अपनी बोली, भाषा में सुनते हैं। इसी तरह जब प्रियवदं की वीणा सधी तो उस वीणा की झंकृति से राजा, रानी, किसान, मजदूर, सेठ, साहूकार, रंक सभी समान रूप से आहृलादित हुए। इस प्रकार सर्मपण, शून्य, मौन का महत्व इस कविता में प्रस्फुटित हुआ है और इसी महामौन को मोझ की अवस्था कहते हैं। इस तरह अज्ञेय जी की कविताओं में मौन का महत्व मुखरित हुआ है।

‘‘हरी घास पर क्षण भर’’ कविता में अज्ञेय जी की व्यक्ति चेतना निरन्तर एक दर्शन के रूप में संघनित होते हुए दिखाई देती है यह एक प्रकृति बोध की कविता है। अज्ञेय की कविताओं में प्रकृति का रंग मानव के रंग में रचा बसा है। प्रकृति के प्रति मानवीय होने की आकांक्षा कवि के हृदय में है। वह प्रकृति की तरह सहज जीवन बिताने पर जोर देते हैं बनावटीपन, औपचारिकता ने मानव के जीवन को कृत्रिम बना दिया है कवि इस कृत्रिमता को जीवन से हटाने के पक्षधर हैं वे मानव को प्रकृति की तरह सहज व सौम्य होने का न्यौता देते हैं।
अज्ञेय जी आधुनिक बोध, संवेदना, प्रकृति, आत्मदान, सौंदर्य, मृत्यु, मौन, सत्य के कवि हैं। अज्ञेय की कविताओं में एक क्षण ही शाश्वत समय की धारा है उस क्षण के चरम बिन्दू पर ही भूत, वर्तमान व भविष्य सभी एकमेव हो जाते हैं-

‘‘एक क्षणः क्षण में प्रवाहमय
व्याप्त संपूर्णता
एक क्षण होने का
अस्तित्व का अजस्र अद्धितीय क्षण
होने ंके सत्य का
सत्य के साक्षात का
साक्षात के क्षण का
क्षण के अखण्ड पारावार का
आज हम आचमन करते हैं।’’

 अज्ञेय जी का क्षण बोध ही वर्तमान में आस्था का दीप जलाता है।

अज्ञेय की कविताओं के अर्थ गहन अध्ययन की मांग करते हैं उनके विषय कविताओं में ही छिपे होते हैं। तार सप्तक के दूसरे संस्करण में अज्ञेय जी ने लिखा-‘कविता सबसे पहले शब्द है और अंत में भी यही बात बच जाती है कि काव्य शब्द है......। ध्वनि, छंद, लय आदि सभी प्रश्न इसी में से निकलते हैं और इसी में विलय होते हैं।’’
उनकी काव्य भाषा में गज़ब की विभिन्नता है उनके काव्य बिबं, काव्य प्रतीक, मिथक, उपमान सभी अद्भुत होते हैं उन्होनें लिखा-

‘‘तुम्हारी देह
 मुझको कनक चम्पे की कली है
दूर से ही
स्मरण में भी गंध देती है।’’
                                                      चित्र :  मनीषा जैन


अज्ञेय की सबसे बड़ी विशेषता इनका मौन का प्रयोग हैं। कहा जाता है कि मौन में एक बड़ी शक्ति छुपी होती है। इनकी कविताओं के मौन में बड़ी अभिव्यक्ति छुपी रहती है ‘पहले मैं सन्नाटा बुनता हूं।’ शीर्षक कविता संग्रह में अज्ञेय ने मौन के सफल प्रयोग किए। अज्ञेय जी यात्राओं के कारण एक स्थान पर स्थिर न रह कर भी निरन्तर साहित्य साधना करते रहे तथा साहित्य की सभी विधाओं में रचनायें कर हिन्दी साहित्य को समृ़द्ध किया।
 काव्य, उपन्यास, कहानी संग्रह, गीति नाट्य, निबंध संग्रह, यात्रा वृतान्त, अनुवाद आदि सभी विषयों में इन्होनें अपनी लेखनी चलाई। यात्रा वृतान्त ‘‘अरे यायावर रहेगा याद’’ विशेष रूप से प्रसिद्ध रही तथा उपन्यास ‘‘शेखरः एक जीवनी’’ को विशेष प्रसिद्धि मिली। हिन्दी में सर्वाधिक रचनाओ का श्रेय इन्हें प्राप्त है। इन्होनें कविता को नए शब्द नए अर्थ दिए।
आज की समकालीन कविता व जीवन में अज्ञेय की प्रासांगिकता निरन्तर बनी हुयी है तथा आज के वैज्ञानिक युग में अज्ञेय की उदार व सम्यक् दृष्टि राष्टीयता से ऊपर उठकर अर्न्तराष्ट्रीय संवेदना को जागृत करती है।


मनीषा जैन
13अप्रेल 2013



Monday, 21 April 2014

काव्य संग्रह "कायांतरण" पर मनीषा जैन का समीक्षा अालेख

जितेन्द्र श्रीवास्तव के काव्य संग्रह "कायांतरण" पर मनीषा जैन की समीक्षा   
                      

सुपरिचित युवा कवि व अालाेचक जितेन्द्र श्रीवास्तव साहित्य जगत में एक जाना पहचाना नाम है। अभी अभी इनका नया काव्य संग्रह "कायांतरण" प्रकाशित हाे कर अाया हैै। इसकी समीक्षा की है मनीषा जैन ने। ताे
अाइए पढ़ते हैं यह समीक्षा।

मनीषा जैन
 कायांतरण से अागे अात्मांतरण की कविताएं


कविता का स्वभाव जहां सरल, कोमल व शांत होता है वहीं वह जीवन के यथार्थ भावों का सहज उच्छलन होता है। कविता के द्वारा ही कवि की जीवन-दृष्टि, सामाजिक सरोकार, लोक के प्रति समर्पण जैसे भावों के दर्शन होते हैं। यही समाज में कवि का स्थान नियुक्त करते हैं तथा मनुष्यता का बोध कराते हैं। सुचर्चित युवा कवि-आलोचक जितेन्द्र श्रीवास्तव की कविताएं भी आज के समय में मनुष्यता को व्यक्त करती हैं। आज की ‘दो मिनट नूडल्स वाली दुनिया’ में ये कविताएं जीवन में स्थिरता व सकारात्मकता प्रदान करती हैं।
जितेन्द्र श्रीवास्तव की नई कविताओं का संग्रह ‘कायांतरण’ बिल्कुल नए भाव-बोध, नए बिम्ब लेकर आया हैं। ये कविताएं किसी परिपाटी के सांचे में नहीं, बल्कि बिल्कुल प्राकृत रूप से रची गई हैं तथा समाज को नया विस्तार व विकास देती हैं। इन कविताओं में जीवनानुभव का विशाल धरातल है तथा जीवन की अनपेक्षित स्थितियों को बड़े सहज शब्दों में व्यक्त किया गया है। इस संग्रह की कविताओं में जीवन की सच्चाईयों की परछाईं सर्वत्र विद्यमान हैं। इसलिए कबीर की कविता की तरह ‘‘तू कहता कागद की लेखी, मैं कहता आंखिन की देखी’’ की सच्ची आंच ही इन कविताओं में दहकती है तथा पाठक को अपने मन की-सी बात ही लगती है जो कि एक कवि की सार्थकता होती है।
इस संग्रह की कविताओं की अनुभूति घर-परिवार, गांव से निकल कर शहर तथा शहर से फिर घर परिवार और जे.एन.यू में विस्तार पाती है जिसमें कवि की व्यक्तिगत अनुभूति को महसूस करने का आनंद प्राप्त होता है; क्योंकि कवि की वैश्विक दृष्टि व सफलता की भूमि वहीं से तैयार हुई थी जिसकी अनुभूतियां आज भी कवि के अन्तस्तल में व्याप्त हैं-

