Search This Blog

Thursday, 2 December 2021

 

‘कुली’ उपन्यास और सामाजिक विषमताएं

उपन्यासकार - डा. मुल्कराज आनंद

समीक्षक – मनीषा जैन


 ‘कुली’ नामक उपन्यास डॉ मुल्कराज आनंद का विश्वविख्यात तथा मानसिक तौर पर पाठक को उद्धेलित कर देने वाला उपन्यास है। यह अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त अंग्रेजी उपन्यास ‘कुली’ का हिन्दी अनुवाद है। यह उपन्यास औपनिवेशिक भारत के सन् 1936 में प्रकाशित हुआ। यह उपन्यास बिट्रिशकालीन भारत की दुर्दशा की यथार्थ झलक दिखलाता है। भारत में सदियों से प्रचलित जाति व्यवस्था का यथार्थ चित्रण इस उपन्यास में यत्र तत्र सर्वत्र फैला हुआ है। प्रेमचंद जब 1936 में किसानों की दर्दशा के चित्रण का यथार्थ ‘गोदान’ में लिख रहे थे, तब मुल्कराज आनंद भारत में बोझा ढ़ोने वालों की दुर्दशा का यथार्थ चित्रण इस उपन्यास में कर रहे थे। ‘गोदान’ में जहां किसानों की बदहाल स्थिति का यथार्थ चित्रण है, वही ‘कुली’ में कुली जाति(बोझा उठाने वाले) तथा म़जदूरों की दुर्दशा का सच्चा चित्रण है। किस प्रकार अंग्रेजों ने भारत की गरीब जनता पर क्रूरतापूर्ण राज्य किया, किस प्रकार शोषण द्वारा गरीब जनता को मृत्यु के मुंह में जाने को विवश किया।

कुली एक ऐसे छोटे, ग़रीब, अनाथ मज़दूर लड़के मुन्नु की कहानी है, जो शुरू से लेकर अंत तक संघर्ष करता है और अंत में मृत्यु को प्राप्त होता है। भारतीय समाज से लिए गए बिलकुल सजीब चित्रण, ब्रिट्रिशकालीन  भारत की सामाजिक व्यवस्था व यथार्थ को उघाड़ते हैं तथा मज़दूर जनता की बदहाली का हूबहू चित्रण करते हैं, जैसे कि लेखक ने मज़दूर जनता के बीच में बैठकर उनको देखा हो।


‘मुन्नु का जी चाह रहा था कि निस्तब्धता हो, अंधकार हो, वह उसमें खो जाए। उसका जी चाहता था कि कहीं दूर चला जाए और अंधकार की एक ऐसी गुफा में खो जाए, जहां आज की मार का अपमान उसे कभी याद न आवे, कोई उसे पहचान ही न सके। छोटी-छोटी छलांगें, और लम्बे-लम्बे डग भरता हुआ वह गली से गुजरा और फिर सचमुच भागने लगा। पसीना उसकी ऐड़ी से चोटी तक बह रहा था।’ (पृष्ठ 61)

एक 14-15 वर्षीय अनाथ बालक किस प्रकार एक एक दाने के लिए संघर्ष करता है और मज़दूरों की हीन दशा का बारीक चित्रण इस उपन्यास का विशेष बनाता है। लेखक ने इस उपन्यास में मज़दूरों के रोजमर्रा के संघर्षपूर्ण जीवन के चित्र प्रस्तुत किए हैं।

‘मुन्नु’ इस उपन्यास का हीरो है। उसका जीवन छुटपन से अभावों के सहित जाति प्रथा की मज़बूत जंजीरों में बंधा हुआ है। जिन्हें वह तोड़ने की असफल कोशिश जीवन भार करता रहा। अपनी आंखों में अमीर होने के सपने, अंग्रेजों का सा जीवन जीवन जीने के सपने लिए वह संघर्ष करता रहा और अच्छे जीवन के सपने संजोए अंत में मृत्यु को प्राप्त होता है। लेखक ने उपन्यास में स्वाधीन भारत से पहले के समाज की विषमताएं, जाति प्रथा का दंश का संपूर्ण चित्रण दयनीय, ग़रीब मज़दूरों के माध्यम से दिखाया गया है।

‘जिस आदमी ने मुन्नु को कुएं के उपर की खिड़की के रास्ते से फ़ैक्ट्री में उतारा, उसके शरीर से एक विशेष प्रकार की गन्ध-सी निकल रही थी, जिसके कारण मुन्नु को मतली आने लगी।’(पेज़ 69)

‘मुन्नु ने जब हरी को भी उन कुलियों में देखा, तब उसका ह्दय वेदना के मारे अधीर हो उठा। सब के सब कुली हाथ जोड़े, मस्तक झुकाए, दोहरे हो-होकर हॉफते-कांपते, लुढ़कते, ठोकरें खाते अत्यन्त विनीत भाव से क्षमा मांग रहे थे।’(पेज़ 191)

उपन्यास का प्रधान चरित्र मुन्नु बचपन से मानसिक, भावनात्मक, जातिगत आधार पर किस प्रकार शोषित होता हुआ अंत में भाग्य के सहारे अपनी पहचान को खोता हुआ मृत्यु को प्राप्त होता है।

वैसे तो पूरा उपन्यास मुन्नु के इर्द-गिर्द घूमता हुआ किस प्रकार अमानवीय स्थितियों को प्राप्त होता है लेकिन ऐसा भी लगता है कि उपन्यास का मूलचरित्र भारत की जातिव्यवस्था के अंतर्गत एक बहुत बड़ा वर्ग है, जिसे अछूत व मजदूर कहा जाता है। इन सब परिस्थितियों से समाज का घिनौना चेहरा सामने आता है कि इस दुनिया में कोई किसी के लिए इंसानियत के आधार पर सहायता तक नहीं करता बल्कि उसे भाग्य के सहारे छोड़ दिया जाता है और यही भारतीय समाज का चेहरा भी है। उपन्यास में दिखाया है कि किस तरह औपनिवेशिक भारत की शोषित, अनपढ़, गरीब जनता अंग्रेजों के पांव तले कुचलने को तैया है। लेखक के शब्दों में ‘पैसा भगवान होता है, लोग दो तरह के होते हैं। एक अमीर, एक ग़रीब लेकिन भारत में पैसा जाति (कास्ट) और रूतबे (क्लास) दोंनों को तय करता है।’

‘कुली’ उपन्यास गरीब जनता के दुखों का महाकाव्य है। उपन्यास आधुनिक भारत की मानवीय अनहोनियों का संसार पूरे उपन्यास में छाया हुआ है और इस बात की भी त़स्कीद करता है कि स्वतंत्रता के बाद से भारत में ग़रीब और ग़रीब होता गया है और अमीर और अमीर। उपन्यास में छाई परिस्थितियां आज भी भारत के गांवों में भलीप्रकार देख सकते हैं।

 -मनीषा जैन

 2/11/2021

प्रकाशक - राजपाल एंड सन्स

संस्करण - 2020

कुल पेज़ - 275

 

 

No comments:

Post a Comment