Search This Blog

Wednesday, 7 April 2021

मौत की किताब में जीवन की दार्शनिकता - मनीषा जैन

 

मौत की किताब में जीवन की दार्शनिकता

मनीषा जैन


अपने लेखकीय वक्तव्य में ख़ालिद जावेद लिखते हैं कि ‘मैं लिखता क्यों हूं लिखना, पत्थर पर ख़राशें डालना, उसे उधेड़ना तकलीफ़ पहुंचाना। लिखना यही सब तो है। लिखना वह है कि लेखक और उसकी रचना में कोई दूई या दूरी बाकी न रहे’ यानि पहला तो लिखना इतना कठिन काम है जैसे पत्थर पर लकीरें उकेरना और स्वयं को उधेड़ना और दूसरा रचना और लेखक में कोई फांक न रहे, कोई दूरी न रहे। दोनों एकमेव हो जाएं। वाकई में यही तो है लिखना। लेखक ने स्वयं की ‘मौत की किताब’ तैयार की है, वह मौत जो हर समय उस पर तारी रहती है।

 असल में वह मौत जो हमें न तो दिखाई देती है, मौत अदृश्य है लेकिन वह हर समय हमारे साथ-साथ परछायी की तरह चलती है। लेखक का लेखकीय वक्तव्य एक ऐसा आईना है जिसमें उन्हें जीवन के तमाम कांटे उभरे हुए दिखाई देने लगते हैं और उनसे हुए जख़्मों से ख़ून रिसने लगता है और यही एक आम आदमी में उसके ही नाख़ून जैसे पत्थर रूपी शरीर पर खरोंचे डालने लगती है। मानो मनुष्य स्वयं ही अपने जीवन के जख़्म कुरेदने लगता है मानो उसका सारा शरीर अनगिनत दुखों की टकसाल है। शमीम हनफ़ी इस किताब के विषय में कहते हैं कि ‘मौत की किताब दरअसल जिन्दगी की किताब है’ शायद सच ही कहा उन्होंने।

              sketch - manisha jain

दरअसल यह मौत के बहाने जिन्दगी की किताब है। जिन्दगी भर की मानसिक विसंगतियां, विषमताएं, बदसूरतपन, रूहानियत, घृणत्व पुस्तक के ‘मैं’ पर हावी है। दरअसल इस किताब को पुस्तक के ‘मैं’ के माध्यम से पढ़ना, कहीं न कहीं स्वयं के जीवन के मानसिक पहलू से रू-ब-रू होना है। लेखक खुदकुशी को पुस्तक के ‘मैं’ की जिन्दगी के हिसाब से दिखाकर एक तरह से पाठक को अपने में झांकने की एक खिड़की देता है। किताब का मैं खुदकुशी के ख्याल को हर समय अपने पास रखता है। दरअसल खुदकुशी एक तरह से स्वयं के लिए तैयार की गई मौत है। कहीं न कहीं हर इंसान मौत को हर पल अपने जीवन में ढो रहा होता है। हम हर पल मौत की ओर बढ़ रहे होते हैं और यही जीवन की सच्चाई है। जिसे पुस्तक का मैं अपने मन में उभरे ख्यालों को पेश करता है। उपन्यास के मैं पर आज की भाषा में (डिप्रेशन) हावी है। बार-बार उसे हर चीज खुदकुशी की ओर ले जाती है साथ ही मानव जीवन की सच्चाई आपस में गूंथी हुयी है। ‘मुझे इस बात का शिद्घत से अहसास है कि मैं अपनी मर्ज़ी से तो यहां नहीं आया था। मैं तो दुनिया में इस तरह उडे़ल दिया गया था, जैसे मिट्टी के एक बदरंग लोटे से पानी। और जो अब यहां लगातार गंदला होता जा रहा है।’(पेज़ 16) बार-बार ‘मैं’ को ख़ुदकुशी परेशान करती है। ख़ुदकुशी करने के तरह तरह के त़रीके उसके दिमाग़ में आते हैं। तब पाठक को ऐसा महसूस होता है कि क्या सच में हर इंसान इसी तरह अपनी जेबों में ख़ुदकुशी को गिलहरी की तरह नहीं रखता? पूरी पुस्तक एक तरह का कन्फेशन(आत्मस्वीकृति) प्रतीत होती है। पुस्तक का ‘मैं’ मानो जीवन की सच्चाईयां प्रस्तुत करता जा रहा है। वह बताना चाहता है कि जैसे जिस्म एक तरह का ब्लैक होल है। क्या वास्तव में शरीर एक ब्लैक ही तो नहीं होता जिसमें हमारे गुण, अवगुण, ईष्या, कामनाएं, लालच आदि गुण, अवगुण इकट्ठे होते हैं। और यदि इंसान चाहे तो स्वयं को ब्लैक होल बना सकता है जिसमें वह अपने सारे अवगुण डम्प कर एक उन्नत मनुष्य बन सकता है।