‘‘मेरे यहां बीते बरस
मेरी धमनियों में संचरित होते हैं रक्त की तरह
यकीन न आए तो पिन चुभा कर देख लीजिए।’’ (पृ0110)

यह संग्रह कवि के पिछले संग्रहों ‘‘इन दिनों हालचाल’’, ‘‘अनभै कथा’’, ‘‘असुन्दर सुन्दर’’ और ‘‘बिलकुल तुम्हारी तरह’’ की अपेक्षा नयापन लिए हुए व जीवन के विस्तार व काया के आत्मा में लीन होने की उच्चता लिए हुए है। यहां काया का आत्मा की ओर मुखरित होना ही नहीं, अपितु आत्मा के सामाजिक व पारिवारिक दायरे का फैलाव भी है। इस वैश्वीकरण के दौर में भी कवि अपने भीतर संवेदना की एक लौ जलाये रखता है जो सामाजिकता की ओर संकेत है। यही संवेदना कवि ने ‘‘खबर’’ नामक कविता में उठाई है। एक मजदूर की विडम्बना कवि को भीतर तक संवेदित कर जाती है-

‘‘वह एक अदना-सा मजदूर
खींचता था ठेला
बंाधकर पीठ पर बोरियां कोशिश करता था हंसने की
ज्यादा उम्मीद यह है कि उस मामूली आदमी के लिए
जगह ही न अखबारों में
समय ही न हो समाचार चैनलों के पास’’ (पृ0 32,33)

इस संग्रह की कविताओं में आज के समय को ‘‘पीपल के पत्तों सा झरता हुआ’’ व ‘‘काठ की तरह बेजान’’ बताने के बावजूद सभी कविताओं में रिश्तों के पानीदार होने की संभावना व उम्मीद की रोशनी दिखाई देती है। आज जब वक्त कठिन होता जा रहा है, व्यक्ति के पास व्यक्ति के लिए समय ही नहीं है, तब भी वे इस बेरूखे समय में कहते हैं-

‘‘और हां-
अबकी मिलना तो
आंखों में आंखें डाल कर मिलना
सचमुच/धधाकर मिलना’’ ( पृ0 15)

जितेन्द्र अपने समय के शायद ऐसे अकेले कवि होगें जिनमें जीवन के अनुभव की गहराई, रिश्तों को समझने की समझ, भाषा की सुगढ़ता सभी विस्तार पाते हैं तथा कविता आत्मा के अन्तरतम् बिन्दु तक पहुंच कर सुख का अनुभव कराती है। कहने की आवश्यकता नहीं कि कविता का उद्देश्य ही होता है सुख का अहसास कराना। एक कविता में वे कहते हैं-

 उजाला पसरता है इस तरह
कि उतर जाएगा जैसे
आत्मा की भीतरी चादर में (पृ0 115)

इस तरह के बिम्ब पाठक को सुख की अनुभूति कराते हैं लेकिन इस तरह की कविताओं को ध्यान से पढ़कर आत्मा में उतारने की जरूरत होती है। इस तरह की कविताओं को पढ़ना जैसे मनुष्यता को पढ़ना व लू जैसे समय में बारिश के छीटों को महसूस करने जैसा होता है। ये कविताएं थाहकर लिखी गई हैं। इनमें कोई जल्दबाजी नहीं है।

हमारे वास्तविक जीवन में स्मृतियां एक अहम् भूमिका निभाती हैं। स्मृतियां ही हमारे उथल-पुथल भरे जीवन को ठंडी छांव सी देती हैं। इसलिए कविताओं में स्मृतियां बार-बार उभर कर पुनः जीवन प्राप्त करती हैं। वे कहते हैं-

अब बाबूजी की बातें हैं, बाबूजी नहीं
उनका समय बीत गया
पर बीत कर भी नहीं बीते वे
जब भी चोटिल होता हूं थकने लगता हूं
जाने कहां से पहुंचती है खबर उन तक
झटपट आ जाते हैं सिरहाने मेरे। ( पृ0 53)

और

स्मृतियां सूने पड़े घरों की तरह होती हैं
लगता है जैसे/बीत गया सब कुछ
पर बीतता नहीं है कुछ भी ( पृ0 61)

जैसा कि पीछे कहा गया है, इन कविताओं में परिवार व समाज प्रमुखता से मुखरित होते हैं। ये कविताएं इतनी मनुष्यता लिए हुए हैं कि जन-जन व आम जन तक पहुंचाया जाना चाहिए।

जितेन्द्र की वास्तविक चिन्ता मनुष्यता, समाज, घर परिवार और वर्तमान से जुड़ने की चाह है; क्योंकि इसी जुड़ाव से मनुष्य का जीवन विस्तार व उष्मा पाता है। आज के बाजारवाद की दुनिया में रहने के बाबजूद कविताओं में मनुष्यता का विवेक ज्यों का त्यों है-

‘‘जीतने के प्रतिमान बदल भी सकते हैं
कभी बदल सकते हैं चलने के भी मेयार
इसलिए किसी सच को मान लेना स्थायी सच
समय की नदी में नहाने से बचने का मार्ग तलाशना है।’’

इन कविताओं में समय की काली नदी से बचने का आग्रह है व मनुष्यता का दम भरने का साहस है। ये जीवन के प्रश्नों को हल करने का माद्दा भी रखती हैं। संग्रह में सरकार की नजर, कायांतरण, अपनों के मन का, नमकहराम, बिजली की तरह गिरता हुआ, शहर का छूटना व अन्य कविताएं निरंतर विकास की ओर मुख किए रहती हैं। कुछ कविताएं वैयक्तिता से होकर सामाजिकता के बीच जाकर समाज की हर गतिविधि को अपनी नज़र से देखती हैं।

जहां स्त्री विमर्श पर आज ढ़ेरों कविताएं लिखी जा रहीं हैं वहीं इस काव्य संग्रह की स्त्री विषयक कविताएं स्त्री विमर्श को नया आयाम देती हैं। स्त्री जीवन से जुड़ी कविताओं को पढ़ते हुए एक क्षण के लिए भी नहीं लगता कि ये कविताएं किसी पुरूष द्वारा लिखी गई हैं। इस अर्थ में ये ‘आत्मान्तरण’ की कविताएं हैं। संग्रह की कविताओं में परंपरा से घिरी स्त्री को बाहर निकालने का प्रयास है-
‘‘स्त्रियां अनादिकाल से पी रही हैं अपना खारापन
बदल रही हैं
आंखों के नमक को चेहरे के नमक में’’ (पृ011)

और

‘‘जिसे उसकी राय जाने बिना
बांध दिया गया अनजान खूंटे से
तुम्हारी गलतियों ने
लहुलुहान कर दिया है उनका जीवन’’ (पृ044-45)
चित्र    मनीषा जैन


भारत में पति के अस्तित्व से पहचानी जाने वाली स्त्रियां जीवन के अर्थ को सिंदूर में देखती हैं व भय में जीवन गुजार देती हैं- 

‘‘अब विश्वास हो गया है मुझे
कि सिंदूर भय है स्त्री का
जो डर अनादिकाल से/घुला हुआ है
रक्त-मज्जा-विवेक में/वह कैसे निकलेगा
मीठी-मीठी बातों
और छोटे-छोटे स्वार्थों से। (पृ0 77)

इस प्रकार इस कविता संग्रह की कविताएं जीवन के फलक को अपने में समेटे हुए उन्हें विस्तार देने के साथ ही संवेदना के फलक को चौड़ा करती हैं। सहज भाषा व बिंब इन कविताओं को असामान्य व अनुपम बनाते हैं। कविताओं में पठनीयता, सहजता व संप्रेषणीयता है। भूमंडलीकरण की इस आंधी में मानुष राग, नया विहान, रक्त में खुशी, अपनों के मन की पुकार, केन की उदासी आदि कविताएं जीवन और समाज को हमारे सम्मुख लाती हैं। इन कविताओं की विषय-वस्तु व अभिव्यक्ति की निजता ही इन्हें बिल्कुल भारतीय संदर्भ प्रदान करती हैं।

