Search This Blog

Monday, 22 March 2021

निराला की कविता 'वह तोड़ती पत्थर' का पुनर्पाठ - मनीषा जैन

 वह तोड़ती पत्थर - एक पुनर्पाठ

 यथार्थ को पकड़ने की सलाहियत


आज यथार्थ को पकड़ने का समय है लेकिन यथार्थ इतनी तेजी से बदलता जा रहा है कि उसे पकड़ना मुश्किल है। यथार्थ बस शब्द बनता जा रहा है और यथार्थ तेजी से छिन्न-भिन्न होता जा रहा है। हम यथार्थ को शब्दों में और शब्दों को कविता में परिभाषित कर सकते हैं। कविता की काव्य भाषा की क्षमता ही कवि की रचना दृष्टि को उजागर करती है। यथार्थ को पकड़ने की सलाहियत ही कविता में भाषिक संरचना की परख होती है। निराला की यह कविता ‘वह तोड़ती पत्थर’ रचनात्मक बनावट में नाटकीय दृष्टि की एक बड़ी मिसाल है। मुक्त छंद की इस कविता में जबरदस्त लय व शिल्प है। नाटकीय दृष्टि से संपृक्त निराला की उन्मुक्त दृष्टि उन्हें इलाहाबाद की सड़क पर पत्थर तोड़ती मजदूरनी बहुत कुछ सोचने पर विवश करती है। निराला जी जन साधारण से जुड़कर ही पत्थर तोड़ती स्त्री का निर्मम चित्र प्रस्तुत करते हैं और जनसाधारण से जुड़े बिना कविता में नाटकीयता व यथार्थ के चित्र उपस्थित नहीं हो सकते। यह पूरी कविता निराला की प्रगतिशील दृष्टि से परिचय कराती है।

चित्र- गूगल

इस कविता की पहली ही पंक्ति ‘वह तोड़ती पत्थर’ बहुत कुछ कह जाती है तथा बहुत कुछ सोचने पर मजबूर भी करती है। कि वह कौन है  वह जो पत्थर तोड़ती है। क्या हैं उसकी परिस्थितियां कि उसे  पत्थर तोड़ने पड़ रहे हैं दो रोटी के लिए। यह कविता उनकी अत्यन्त विकसित लोकोन्मुखी सामाजिक चेतना की परिचायक है। कविता में विपरीतता की व्यंजना निराला ने कविता के आरम्भ में ही कर दी जैसे

‘नहीं छायादार पेड़

वह जिसके तले बैठी हुई स्वीकार

करती बार बार प्रहार

सामने तरूमालिका अट्टालिका

प्राकार।

‘यहां निम्नवर्ग व उच्चवर्ग का आपसी विरोध रचना को समृद्ध करता है। इस कविता के शब्द बहुत ही साधारण है और कहा भी जाता है कि श्रेष्ठ कविता साधारण शब्दों में ही अपना चमत्कार दिखलाती है। जैसे माखन लाल चतुर्वेदी की ‘पुष्प की अभिलाषा’ या निराला के बाद इस तरह का चमत्कार नागार्जुन की कविता ‘अकाल और उसके बाद’ तथा केदार नाथ अग्रवाल की ‘एक हथौडे वाला घर में और हुआ/हाथी सा बलवान/जहाजी हाथों वाला और हुआ’ कविता में दिखाई देता है। जहां घर में एक मजदूर के जन्म पर उत्सव मनाया जाता है।

इस कविता में अपने समय के यथार्थ बोध को पकड़ने की सलाहियत केदार व नागार्जुन ने निराला से ही सीखी होगी। इस कविता में निराला ने यथार्थ इतनी बारीकी से पकड़ा है और साथ ही सामाजिक, आर्थिक विषमता पर व्यंग्य भी। कि सामने ही बड़ी अट्टालिका खड़ी है और घने छायादार पेड़ हैं लेकिन कैसी विडम्बना है कि यह मजदूरनी घूप में पत्थर तोड़ रही है। मतलब देश में इतनी विषमता हाबी है कि गरीब और गरीब तथा अमीर और अमीर होता जा रहा है। नहीं कोई छायादार पेड़ जिसके तले यह पत्थर तोड़ सके। कविता का यह वैषम्य तिलमिलाहट पैदा करता है, करुणा नहीं। मज़दूर जैसा बेबस व्यक्ति अपनी परिस्थितियों से समझौते ही तो करता रहता है। आज भी बेहद प्रासंगिक है यह कविता। यानि निराला के समय से लेकर आज तक की स्थितियों में कोई खास फर्क नहीं आया है। 