चित्र - मनीषा जैन

पुस्तक के एक अध्याय में अंधेरे में किताब के नायक के दिल की उथलपुथल ख़ुदकुशी का तारी होना, उसका दुख तक़लीफ, जीवन की विडम्बनाएं सब कुछ नकरात्मक हावी है। लेकिन पुस्तक का ‘मैं’ खुदकुशी की मुहाने पर खड़ा होकर भी जीवन को जीता है। यह जीवन के प्रति सकरात्मकता ही है। उपन्यास पढ़ते-पढ़ते कभी कभी ऐसा लगता है कि जैसे एक बेतुका सा वहशीपन जब व्यक्ति पर तारी हो जाता है तब वह उलज़ुलूल सोचता है लेकिन लेखक के यही वर्णानात्मक विवरण उपन्यास को खास बनाते हैं। छोटी-छोटी चीजों, घरों के विवरण बहुत महीन दुनिया पेश करते हैं। जीवन के सफेद-स्याहा सफ़े जो व्यक्ति को सुख-दुख देते हैं, ऐसे सफ़े इस किताब में अनगिनत हैं। किताब का ‘मैं’ उन सफ़ों के साथ ही अपने जीवन की नैया को पार लगाता हुआ दिखायी देता है। उपन्यास में पाठक को कई बार लगता है कि एब्सर्ड से विवरणों के बीच कहानी चलती जा रही है लेकिन फिर साथ ही लगता है कि जीवन की विडम्बनाएं, विवशताएं, विषमताओं को पुस्तक का नायक व्यक्त करके कम करने की कोशिश कर रहा है। जीवन की सच्चाईयों से भरा यह गद्य, जीवन का, जीवन द्वारा, जीवन के लिए जरुरी किताब का गद्य है और ऐसा वर्णन जिससे हम रोजाना गुजरते चले जाते हैं।

चित्र - मनीषा जैन

गार्सिया मार्केज़ के उपन्यासों का सा जादुई यथार्थ की छवि यहां दिखायी देती है। जिस व्यक्ति को दिल के दर्द का दौरा पड़ा हो वह उस हालत में भी आसपास के वातावरण, लोगों का बारीक़ चित्रण करता हो। असल में  किताब के नायक पर जो ज़लज़ला हावी या तारी कहें, वही ज़लज़ला शायद हर पुरुष पर तारी रहता है बस किताब का नायक उसका वर्णन मात्र कर रहा है लेकिन कोई भी साधारण पुरूष समझ ही नहीं पाता कि उसके ज़िस्म या उसकी शख्सियत में हो क्या रहा है? जब नायक की बीवी नहाकर कमरे में आती है तब नायक के दिलोदिमाग पर ऊलजुलूल, एब्सर्ड चित्रण हावी हो जाता है और उसे लगता है- “मुझे अपने गोश्त, अपनी खाल और हड्डियों के अंदर ज़लज़ला सा आता महसूस हुआ। मुझे लगा जैसे मुझे दिल का दौरा पड़ने वाला हो। एक भयानक थकान और कमज़ोरी ने मुझे जकड़ लिया”(पृष्ठ 55) किताब का नायक लिखता है “वह मुझे लोरियां सुनाने की नाकाम कोशिशें करती। वह मुझे, मेरे पिचके हुए सिर का एहसास दिलाती और घर के दरवाज़े के पास कोने में रखी एक पुरानी ज़ंग लगी कुल्हाड़ी की तरफ बार-बार इशारा करती”(पृष्ठ 58) यानि हमारे (मानव) सिर पर तारी खुदकुशी का एहसास उसे उसके जीवन की नाकामयाबियों का अहसास कराती है। जिससे वह उसको (मौत को) गले लगा ले। नायक पूरे उपन्यास में अपने जीवन की नाकामयाबियों को चिन्हित करता चलता है, तभी खुदकुशी उसके कंधे पर बैठी रहती है। शायद ऐसा हर मनुष्य के जीवन में होता है कि हर मनुष्य को खुदकुशी का खयाल पूरे जीवन में एक न एक बार आते ही होंगे। असल में तो मौत हमारे साथ-साथ चलती है और जब मनुष्य को जीवन से हारने लगता है तो मौत दबे पांव कंधे से नीचे उतर आती है और मनुष्य को गले लगा लेती है। उपन्यास पढ़ते समय महसूस होता है कि ये एब्सर्ड विवरण शायद हर साधारण मनुष्य अपने जीवन में सोचता है महसूस करता है। पुस्तक के ‘मैं’ ने अपने ज़िस्म में पैदा गंदगी, खांसी, बलगम, थूक, बदबू को जिस्म के गुनाह बताया है। पाठक यह सोचने लगता है कि ऐसा कौन सा मनुष्य होगा जो अपने ही गुनाह अपने ही जिस्म में तलाशता  होगा, मगर किताब का ‘मैं’ तलाशता है और यही एक दार्शनिक बात है कि अपने अवगुणों का आत्मसाक्षात्कार करना। “एक दिन आएगा, जब सारी नफ़रतें, सारी बेवफ़ाइयां, आवारगियां, शिकायतें और ठोकरें, गुनाह की एक ठंडी रेत में दबकर, इस मायूस ख़ाली दुनिया के फ़ना होने का मर्सिया गाएंगी”(पृष्ठ 62)सच में ऐसा दिन ही तो मनुष्य की जिंदगी का आखिरी दिन होता है जब सब कुछ खत्म हो जाता है। अपनी ही मौत का मंज़र यानि मौत के बाद किसको क्या पता? क्या हो रहा है? लेकिन उपन्यास का मैं बाक़ायदा विवरण देता है कि ऐसा हो रहा होगा। असल में जीवन की विसंगतियां, विडम्बनाएं मनुष्य की आत्मा तक में घुसकर मनुष्य को विक्षिप्त तक बना देती हैं।