समीक्षा लेखिका-  मनीषा जैन
e mail-- 22manishajain@gmail.com


पुस्तक-  कायातंरण 
कवि -  जितेन्द्र श्रीवास्तव
प्रकाशक-   किताबघर प्रकाशन
प्रथम संस्करण -  2012
मूल्य-    एक सौ अस्सी रूपये



Friday, 18 April 2014

मनीषा जैन के काव्य संग्रह "राेज गूंथती हूं पहाड़" पर प्राे0 बली सिहं की समीक्षा


2013 में मेरा काव्य संग्रह "राेज गूंथती हूं पहाड़" प्रकाशित हुअा। इसी काव्य संग्रह की समीक्षा प्रस्तुत है।

इस काव्य संग्रह की अधिकतर कविताएं स्त्रियाें  की भावनाअाें काे  अभिव्यक्त करती हैं। इस लिए ये कविताएं सभी स्त्रीयाें के मन की कविताएं है। इस काव्य संग्रह की समीक्षा प्राेफेसर बली सिहं जी ने की हैै। ताे अाइए  पढ़ते है यह समीक्षा।

स्त्री केंद्रित साैंदर्य बाेध

बली सिहं



आज हम जिस दौर में जी रहें हैं, वह वास्तव में संक्रमण का दौर हैै। ऐसे समय में बहुत सारी चीजें  एक साथ घटित होती हैं। अनेक अस्मिताएं उभरती हैं तो कई ख़त्म भी होती हैं। यह लोकरूपों के ख़त्म होते जाने का दौर है। एक तरफ़ विकास है जो कि हमारे समय का एक नया आख्यान है, तो दूसरी ओर बड़े पैमाने पर विस्थापन घटित हो रहा है। मनुष्य ही नहीं वरन् प्रकृति के अनेक रूप यानी पशु-पक्षी, पेड़-पौधे, नदी-नाले और पहाड़ भी विस्थापन  की प्रक्रिया से गुज़र रहे हैं। यही नहीं, इस दौर में तमाम चीज़ों पर, चाहे पहले की हों या अब की, पुनरावलोकन किया जा रहा है, संबधों पर नये सिरे से सोचा जा रहा है। निजी इच्छाओं-आकांक्षाओं यानी व्यक्ति अस्मिता की अन्य अस्मिताओं के साथ संबंध की एक विशिष्ट समस्या हमारे समाज में पैदा हो रही है निजता और सार्वभौमिकता के संबंध-संतुलन की समस्या। यह स्थिति ऐसी है कि हमें कहीं-न-कहीं भटकाव की ओर भी ले जा रही है। हमें किसी भी एक सुनिश्चित निर्णय पर पंहुचने ही नहीं दे रही है। किसे सही मानें और किसे ग़लत? ऐसे माहौल में जिस तरह का मनोलोक निर्मित हो रहा है, मनीषा जैन की कविताएं उसको अभिव्यक्त करती हैं। अभी तक उनका एक ही काव्य-संग्रह प्रकाश में आया है, रोज़ गूंथती हूं पहाड़।
मनीषा जैन के सौंदर्यबोध में स्त्री केंद्र में है। वे अपने ही ढ़ग से स्त्री-जीवन को समझने और उसे व्यक्त करने की कोशिश करती हैं। उनकी काव्य-स्त्री पूरी सृष्टि में घुली-मिली है, एक तरह से वह उसका पर्याय  है। वे जब नदी को देखती हैं तो नदी उनमें समा जाती हैः

‘‘धीरे-धीरे
नदी की अंतर्गुफाएं
खुलने लगीं मुझमें
और नदी की
सहनशीलता
भरने लगी मुझमें
और फिर
एक नदी सी
बहने लगी मुझमें’’। 

मनीषा एक ऐसी कवयित्री हैं जो कला के तामझाम में नहीं पड़तीं। वे कोई दूर की कौड़ी नहीं लातीं बल्कि अपने आसपास के रूपों को ही कला बना लेती हैं और सीधे बातचीत के ढ़ग में अपनी बात रखती हैं। यहां नदी का अंतर्गुफाएं उसका अल्हड़पन है जो उसके अंदर अधिक रहता है, बाहर से वह समगति से चलती-फिरती या गतिशील नज़र आती है, इसलिए सहनशीलता उसका गुण है, वह कभी-कभार ही प्रकटतः उद्वेलित-आंदोलित दिखती है, कभी-कभार ही कंगूरे (किनारे) काटती है वरना तो एक लय में जीवन जीती रहती है भीतर ही भीतर आंदोलित-उद्वेलित होती हुई। यहां नदी स्त्री में समा जाती है और वह नदी का रूप ले लेती है।

एक अन्य कविता में लोक के तमाम रूपों में समायी हुई है। यहां वह एक मां है। उसकी याद ग्रामीण रूपों की लोक के छूटे हुए रूपों की याद ताज़ा करती है जो कि इन दिनों बहुत तेज़ी से ख़त्म भी हो रहे हैं। अब गांव में भी बच्चों के खेल बदल गये हैं। वे अब पेड़ों पर चढ़ पकड़म-पकड़ायी नहीं खेलते, वीडियो गेम में अब उनकी रूचि अधिक है, पेड़ों पर झूलने का भी अब यही हाल है। ये लोक रूप अब सिर्फ यादें बनकर रह गये हैं जो कि मां की याद में घुले-मिले हैं। एक मां के रूप में स्त्री का लोक के रूपों से, लोक के तमाम प्राणियों यानी पशु पक्षी इत्यादि, और लोक के रीति रिवाजों से बहुत गहरा संबंध रहा है और गांवों में आज भी है, इसलिए जब मां की याद आती है तो लोक के कई रूप याद आते हैं, उल्टे उन्हीं से मां की याद आती है। मां ने जैसे अपने आप को इनमें विसर्जित कर दिया हैः

 ‘‘लेटा रहूंगा मैं
खेत की माटी में
बान की खाट पर
और तालाब नदी के
मुहानों पर
और झूलता रहूंगा
गांव के झूलों पर
जैसे मां की गोद में
झूल रहा हूं
ये सब चीजें
मुझे मां की याद
दिलाती रहेंगी’’। 

खेत से, उसके कार्यो से मां का गहरा संबंध है, स्त्री-मात्र का गहरा ताल्लुक़ है। आज भी खेतिहर मज़दूरों में स्त्री की संख्या अधिक है। खेत उन्हीं के श्रम से अधिक सींचे जाते हैं। यह कविता एक नागार्जुन की ‘सिंदूर तिलकित भाल’ की याद दिलाती है। कवयित्री के यहां स्त्री श्रम बहुत महत्व रखता है। उन्होंनें कवि निराला की तरह श्रमिक स्त्री पर अलग से कविता लिखी है जिसकी हंसी जीवन को बचाने का काम कर रही हैः

‘‘पत्थर ढोती स्त्री के
हाथ कितने कठोर हो गये हैं
पांव पर भी मेहनत की
गर्द जम गयी है
परंतु चेहरे पर
मुलायम हंसी
जीवन को बचाये हुए है।" 

यही नहीं, उसका श्रम पूरी सृष्टि को अपनी सृष्टि बना सकता है। ‘रोज गूंथती हूं पहाड़’ में स्त्री पहाड़ों को आटे की तरह गूंथती है और आसमान जैसी रोटी तैयार कर देती है। वह समूची सृष्टि पर आच्छादित होने की शक्ति रखती हैः

‘‘रोज़ गूंथती हूं पहाड़
आटे की तरह
बेल देती हूं रोज़ ही
आकाश-सी गोल रोटी’’।

 लेकिन यह सब काम वह ‘प्यार’ के लिए करती है, संबंधों के लिए करती है। इन दिनों संबंधों की भी समस्या उत्पन्न हो गयी है हमारे समाज में। वरना स्त्री सृष्टि पर छा जाना चाहती हैः ‘‘वह स्त्री/बादलों की पीठ पर/हो चुकी है सवार/घूमना चाहती है/सूर्य का आंगन/उसे उम्मीद है/वह छू लेगी/सूरज की छत’’। यह स्त्री व्यक्ति-अस्मिता को महत्व देने वाली है।