चित्र - मनीषा जैन

समय की क्रूरता, नंगापन, विद्रोह, विद्वेष, लोकतंत्र के सरोकार यदि कविता में नहीं उतरते तो काहे की कविता। और ये सारी परिस्थितियां इस कविता से सीधी मुठभेड़ करती हैं। कविता में एक मजदूर स्त्री का चित्रण बहुत सलीके से किया गया है। उसका तन श्याम है तथा तन बंधा यौवन, उसका यौवन उमड़ता नहीं, वह एक निम्न वर्ग की संघर्षशील युवती है। निराला जैसे जन संवेदना से युक्त कवि उस स्त्री का चित्रण एक सशक्त स्त्री के रुप में करते हैं। वह स्त्री जब हथौड़ों से प्रहार करती है मानों समाज पर प्रहार करती है। वर्गों में बंटे समाज पर प्रहार करती है। निराला की ऐसी ही कविता है ‘कुकरमुत्ता’। कविता मनुष्यता की अभिव्यक्ति है। और इसी मनुष्यता की अभिव्यक्ति निराला इस कविता में करना चाहते हैं कि मज़दूर स्त्री उन्हें मानो इस भाव से देख रही थी कि जैसे किसी ने उसको मारा हो और उसने अपनी रुलाई रोक ली हो-। 

‘देखा मुझे इस दृष्टि से

जो मार खा रोई नहीं’।

माने निराला स्त्री को इतना सहनशील, मज़बूत देखना चाहते हैं कि चाहे उस पर कितनी ही मुसीबतें आए वह विचलित न हो, धैर्य न खोए। आज भी इसी साहस की जरुरत है। कविता में आगे निराला कहते हैं कि-

‘चढ़ रही थी घूप

गर्मियों के दिन

दिवा का तमतमाता रुप

उठी झुलसाती हुई लू

 रुई ज्यों जलती हुई भू

गर्द चिनगी छा गई

प्रायः हुई दोपहर

वह तोड़ती पत्थर।’

स्त्री की ऐसी कठिन परिस्थितियों का चित्रण कोई बेहद संवेदनशील कवि ही कर सकता है। आज भी सड़कों पर ऐसे दृश्य आम देखे जा सकते हैं। शहरों में कितने मॉल व मल्टीप्लैक्स बन रहें हैं सबमें गरीब मजदूरों का खून पसीना लगा होता है। और मौज करता है अभिजात्य वर्ग। उन मजदूरों के श्रम को कौन चिन्हित करेगा। लेकिन निराला ने छायावादी युग में ही यह चिन्हित कर लिया था। कविता के इस प्रसंग में यथार्थ की तीव्रता व कठोरता मुखर होकर बोलती है। किसान जो जलते खेतों में फसल उगाता है, मजदूर जो लूओं में बहुमंजिली इमारतें बनाता है, उसके सीनों में ऑक्सीजन कौन भरेगा

इस तरह के यथार्थ वर्णन से समाज में व्याप्त विषमता व असमानता की गहरी पीड़ा ही समाज को एक नई राह भी दिखाता है। कविता के अंतिम बंद कविता पूर्ण होने के साथ ही पत्थर तोड़ने वाली का यह कहना ‘मैं तोड़ती पत्थर’ फिर बहुत कुछ सोचने के लिए मजबूर करता है। वही ‘जो मार खा रोई नहीं’ कहती है कि मैं ही सारा निमार्ण करती हूं और मैं ही तोड़ती पत्थर। इसमें गहन अर्थछायायें छुपी हुई हैं कि समाज में सारी विषमताओं, कटुताओं व स्त्री पर अत्याचार के बावजूद यह कर्म की निरन्तरता व उसके जीवन की एकान्तिक यान्त्रिकता को उभारता है। मानो वह कह रही हो कि हॉ मैं ही तोड़ूंगी ये पत्थर।

कवि जब किसी मजदूर स्त्री को देखते हैं तो सोचते हैं कि मजदूरनी है तो क्या हुआ उसको धूप में बैठ कर पत्थर तोड़ते देखते हैं तो सोचते हैं कि यहां कोई छायादार पेड़ भी नहीं है और वह बस नयन नीचे कर हथौड़े से पत्थर पर प्रहार कर रही है मानो अपनी किस्मत पर प्रहार कर रही है। इस कविता की सरल पंक्तियों में एक बड़ा सामाजिक विमर्श है। बकौल निराला कविता के अंतिम बंध में ‘वह मार खा रोई नहीं’ स्त्री समाज की सारी विषमताओं, कटुताओं व अत्याचारों के वाबजूद वह कर्म की निरंतरता व दृढ़ता व यांत्रिकता को उभारता है मानों वह कह रही हो कि हां मैं ही तोड़ूंगी ये पत्थर (जीवन की सारी जंजीरें, बंधन, व्यंजनाएं, कठोरता) इस तरह यह कविता अपनी परिणति में बेहद यथार्थ व प्रासंगिक व विषमता को नाटकीय रूप देने में सक्षम है। इसीलिए कविता यदि आज के चुनौती भरे जीवन को परिभाषित करने वाली नहीं होगी तो समय के नंगेपन को कौन व कहां चिन्हित किया जायेगा आज यह कविता हमारे सामने बिलकुल नये रुप में आती है जैसे कि इस कविता को आज के स्त्री विमर्श के संदर्भ में ही रचा गया हो।

 

-    मनीषा जैन

No comments:

Post a Comment