कौन रक्षक
आज तक सुनती आयी हूं कि पुलिस आपकी रक्षक है। जहां कहीं लडाई झगड़ा हो पुलिस आ कर सुलह समझौता करवाती है। पुलिस की तरफ से अखबार ,रेडियो, दूरदर्शन में प्रचार किया जाता रहा है कि ‘दिल्ली पुलिस आपके साथ हर समय’। लेकिन आज के क्रूरतम समय में किस पर भरोसा करें किस पर नहीं। बात कुछ दिन पहले की है मैं और मेरी एक दोस्त साहित्य अकादमी से किताबें लेकर लौट रहे थे। चूंकि समय दोपहर के खाने का हो गया था और वहां की कैंटीन में खाने के समय चाय नहीं मिलती और हमारी इच्छा चाय पीने की थी सो हमने सोचा कि चलो सड़क पर जो चाय के ढाबे हैं उन्हीं पर चल कर चाय पी जाए
एक तो सर्दी का मौसम और सड़क पर खड़े हो कर गर्मागर्म चाय का मज़ा ही कुछ और होगा। जबकि ज्यादातर हमेशा पुरूषों को ही कर ढाबे पर चाय पीते देखती हूं। मैनें सोचा आज मैं भी पी कर देखती हूं। हमने चाय खरीदी। तभी हमें चौराहे के बगल ही में कुछ बैंच दिखाई दी। हमने सोचा यहीं बैठ कर चाय पीते हैं लेकिन ये तो वही हुआ कि सिर मुड़ाते ही ओले पड़ने शुरू हो गए।
कहीं से एक महिला सिपाही आई और कहने लगी- मैडम आप तै इहां सै उठ्ठ लो। मैंने कहा- क्यों?, हम चाय खत्म कर चले जायेगें। वह फिर कहने लगी-नहीं अभी के अभी उठ जाओ हमारे साथी आ कर खाना खायेगें। मैने कहा ठीक है जब तक वे आयेगें हमारी चाय भी खत्म हो जायेगी। वह फिर बोली नहीं- अभी के अभी यहां से उठ जाओ।
तब तक मेरा गुस्सा बढ़ चुका था और मैं भीतर ही भीतर बड़ा बेबस महसूस कर रही थी कि हमें यहां आ कर चाय पीनी पड़ी और जलालत भी सहनी पड़ी। लेकिन अब मैनें उस महिला सिपाही से भिड़ना ही ठीक समझा और कहा- आप को जो करना हो कर लो मैं तो यहां से नहीं जाने वाली। और शाम तक यहीं बैठी रहूंगी। जिसे बुलाना हो बुला लो। और मन में भीतर ही भीतर सवाल कुलबुलाते रहे कि यह औरत हो कर औरत के साथ कैसा व्यवहार कर रही है शायद इसका दोष नहीं इसकी वर्दी, ओहदा, पद का अहंकार बोल रहा है इसके सिर चढ़ कर। अंहकार में ही आदमी आदमी के साथ जानवर का व्यवहार भी कर सकता है। पद और पैसा व्यक्ति को संवेदनहीन बना देता है। फिर मैनें उस को बहुत अच्छा बुरा सुनाया कि आप एक औरत हो कर एक औरत के साथ ऐसा कर रहीं हैं आपको शर्म नहीं आती। हम पांच सात मिनट में तो चले ही जाते यहां से।
लेकिन वह पुलिस महिला हमें डराती धमकाती रही। लेकिन अब मैने उसकी बातों पर ध्यान न दे कर बेबाकी व दबंगई से चाय को इन्जॉय कर रही थी। लेकिन मेरे दिल व दिमाग़ पर कुछ प्रश्न अपनी कभी न खत्म होने वाली कलिमा फैला रहे थे। क्या एक औरत ही औरत की दुश्मन है? क्या एक व्यक्ति पर ओहदे का इतना असर होता है कि वह इंसानियत छोड़ देता है? हांलाकि वहां एक दो पुरूष सिपाही भी थे जो कह रहे थे कि इन्हें बैठने दो। और वह महिला सिपाही लाल पीली होती रही।
और मेरे वहां से जाने के बाद भी कुछ मेरे भीतर बहुत कुछ पिघलता रहा। अनेक प्रश्न आ कर खडे़ हो गये थे जिनका जबाब मेरे पास नहीं था। ऐसे में एक आम नागरिक कहां जाए क्या करे? बस यही सोचा जा सकता है कि इस भंयकर से भंयकरतम समय में एक साधारण आम जन को अपनी इज्जत, मान मर्यादा तक बचाना मुश्किल हो रहा है। और यही कहा जा सकता है कि जब रक्षक ही भक्षक हो जाए तो हे! भगवान इस देश को इज्जत के गद्दारों से बचाना।
No comments:
Post a Comment