वह पहले की उस स्त्री से भिन्न है जो अपने-आप को अन्य अस्मिताओं में विसर्जित कर देती है और उसकी खुशी में ही अपनी खुशी देखती है। मनीषा की एक कविता है, ‘अपनी खुशी’। यहां स्त्री ‘सुबह से शाम तक और शाम से सुबह तक सिर्फ घर, परिवार, बच्चे’ संवारती है और ‘इस चक्रव्यूह में/हो जाती है उम्र तमाम’। ऐसी स्त्री ‘नहीं देखती खुद को/सिर्फ़ देखती है दूसरों की खुशी/बस’। इसी में वह अपनी खुशी ढूंढती है।

 स्त्री का यह एक सार्वभौमिक रूप है, अन्य अस्मिताओं में विसर्जन का रूप है। उसकी परंपरागत या परंपरा के समक्ष समस्या निजता की खोज या व्यक्ति अस्मिता की है। अपनी पहचान की। स्त्री-विमर्श और दलित विमर्श में यही अंतर है कि स्त्री की समस्या अन्य अस्मिताओं की चिंता से जुड़ने की समस्या नहीं है, उसकी समस्या निज की पहचान की समस्या है, पर दलित अस्मिता की समस्या अन्य अस्मिताओं से जुड़ने की समस्या है, व्यक्ति-अस्मिता उनमें बहुत ज़ोरों पर है। वे बाध्य थे दूसरों का आदेश मानने के लिए, पर स्त्री की जे़हनियत ही ऐसी थी कि वह दूसरों में घुलने-मिलने में, उसकी खुशी को अपनी ही खुशी समझने में सुख महसूस करती थी। उसकी मूल समस्या निजता की पहचान की है। वह तो जैसे:

‘‘खौलती जाती है
उम्र भर
मिक्स चाय बनकर
निकलती है केतली के मुंह से
ताउम्र धार की तरह’। 

स्त्री के दैनंदिन कार्य-व्यापार से ही कलात्मक उपकरण लेती है मनीषा जैन। ‘रोज़ गूंथती हूं पहाड़’ कविता में भी ऐसा ही है। आटा गूंथना और रोटी बनाना ऐसा ही कार्य व्यापार है जिससे कलात्मक अभिव्यक्ति की पद्वतियां रूपक, बिंब, प्रतीक आदि निर्मित होती हैं। यह हमें कबीर की कविता की याद दिलाती हैं जिन्होंनें अपने कार्य-क्षेत्र से कलात्मक उपकरणों की रचना की है, जैसे ‘झीनी-झीनी बीनी चदरिया’ इत्यादि। जूलिया क्रिस्तोवा ने बताया है कि हमारे भीतर पूरी परंपरा गूंजती रहती है जो रचना में प्रकट भी होती है। मनीषा जैन की कविताएं ऐसी ही हैं।

 उनकी मज़दूरनी पर लिखी कविता हमें निराला की याद दिलाती है। कबीर से लेकर निराला और नागार्जुन तक की परंपरा कवयित्री के भीतर गूंजती रहती है और उनकी कविताओं में कलात्मक रूपाकार ग्रहण करती रहती है। लेकिन इसमें यह भी देखने की बात है कि कवयित्री का कौन-सा मनोलोक है जो एक ख़ास परंपरा को महत्व देता है। यहां कबीर, निराला और नागार्जुन की परंपरा को कवयित्री तरजीह देती हैै। यह मोटे रूप में एक जनवादी परंपरा है। कवयित्री मनीषा जैन का मनोलोक इसी को महत्व देता है इसमें निजता के साथ संबंधों का स्वीकार है। ‘अपने निज जीवन में वे जीती हैं कितनी जिंदगी’, वे हरसिंगार के फूल के पेड़ की तरह सिर्फ़ फूल झरती हैं और मुस्कुराती हैं चुपचाप। उनका संबंध ‘रोटी की महक’  से गहरा जुड़ा हुआ है। उनका होना जैसे घर भर के लिए रोटी का होना है। वे नदी की तरह अपने को समुद्र रूपी संबंधों में विसर्जित कर देती हैं।

‘‘समुद्र में मिल जाना है उसे
मैनें पहली बार जाना
लड़की सी नदी
का स्वरूप।’’ 

इसलिए कवयित्री स्त्री को समाज में, पुरूषों द्वारा सहेज कर रखने की अपील करती हैः

‘‘ऐसे सहेज कर रखो हमें
जैसे रखते हैं
फूल किताबों में’’।

 क्योंकि सर्वशक्तिमान होते हुए भी ‘बहुत नाजुक  हैं हम’। इस सब के बावजूद वह अपने आकाश की तलाश में है, व्यक्ति-अस्मिता की तलाश में है, क्योंकि उसकी अस्मिता को हमारे समाज ने आज तक महत्व ही नहीं दिया है ‘बादल भरे आकाश में/बस मुझे इंतजार है/बादलों के छंटने का/फिर नीला-नीला आकाश/मेरी मुट्ठी में होगा/मेरा सारा आकाश’। लेकिन विचित्र विडंबना है कि स्त्री-अस्मिता और उसका विकास कहीं न कहीं अकेलेपन की ओर ले जाता है। इस अकेलेपन को कवयित्री मनीषा जैन प्रगतिशील कवियों की तरह महसूस करती है और उस अस्वीकार भी करती हैं, ठीक त्रिलोचन शास्त्री की तरहः ‘आज मै अकेला हूं/अकेले रहा नहीं जाता’। मनीष महसूस करती हैं कि स्त्री व्यक्ति-अस्मिता कहीं न कहीं उसे अकेल बनाती हैः

‘‘आंखों में रहते हैं
समंदर उसके
बाहों में भरती है
कायनात सारी
फिर भी होती है
स्त्री अकेली’’। 

वह पहाड़ पर, शिखर पर पहुंचने के बावजूद अकेली ही रहती है। चिड़िया को भी वापस बुलाने की चिंता कवयित्री को हैः ‘कब आयेगी वह/नींद सी वापस’। कवयित्री के यहां ‘घर’ एक मूल्य-व्यवस्था के रूप में आता है। घर एक सुकून की व्यवस्था है, संबंधों की व्यवस्था है। वे प्राकृतिक रूपों में भी ‘घर वापसी’ की प्रक्रिया देखती हैं। जैसे ‘‘शाम की धूप/जा रही थी घर’ या ‘परिदें इंसान से कहीं बेहतर है/जो ढूंढ ही लेते हैं/घर और सुकून के/दर-ओ-दीवार’ अथवा ‘ओस अपना/घर ढूंढती है/विस्मृत होने से पहले’। घर को बनाने में स्त्री का बहुत बड़ा योगदान है जो वह अपने प्रेम के ज़रिये करती है-

‘वह स्त्री
मिला रही है
छौंक रही है
जीवन में गरमाई
ऐसे ही मिश्रण से
बनायेगी गर्म घर
प्रेम की सौंधी खुशबु
वाले घर’। 

यानी ऐसा घर जिसमें प्रेम की महक है।

मनीषा जैन के यहां प्रेम और कविता, दोनों ऐसी अवधारणाएं हैं जो सकारात्मक रूप में आती हैं। इन्हें उनका आदर्श भी कहा जा सकता है जिससे जीवन की रक्षा होती है। वे प्रकृति में प्रेम घटित होता हुआ देखती हैः ‘आसमान उतर आता है/धरा का चुंबन लेने चुपके से’। प्रेम इसलिए महत्वपूर्ण है कि इससे संबंध बनते हैं, संबंधों का निर्वाह होता है और सबसे बड़ी बात है कि ‘प्रेम की स्मृतियां ही कभी-कभी/बचा लेती हैं जीवन’। जिस तरह प्रेम जीवन को बचा लेता है, उसी तरह का कार्य कविता भी करती है-