चित्र - मनीषा जैन

उपन्यास पढ़कर यह विचार भी आता है कि जो व्यक्ति स्वयं इतनी दुरूह मुसीबतों में फंसा हो वह स्वयं कैसे वर्णन कर सकता है इसी तरह की फैंटेसी का साया उपन्यास के मैं पर हावी है। जैसे कोई भी विक्षिप्त व्यक्ति अपनी विक्षिप्तता का वर्णन नहीं कर सकता लेकिन उपन्यासकार ने इसका चित्रण फैंटेसी के जरिए बाखूवी किया है। इस तरह का चित्रण काफ्का के साहित्य की याद दिलाता है। और अंत में उपन्यास का मैं खुदकुशी को अपने जूते में रखकर शायद जिंदगी के प्रति सकारात्मक हो जाता है। और सकारात्मक होते ही ‘मैं’ जो मौत की किताब लिख रहा था, वहां से उसे एक बच्ची शायद अपनी ही बेटी नज़र आती है और उसका नाम मौत की किताब में दर्ज नहीं होगा, ऐसा ‘मैं’ सोचता है। और पाठक सोचने लगता है कि क्या हम सब का नाम मौत की किताब में दर्ज है? और जो आत्माएं जन्म और मृत्यु की चक्कर से छूटकर मोक्ष जाते हैं(क्या पता क्या सच है?) क्या उनका नाम मौत की किताब में दर्ज होता है या नहीं?  

और अंत में यह भी एक प्रश्न ही रह जाता है कि मृत्यु के बाद किसको क्या पता क्या हुआ? लेकिन मानव जीवन की यही विडम्बना है कि उसकी मौत का एक दिन मुकर्र है। उसी मौत का दरवाज़ा ढूंढते-ढूंढते मनुष्य अपनी जिंदगी की यात्रा तय करता है और किताब के अंत में किताब का ‘मैं’ एक वृक्ष बनकर फिर से ऐसी शख़्शियत में तब्दील होना चाहता है जिसको बनाने में रक्त (वीर्य) की जरूरत न हो। यह भी एक फैंटेसी से भरपूर बात ‘मौत की किताब’ में है कि मनुष्य जीवनभर न जाने कितनी प्रताड़ना, प्रपंच, विडम्बना, बहरूपिएपन को करता व झेलता हुआ मौत की और बढ़ता जाता है। किताब में एक बहुत गहरी दार्शनिकता के दर्शन होते हैं।

 उपन्यास की भाषा में अज़ब रोचकता, चुटीलापन, उर्दू जुबान का सतरंगीपन तथा लेखक की कल्पनाशीलता की अद्भुत विशेषता प्रशंसनीय है। उपन्यास में मानव का जिन्दगी के प्रति एक कन्फेशन, आत्मग्लानि, एब्सर्डिटी लगातार ‘मैं’ पर हावी रहती है। जीवन की सच्चाईयों से भरा यह गद्य जो जीवन के जरुरी ख्यालात है ऐसा वर्णन जिससे हम रोजाना गुजरते हैं लेकिन व्यक्त नहीं कर पाते। कहीं कहीं पर गद्य एब्सर्ड तो है लेकिन बातों को बताने के लिए लेखक जिस शैली का इस्तेमाल करता है वह बेहद रोचक है। पूरे उपन्यास में उपमाओं, विशेषणों की एक कटीली धार जो शायद पहले कभी इस्तेमाल न की गई हो। दुनिया में जितना भी एब्सर्ड विसंगतियों का संसार है उसका चित्रण शायद यहां किया गया है। शम्शुर्रहमान फ़ारूक़ी के अनुसार “खालिद जावेद ने मौत की किताब में ऐसी भाषा और बयानिया का इस्तेमाल किया है, जिससे कि इस उपन्यास में आसमानी सहीफ़ों की सी शान पैदा हो गई है। उर्दू में यह अपनी तर्ज़ का पहला उपन्यास है। यह ऐसा उपन्यास है, जिसके शिल्प और कथ्य का अनुकरण असंभव है।”

समीक्षक  -  मनीषा जैन

किताब का नाम - मौत की किताब 

लेखक - खालिद जावेद

अनुवाद -  अकबर रिज़वी

No comments:

Post a Comment