‘जब भी बैचेन बेहाल
उड़ता है मन
गाते हैं शब्द
एक कविता लेती है जन्म
बच जाता है जीवन’।

 कविता चूंकि मानवीय संवेदना को जीवित रखने का काम करती है, इसलिए वह जीवन को भी बचाये रखने की सामर्थ्य रखती है। वह उम्मीद जगाती है। ‘अंधेरे में/चिंगारी की तरह/आना कविता/जीवन में/जीवन बनकर/आना कविता’। कविता वास्तव में अवसाद से बचाने का काम करती है। अवसाद की शिकार समाज में स्त्रियां अधिक हैं। एक तो पहले का प्रचलित समाज है जो उनके अनुकूल था ही नहीं, ऊपर से जो नया बाज़ारवादी समाज आया जो उसने उसे विरूपित ही कर दियाः ‘‘चेचक के दानों सा/फेल रहा है/स्त्री के सारे शरीर पर/बाज़ार’’। अपने कलेवर में यह छोटी सी कविता न जाने कितने अर्थो को हमारे सामने रखती है यही कवयित्री का कौशल है कि वह संक्षेप में बहुत कुछ को प्रकट करने में सक्षम है।

 मनीषा जैन का यह पहला ही काव्य-संग्रह न सिर्फ स्त्री जीवन में, समाज में वरन् साहित्य क्षेत्र में भी बहुत-सी उम्मीदें जगाने का काम करता है। एक बात और कि कवयित्री ‘मैं’ कर प्रयोग बहुत करती है, पर यह ‘मैं’ पुरूषवादी अहं या विशिष्ट जनों का ‘मैं’ न होकर हम सब लोगों का ‘मैं’ है जो सामान्य जगत् को पहचान दिलाने का कार्य करता है।


लेखक- बली सिंह

प्रोफेसर दिल्ली यूनिवर्सिटी
मो.:  09818877429
ई-मेल- 22manishajain@gmail.com


समीक्ष्य कृति:  रोज गूंथती हूं पहाड़
कवयित्रीः  मनीषा जैन
प्रकाशकः  बोधि प्रकाशन, जयपुर
पृ.सं.96
प्रथम संस्करण(पेपरबैक):2013
मूल्यः 70रूपए।

Monday, 14 April 2014

सत्यं शिवं में समाई है लाेक कविता

           कृति अाेर पत्रिका के लाेकधमीं  काव्यलाेचना   विशेषांक में प्रकाशित अालेख
                                                    
            सत्यं-शिवं में समाई है लोक-कविता



लोक कविता ही लोक यानि सर्वहारा, दीन दुःखी, प्रताड़ितों के दुःख सुख का बोध कराती है। लोक कविता का संसार सत्यं से शुरू होकर शिवं से गुज़र कर सुन्दरता में विलीन हो जाता है। लोक कविता ही सत्य का उद्गार होती है। यथार्थ का चित्रण होती है। दुःखी, दलित, शोषित, सर्वहारा का सत्य बयान करती है। हम जिस लोक में रहते हैं वहां सभी तरह के व्यक्ति रहते हैं दुःखी, सुखी, संतुष्ट, असंतुष्ट, चारों ओर से विपन्न, मज़दूर आदि। इन सभी लोगों के दुखों को चिन्हित करना ही कवि का कर्म होता है तथा लोक के दुखों को प्रकाश में लाना ही मानवता है। शशिभूषण द्विवेदी जी ने अपने आलेख में कहा-‘‘लोक के मानव ने जब कविता को अपने शुरूआती दौर का सामान माना होगा तो समय उसका चाकर हो गया होगा और बहुत सारे चंगेज़ और सिकन्दर-जो लोक को लूटपाट-सता-धमका कर ‘धौंस’ की नीति को राजनीति से जोड़ राजा बने होंगे, धराशायी होते चले गए होंगे और लोक कवि ने जो काव्य रचा होगा उसमें जीवन का नृत्य, उसका उल्लास, उसका दुख, उसका संघर्ष और उसका सब कुछ मिलकर ‘देश’ और आगे चल कर  ‘देशपन’ बन गए होंगे।’’
जब सामन्तवादी सत्ता पर आरूढ़ होता है तो धौंस व बल का प्रयोग कर सर्वहारा को पृथ्वी पर धकेल कर राजा बनता है उसी सामंती बल का विरोध करना, दबे-कुचलों को खड़ा करके ही लोक का निर्माण करना है। उनका जीवन जीने लायक बनाना, उनके दुखों को चिन्हित करना ही लोकधर्मी कविता का प्राथमिक कार्य है।
लोक कविता सत्य का उद्घाटन करती हुई शिव में समाती है व सबके कल्याण (शिव) की ओर अग्रसर होती है।
 शिवत्व (सबका कल्याण) ही लोक का प्रधान तत्व है इसी में समा कर वह सुन्दर बनती है अर्थात् ‘शिवेतर क्षयते’ जो भी शिव (कल्याण) से इतर है साहित्य में उसका विरोध करना। जब सारा लोक कल्याणकारी होगा वही जगत् सुन्दर कहलाने योग्य हो सकेगा। सार्वभौमिक शिवत्व ही लोकधर्मी कविता का एक महत्वपूर्ण पक्ष है। जिस प्रकार कबीर का संपूर्ण साहित्य लोकधर्मी साहित्य है। कबीर आंखिन देखी में ज़्यादा विश्वास करते हैैं। वे लोक के दुखों को अपनी आंखों से परखते हैं। कविता का प्राणतत्व है अनुभूति अर्थात् लोक के दुखों को अनुभूत करना। कबीर की दृष्टि भी लोक मंगल की ओर उन्मुख थी। उन्होंने सदा ही सत्य का प्रतिपादन किया। कबीर का काव्य जनसाधारण का काव्य है। उनके काव्य में चक्की पीसने, खेत सींचने, कताई-बुनाई करने, कुम्हार, खाट बुनने वालों आदि के रूपक में लोक संपर्क की गहनता प्रकट होती है। उसी तरह जब लोकधर्मी कवि विजेन्द्र जब लिखते हैं एक ऐसी कविता-

‘‘जिसमें हो लड़ती जनता के चित्र
अन्न उगाते किसान की अक्षत क्रियायें
श्रमिक के माथे पे छलकता पसीना।’’(आंच में तपा कुंदन,पृ0 68) 

तब कवि विजेन्द्र कबीर व निराला की पीढ़ी को विकसित करते नज़र आते हैं। जो कवि लोक के दुख को चिन्हित कर आगे बढ़ेगा वही कवि अपना विकास कर पायेगा। जब निराला कहते हैं-

‘‘वह तोड़ती पत्थर’
मैंने उसे देखा इलाहाबाद के पथ पर’
 जब नागार्जुन कहते हैं-
‘खुब गए/दुधिया निगाहों में
फटी बिवाइयों वाले खुरदुरे पैर’’
 या
जब मुक्तिबोध कहते हैं-
‘वह फटे वस्त्र क्यों पहने है?
उसका स्वर्ण मुख मैेेेेेेेेला क्यों हैं?
वक्ष पर इतना बड़ा घाव कैसे हो गया?’’

तब ही लोक कविता की भाव भूमि तैयार होती है।शीर्ष कवि ही लोक व जन की पहचान कर पाए हैं और उस लोक की पहचान करना ही कवि का प्रथम कर्तव्य है। अपने दुख से दुखी व्यक्ति ही दूसरे के दुख को महसूस कर सकता है तथा दूसरे के दुख से संवेदिता होकर तथा उसे पहचान कर कविता में ढालने का नाम ही लोक कविता है। जन-जन में रमा हुआ कवि ही लोकधर्मी कविता का निर्माण कर सकता है तथा जीवन को जीने लायक बनाता है। यही आज के बेनूरे समय की मांग भी है।
कविता का प्रथम प्रयोजन सत्य से शुरू हो कर शिव में विलीन हो जाना है। डॉ. रमाकांत शर्मा अपनी पुस्तक ‘कविता की लोकधर्मिता’ में कहते हैं-‘‘मानवीय संवेदना की रक्षा, उसका विस्तार और पारिष्कार कविता का मुख्य प्रयोजन है। वह मनुष्य को जड़ होने से बचाती है।’’


       
अतः तात्पर्य यह है कि लोकधर्मी कविता ही जन-जन के मन के कलेशों का आईना है। तथा जीवन के सत्य लोक-चेतना में व्याप्त होकर कविता में उद्घाटित होते हैं और उन्ही को चिन्हित करना ही कविता का प्रथम उद्धेश्य है। जब युवा कवि तथा आलोचक जितेन्द्र श्रीवास्तव अपनी पुस्तक ‘आलोचना का मानुष मर्म’ में कहहते हैं-‘‘कविता का प्राथमिक कार्य अत्याचार के विरूद्ध साहस का संचार करना है’’ तभी लोक कविता का सीना चौड़ा होता है तथा लोक में सर्वहारा के साहस में वृद्धि होती है। शोषित पीड़ित जनता के दुखों की अभिव्यक्ति जिस साहित्य में नहीं होगी वह साहित्य हाशिये का साहित्य ही होगा। अतः लोक लोक के दुखों को साहित्य के केन्द्र में लाना ही साहित्यकार का प्रथम कर्तव्य है। और सच्चाई भी यही है कि कविता जितनी ज़्यादा लोकसंपृक्त होगी उसी कविता को प्राथमिकता मिलेगी। इसीलिए कबीर, तुलसी, नागार्जुन, केदारनाथ अग्र्रवाल, त्रिलोचन, शील, कुमारेंद्र, विजेन्द्र आदि बड़े कवियों की कविता की भावभूमि लोकभूमि से तैयार हुयी है तथा लोकसंपृक्त कविता ही इन्हें बड़ा कवि बनाती है।

डा0 रमाकांत शर्मा ने कृति ओर के अंक-65-66 के संपादकीय में कहा-‘‘हमारा लोक तो ‘सर्वहारावर्ग’ का पर्याय है। पीड़ित, शोषित, वंचित और सब तरह से हार हुआ लेकिन हार कर भी हार न मानने वाला। निरन्तर संघर्षरत। अपराजित श्रमरत.....। ऐसा संघर्षशील लोक सिर्फ गांवों, कस्बों, जनपदों, नगरों या महानगरों में ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व में परिव्याप्त है।’’ ठीक ही कहा है उन्होनें।

 सर्वहारा पूरे विश्व में व्याप्त है। एक मज़दूर जो रूखी सूखी रोटी खा कर फिर से मेहनत करने के लिए उठ खड़ा होता है उसी के श्रम से बड़े-बड़े निर्माण संभव हैं। एक किसान जो गर्मी, धूप, बारिश, जाड़े में अन्न उपजाता है इसी सर्वहारा से लोक का निर्माण होता है। यही सारे समाज की रीढ़ होता है तथा यही सर्वहारा संघर्ष करता हुआ अपना जावनयापन करता है। अतः हमें इसी लोक के दुख, सुख, दर्द का मूल्याकंन लोकधर्मी कविता में करना ही है। ऐसी कविताएं ही मानव की भाव भूमि को हरा भरा रखती हैं तथा पाठक को संवेदना से भर देती हैं। इसी लोकधर्मी साहित्य की लौ को बुझने नहीं देना होगा। इसे लगातार प्रज्जलित रखना होगा। सर्वहारा व दुखी जनता के दुखों को लगातार चिन्हित करना होगा। लोकधर्मी कविताएं ही यथार्थ का दर्शन कराती रहेंगी।

लेखक : मनीषा जैन

Monday, 7 April 2014

काैन रक्षक

कौन रक्षक

आज तक सुनती आयी हूं कि पुलिस आपकी रक्षक है। जहां कहीं लडाई झगड़ा हो पुलिस आ कर सुलह समझौता करवाती है। पुलिस की तरफ से अखबार ,रेडियो, दूरदर्शन में प्रचार किया जाता रहा है कि ‘दिल्ली पुलिस आपके साथ हर समय’। लेकिन आज के क्रूरतम समय में किस पर भरोसा करें किस पर नहीं। बात कुछ दिन पहले की है मैं और मेरी एक दोस्त साहित्य अकादमी से किताबें लेकर लौट रहे थे। चूंकि समय दोपहर के खाने का हो गया था और वहां की कैंटीन में खाने के समय चाय नहीं मिलती और हमारी इच्छा चाय पीने की थी सो हमने सोचा कि चलो सड़क पर जो चाय के ढाबे हैं उन्हीं पर चल कर चाय पी जाए

एक तो सर्दी का मौसम और सड़क पर खड़े हो कर गर्मागर्म चाय का मज़ा ही कुछ और होगा। जबकि ज्यादातर हमेशा पुरूषों को ही कर ढाबे पर चाय पीते देखती हूं।  मैनें सोचा आज मैं भी पी कर देखती हूं। हमने चाय खरीदी। तभी हमें चौराहे के बगल ही में कुछ बैंच दिखाई दी। हमने सोचा यहीं बैठ कर चाय पीते हैं लेकिन ये तो वही हुआ कि सिर मुड़ाते ही ओले पड़ने शुरू हो गए।
 कहीं से एक महिला सिपाही आई और कहने लगी- मैडम आप तै इहां सै उठ्ठ लो। मैंने कहा- क्यों?, हम चाय खत्म कर चले जायेगें। वह फिर कहने लगी-नहीं अभी के अभी उठ जाओ हमारे साथी आ कर खाना खायेगें। मैने कहा ठीक है जब तक वे आयेगें हमारी चाय भी खत्म हो जायेगी। वह फिर बोली नहीं- अभी के अभी यहां से उठ जाओ।

तब तक मेरा गुस्सा बढ़ चुका था और मैं भीतर ही भीतर बड़ा बेबस महसूस कर रही थी कि हमें यहां आ कर चाय पीनी पड़ी और जलालत भी सहनी पड़ी। लेकिन अब मैनें उस महिला सिपाही से भिड़ना ही ठीक समझा और कहा- आप को जो करना हो कर लो मैं तो यहां से नहीं जाने वाली। और शाम तक यहीं बैठी रहूंगी। जिसे बुलाना हो बुला लो। और मन में भीतर ही भीतर सवाल कुलबुलाते रहे कि यह औरत हो कर औरत के साथ कैसा व्यवहार कर रही है शायद इसका दोष नहीं इसकी वर्दी, ओहदा, पद का अहंकार बोल रहा है इसके सिर चढ़ कर। अंहकार में ही आदमी आदमी के साथ जानवर का व्यवहार भी कर सकता है। पद और पैसा व्यक्ति को संवेदनहीन बना देता है। फिर मैनें उस को बहुत अच्छा बुरा सुनाया कि आप एक औरत हो कर एक औरत के साथ ऐसा कर रहीं हैं आपको शर्म नहीं आती। हम पांच सात मिनट में तो चले ही जाते यहां से।

 लेकिन वह पुलिस महिला हमें डराती धमकाती रही। लेकिन अब मैने उसकी बातों पर ध्यान न दे कर बेबाकी व दबंगई से चाय को इन्जॉय कर रही थी। लेकिन मेरे दिल व दिमाग़ पर कुछ प्रश्न अपनी कभी न खत्म होने वाली कलिमा फैला रहे थे। क्या एक औरत ही औरत की दुश्मन है? क्या एक व्यक्ति पर ओहदे का इतना असर होता है कि वह इंसानियत छोड़ देता है? हांलाकि वहां एक दो पुरूष सिपाही भी थे जो कह रहे थे कि इन्हें बैठने दो। और वह महिला सिपाही लाल पीली होती रही।

और मेरे वहां से जाने के बाद भी कुछ मेरे भीतर बहुत कुछ पिघलता रहा। अनेक प्रश्न आ कर खडे़ हो गये थे जिनका जबाब मेरे पास नहीं था। ऐसे में एक आम नागरिक कहां जाए क्या करे? बस यही सोचा जा सकता है कि इस भंयकर से भंयकरतम समय में एक साधारण आम जन को अपनी इज्जत, मान मर्यादा तक बचाना मुश्किल हो रहा है। और यही कहा जा सकता है कि जब रक्षक ही भक्षक हो जाए तो हे! भगवान इस देश को इज्जत के गद्दारों से बचाना।

Saturday, 5 April 2014

शमशेर की बात बाेलेगी

यह लेख लखनउ की एक पत्रिका, साहित्य भारती, में प्रकाशित हुअा था, उसे मैं अपने ब्लाग पर दे रही हूं




हिन्दी कविता को शमशेर जी का योगदान कविता में प्रेम व कला को स्थापित करना है। प्रेम व कला के बिना कविता संभव ही नहीं है इसीलिए प्रेम के छोटे छोटे बिंबों में गहरी बात कहने वाले शमशेर जी प्रेम के संवेदनशील कवि है। प्रेम एक सार्वदेशिक और सर्वकालिक अनुभूति है जो शमशेर की कविताओं में पाई जाती है। उनकी अधिकतर कविताओं में प्रेम का मूल्याकंन किया जा सकता है कि वे कितने गहरे तक प्रेम में पगे हुए हैं। प्रेम को बड़े सहज शब्दों में शमशेर ने अपनी कविताओं में उतारा तथा बिम्बों, प्रतीकों, उपमाओं के ज़रिये कहा। शमशेर एक कवि होने के साथ साथ एक अच्छे चित्रकार भी थे। इनकी कविताओं में रंगों के सुन्दर प्रयोग व रंगों की अद्भुत छटा व रंगों के बिंब भरे पड़े हैं। इनकी कविता में रंगों का प्रयोग बताता है कि ये बड़े सिद्धहस्त कलाकार होंगें। जैसे-‘‘एक पीली शाम, प्रातः नभ था बहुत नीला शंख जैसे, बहुत काली सिल/ज़रा से लाल केसर से/कि जैसे धुल गई हो/स्लेट पर या लाल खड़िया चाक/मल दी हो किसी ने’’ इस कविताओं में रंगों के बिंब भरे पड़े हैैं। चित्रकला के प्रति रूझान के कारण इनकी कविताओं में चित्रात्मकता का समावेश अधिक हुआ है।

इनकी कविताओं में नीले रंग का ज़िक्र अकसर आता है और नीला रंग ही प्रेम प्यार का प्रतीक है जैसे-‘नील जल में या किसी की/गौर झिलमिल देह/जैसे हिल रही हो।’’इस कविता में कवि अपनी प्रिया की झिलमिल देह को पानी के भीतर महसूस कर रहा है। प्रिया के पास न होने पर भी होने का भाव प्रेम की उदात्तता को अभिव्यक्त करता है तथा प्रिया की उपस्थिति को अनुभव करते रहना ही जीवन में प्राण सा देता रहता है इस तरह कवि शमशेर के हृदय में प्रेम के विभिन्न चित्र बनते रहते है और इनकी अभिव्यक्ति के द्वारा ही रिलिफ मिलता है इस बात को स्वंय कवि ने अपनी रचना प्रक्रिया में स्वीकार किया है-‘मेरा लिखने का ढ़ग कई प्रकार का है पहली पंक्ति लिखने तक शायद मुझे आभास नहीं होता कि मैं कोई कविता लिखने जा रहा हूं। यह जरूर है कि एक महीने, दो महीने, तीन महीने या कुछ अर्से तक तबियत में एक बैचेनी सी रहती है। क्यों रहती है? क्या रहती है? किसी खास कविता की कोई रूपरेखा नहीं रहती है उसमें। कुछ समस्यायें रहती हैं कुछ उलझनें रहती हैं, कुछ बात रहती है, कुछ लोग याद आते रहते हैं या कुछ समस्यायें जो कचोटती रहती हैं उनकों मैं रखना चाहता हूं लिखना चाहता हूं लिख नहीें तो ऐसा होता है कि यकबयक एक इमेज जैसी कोई चीज आ जाती है और वो यानि अपने शब्द लिए हुए होती है और मैं फौरन उसे लिख लेता हूं’’ (मैं मेरा समय और रचना प्रक्रिया)
शमशेर की कविताओं में स्वच्छंदता की एक धारा है। कुछ लोग इनकी कविताओं को छायावादी चित्रों की तरह भी देखते हैं क्योंकि उस समय शमशेर जी एकदम निजी भाव की कविताएं लिख रहे थे, लेकिन उनकी वे कवितायें ही आज बेहद प्रासंगिक हैं क्योंकि कवि के जो बिलकुल निजी भाव होतें हैं वही भाव पाठक के भी हो सकते हैं। इस प्रकार कवि के सुख दुख जन-जन के सुख दुख हो जाते हैं। इस प्रकार शमशेर की कवितायें जन-जन के मन की कवितायें हैं। अर्थात प्रेम से कठोर से कठोर मन भी पिघल उठते हैं। वैसे भी प्रेम में इतनी शक्ति होती है कि प्रेम से दुश्मन को भी वश में किया जा सकता है। शमशेर का प्रेम विश्वव्यापी तथा मानवीय है। इनकी कवितायें परम नैतिक कवितायें हैं एकदम पवित्र प्रार्थना की तरह।
शमशेर की कविताओं में प्रवेश करने से पहले हर प्रकार की रूढ़ियों को तोड़ना पडता है इनकी कविताओं में प्रेम के कई अर्थ व विभिन्न स्थितियां हैं। शमशेर अपनी कविताओं में अपनी प्रिया को खोजते से प्रतीत होते हैं लेकिन प्रेम की पावन पवित्र गंगा तो मानव के सांसों में ही बह रही होती है उसे कहीं ढूढंने जाने की जरूरत नहीं होती। वे कहते हैं-

‘मैं मींच कर आंखे
कि जैसे क्षितिज
तुमको खोजता हूं
ओ हमारे सांस के सूर्य
सांस की गंगा
अनवरत बह रहीे है
तुम कहां डूबे हुए हो?’’

जैसे कि शमशेर आंख मींच कर ही प्रेम की अनुभूति कर लेते हैं अतः शमशेर गहरे अन्तस प्रेम के उदात्त कवि हैं।
शमशेर की ‘आओ’ कविता उनके विरह शोक से भरी हुई है विरह के क्षणों में उन्हें मौत के रंगीन पहाड़ दिखाई देते हैं चूंकि शमशेर जी की पत्नी का देहान्त विवाह के तीन या चार साल बाद ही हो गया था उस विरह की वेदना जीवन भर उनके साथ रही लेकिन पत्नी के साथ के कुछ वर्ष ही इन्हें जीवन भर जीवन देते रहे तथा बाद में ‘लौट आ ओ धार’ कविता में इसी की अभिव्यक्ति दिखाई देती है। वे बाद तक अकेलेपन में रहते हुए भी प्रेम व स्नेह को अपनी कविताओं में ढालते रहे। लेकिन इनकी कवितायें प्रकृति व समाज से जुड़ने का आहृवान करती हैं। शमशेर ने अकेलेपन व दुख की तीव्रता को कम करने के लिए रचनाशीलता को अपना संगी बनाया।‘कमरे में आभा’ शीर्षक कविता में वे कहते हैं-

‘‘शाम का कोमल अंधियारा
धीरे-धीरे छा जाता है
दीवारों पर, छत पर चुपचाप
कुहरे सा काला कुछ उदास
मन छाया।’’

 कवि की अनेकों कविताओं में विषाद, अकेलापन, निराशा, दुख अभिव्यक्त हुआ है शमशेर की कविताओं की नींव अवसाद की जरुर है, परन्तु अपनी कल्पना के सहारे उन्हें भयानक अवसाद में भी मानसिक उष्मा प्राप्त होती रहती है और कल्पना की सुषमा के दो कण भी सुख व मिलन की सिरहन पैदा कर निराशा व अकेलेपन से बाहर निकलने की प्रेरणा देते हैं।
शमशेर के अनुसार-‘‘कविता में हम अपनी भावनाओं की सच्चाई खोजते हैं’ अर्थात् कवि जिन सत्यों को अपनी कविताओं में उजागर करता है वह सत्य उसकी अनुभूतियों का साक्षी होता है। कोई भी रचनाकार तभी सार्थक होता है जब वह सामाजिक चिंता, युग की झांकी व लोक समस्याओं को किसी न किसी रुप में प्रस्तुत करें। उनके यहां यथार्थ कभी भी स्थिर नहीं दिखा। क्योंकि यथार्थ गति से भरा होता है तथा यथार्थ हमेशा बदलता रहता है।
उनकी कविताओं के बिंब जैसे सूरज, चांद, नदी, भोर का नभ, नीला शंख, आसमान, राख से लीपा हुआ चौका, गौर झिलमिल देह सभी वस्तुऐं यथार्थ, गतिशील तथा जीवन्त हैं इस तरह शमशेर जीवन के कवि भीे कहे जा सकते हैं। उनकी कविताओं की कल्पनाऐं भी मानसिक जीवन का यथार्थ हैं। उनकी कविताओं में जैसे रंगों का तो महोत्सव सा प्रतीत होता है जैसे-‘एक पीली शाम, स्नेह काजल में, सांस की गंगा, रिक्त रक्तिम हृदय, प्रातः नभ था बहुत नीला शंख, राख से लीपा हुआ चौका, गल रहा है आसमान, एक दरिया उमड़ कर पीले फूलों का, मोम सा पीला बहुत कोमल नभ, स्लेट पर या लाल खडिया चाक आदि। इस तरह इनकी कविताओं में ढे़रों रंगों के बिंब उकेरे गए हैं।
शमशेर की कविताओं के विविध रंग हैं उन्हें एक तरह की कविता कहना या सिर्फ प्रेम की कविता कहना या सिर्फ सत्य की कविता कहना या विरह की कविता कहना उनके साथ सरासर बेमानी होगी। वे विविधता के कवि हैं वे विभिन्न मूडस व शेडस के कवि हैं।
‘अमन का राग’ उनकी एक लम्बी कविता है इसमें विभिन्न सृजनात्मक विधाओं और विभिन्न संस्कृतियों के बीच बुनियादी एकता को रेखाकिंत किया गया है। यह कविता गागर में सागर की तरह है। इसमें पूरा विश्व समाया हुआ है। भारत से लेकर अमेरिका, अर्जेन्टीना तक की मनुष्यत्व की भावनाओं के उद्गार हैं तथा भविष्य के बच्चों को रेलगाड़ी में बिठा कर अच्छे भविष्य की ओर उन्मुख किया है और यही जनकल्याण के लिए उन्नत भविष्य का इशारा है इस कविता में एक ओर तो विश्वबंधुत्व की भावना का इज़हार है व दूसरी ओर हर घर में, हर युग में, हर देश में शंाति की जरुरत का पैगाम दिया है। कला का विकास शंाति के क्षणों में ही होता है। कवि सभ्यता के विकास में योगदान की अपील करता है। यही भावना आज के समाज की सबसे बडी जरुरत है।

दूसरा सप्तक के वक्तव्य में शमशेर जी ने कहा-‘कि सुन्दरता का अवतार हमारे सामने पल छिन होता रहता है हम आप ही अपने दिल व नज़र का दायरा तंग न कर लें तो देखेगें कि सबकी मिली जुली जिंदगी में कला के रुपों का खजाना हर तरफ बेहिसाब बिखरा चला गया हैा’ शमशेर की हर कविता में नए रुप के दर्शन होते हैं।
  शमशेर की आरंभिक कविता ‘बात बोलेगी’ में वे बताना चाहते हैं कि बात की सत्यता ही झूठ के परदे उठा देती है सत्य को वे एक अनिर्वाय वस्तु मानते हैं और वही सत्यता उनकी कविताओं में झांकती है। वे जो अनुभव करते हैं जो देखते हैं वह सत्य बन कर उनकी में उतरता है। कवि सत्य बोले या न बोले सत्य उसकी कविताओं में प्रकट हो जाता है,

‘बात बोलेगी
हम नहीं
भेद खोलेगी
बात ही।’

वे सच्चाई को बिना लागलपेट के कहने का माद्दा रखते हैं।

दूसरा सप्तक के वक्तव्य में उन्होनें कहा कि उनका आर्दश ‘एजरापाउण्ड’ रहे। उनके ऊपर निराला व पंत का भी गहरा प्रभाव रहा। वे हिंदी की ओर इन दोनों कवियों की वजह से झुके। हिंदी के बाद र्वे ऊदू व अंग्रेजी में भी लिखते रहे। मार्क्सवाद से शमशेर बहुत प्रभावित थे। वे मानते थे कि जीवन को समझने के लिए मार्क्सवाद जरुरी है। इसी नज़रिए के कारण वे सामाजिक विषयों की ओर उन्मुख हुए।

शमशेर की कविताओं में प्रेमभाव का धरातल ठोस है। वे इस तरह की कविताएं नहीं कि पढ़ा और भूल गए। ये कविताएं अन्तस् में गहरा प्रभाव डालती हैं। श्री कांत वर्मा के अनुसार-‘शमशेर की कविताओं का संसार एक तिलिस्म है जिसे भेद पाना कठिन है।’ शमशेर की कविताओं का संसार कला, निज, मनुष्य, समाज, प्रकृति, प्रेम, सौन्दर्य के क्षेत्रों में आवाजाही करता रहता है। उनके अनुसार कला उस यथार्थ की कलात्मक अभिव्यक्ति है जो मनुष्य के जीवन में घटित व अनुभूत होता है। कविता इन्द्रियों के साथ-साथ मनोविज्ञान व कल्पना लोक से गहराई से जुड़ी होती है इसलिए शमशेर प्रेम के संबध को कल्पना के सहारे बड़ी बारीक संवेदना के द्वारा अभिव्यक्त करने में निपुण हैं।

 शमशेर जी की कई प्रेम कवितायें अपनी पत्नी की स्मृतियों से जुड़ी हैं तथा बाद तक भी वे स्मृतियों के सहारे अपनी पत्नी से जुड़े रहे व साहित्य को समृ़द्ध करते रहे। उनकी कविताओं से स्पष्ट होता है कि मनुष्य के जीवन में प्रेम पत्नी व प्रिया के न रहने पर भी लुप्त नहीं होता प्रेम तो अर्न्तमन में अवशोषित रहता ही है और बाद में वही अवशेषित स्मृतियां मनुष्य को जीवनदान देती रहती हैं।

शमशेर जी की कविताओं में प्रेम व सौन्दर्य बिखरा पड़ा है। प्रेम उनकी प्रतिबद्ध कविताओं में भी है तथा निजी एंकातिक कविताओं में भी। उनकी कविताओं में प्र्रतीकों व बिम्बों का बड़ा सफल प्रयोग है। उनका कवि मन हर दशा में सौन्दर्य के उपमान बिंबों द्वारा व्यंजित होने का अभिलाषी है इसलिए उनकी कविताओं में सौन्दर्य बोध का खूब गाढ़ा रंग भरा हुआ है। कविताएं हृदय की मुक्ति का विधान होती हैं इसलिए उनकी कविताएं भीतर व बाहर से मुक्ति की आकांक्षा रखती हैं। साहित्य सम्मान व कबीर सम्मान से अंलकृत कवि शमशेर जन-जन की मुक्ति की कामना करते हैं क्योंकि प्रेम मुक्ति व आशा की प्रतीक ही तो है।

लेखिका  : मनीषा जैन

इ मेल : 22manishajain@gmail.com