नमिता सिंह की कहानियों का मूल्याकंन
समकालीन संदर्भ
मनीषा जैन
सातवें दशक के बाद जिन कहानीकारों ने जीवन के विविध विषयों को अपनी कहानियों का मुख्य विषय बनाया, उनमें नमिता सिंह का नाम महत्वपूर्ण ही नहीं जरूरी भी है। क्योंकि इनकी कहानियों ने बदलते समय की आकुलता-व्याकुलता के साथ अपने समय के यथार्थ की मुकम्मल तस्वीर प्रस्तुत की है और यदि हम इन कहानियों का पढ़ें तो हमें इन कहानियों में आज के उभरते प्रश्न सामने खड़े दिखाई देते हैं। ऐसा लगता है कि जैसे आज की सामाजिक, पारिवारिक व देश की की परिस्थितियों को कहानीकार ने बहुत पहले ही अपनी कहानियों में उतार दिया था, एक भविष्यदृष्टा की तरह क्योंकि रचनाकार एक भविष्यदृष्टा भी होता है।
समय के सच ही रचनाकार की रचनाओं
का विषय बनते है और फिर वे कहानियां ही कालजयी कहलाती हैं। बिलकुल प्रेमचंद की
कहानियों की तरह। नमिता सिंह की कहानियों में अपने समय का सच, मानवीय जिजीविषा,
पारिवारिक संघर्ष, आपसी रिश्तों का ताना-बाना व मानवीय संवेदना के साथ-साथ जीवन के
विभिन्न रंगों को, जीवन की गति को उनके संघर्षों, विषमताओं व असमानताओं व
विसंगतियों के परिपेक्ष्य में चिन्हित किया जा सकता है।
इसी तरह ‘गणित’ कहानी का नायक घोर स्वार्थी व सांमतवादी प्रकृति का मालिक है, यहां तक कि वह अपनी पत्नी को अपने स्वार्थवश घर के लिए ही लाया है लेकिन इस कहानी की नायिका का बदला हुआ रूप हमारे सामने आता है। इस कहानी का अंत इतना अप्रत्याशित होता है कि पाठक यह कहानी खत्म करते-करते ही आज की स्त्री का नया रूप अपने सामने पाता है। कहानी के अंत में जब रामलाल रोज की तरह अपनी दिनचर्या से निवृत होकर लौटता है तो देखता है कि वह औरत (उसकी पत्नी) जिसे वह अपने स्वार्थवश लाया था, हाथ में चाय का गिलास थामे रोटी डुबो कर खा रही है। यह देखते ही उसका पारा चढ़ जाता है। और उससे रहा नहीं जाता वह कह उठता है-‘हरामजादी----हराम का माल उड़ा रही है।’ लेकिन यहां हमें एक नयी स्त्री के दर्शन होते है कि जब औरत ने देखा रामलाल मोटा डंडा उसकी पीठ पर जमाने के लिए खड़ा है। वह औरत नफरत से उसकी ओर देखते हुए उससे डंडा झपट लेती है और कहती है-‘जबान संभालकर रे! हराम का कुछ नहीं। दिनभर हाड़ तोडती हूं, और यह सब--।’ और वह नीचे कूदकर डंडे को आग के हवाले कर देती है।
इस तरह इस कहानी में दबी-ढकी स्त्री के बरअक्स अपने अधिकारों के प्रति सचेत स्त्री खड़ी दिखाई देती है। कहानी में पुरूष की सामंतवादी प्रवृति का बहुत ही सटीक चित्रण किया गया है। आज की सचेत स्त्री और साथ ही सामंती मानसिकता की यह अद्भुत कहानी है।
नमिता सिंह अपनी कहानियों में समकालीन यथार्थ को प्रस्तुत करती व समसामायिक चेतना को अपनी कहानियों का विषय बनाती हैं। इसी कारण इनकी कहानियों में समाज, परिवार और देश का यथार्थ पूरी सच्चाई के साथ सामने आता है। कहानियों में सामाजिक विषमता, वर्ग संघर्ष के प्रति आक्रोश के साथ साथ समाज में व्याप्त भ्रष्टाचार के चित्र आज के यथार्थ को प्रस्तुत करते हैं।
सांप्रदायिक दंगें किस तरह भडकाए जाते है। पिछले दिनों हुए अख़लाख के केस से हम उबर भी न पाए हैं कि उसके बाद से ही सिलसिलेवार सांप्रदायिक दंगें फैलाए जा रहे हैं। आज समय भी मौन है। ये दंगें समाज में जाति-वर्ण को नहीं देखते फिर दंगें भड़काना ही कुछ तत्वों का मक़सद होता है, असलियत कुछ और होती है बताया कुछ और जाता है।
आज मनुष्य, मनुष्य का दुश्मन बना हुआ है। वर्ग वर्ण की राजनीति को हवा देकर भड़काया जाता है। घृणा की राजनीति के द्वारा राजनीतिक हित साधे जाते हैं। सांप्रदायिक घृणा व द्वेष के सटीक उदाहरण इसी तरह अनेक कहानियों में मिलता है। राजनीतिक चेतना और आर्थिक संबंधों में बदलाव के बिना कोई भी सामाजिक परिवर्तन संभव नहीं है। और सामाजिक परिस्थितियों का वस्तुपरक विश्लेषण ही सटीक जीवन दृष्टि प्रदान करता है यही सटीक जीवन दृष्टि नमिता सिंह की चर्चित कहानियों जैसे राजा का चौक, गणित, एक पैर वाला शेर, मूषक, खुले आकाश के नीचे आदि कहानियों में आसानी से देखी जा सकती है। साथ ही नमिता सिंह समाज में व्याप्त असमानता, द्वेष व विसंगतियों के विश्लेषण का बहुत बारीक खांचा प्रस्तुत करती हैं।
असल में नमिता सिंह की कहानियों का संसार उनके अनुभव से व्याप्त है। ये कहानियां महज लिखने के लिए नहीं लिखी गयी हैं। इन कहानियों में उनके अपने अनुभव मिश्रित हैं। तभी कहानियों में एक अनुभवजन्य प्रवाहमयता बनी रहती है। सांप्रदायिकता, जातिवाद तथा पुरुष की सांमती प्रवृति पर उनकी अनेक कहानियां आधारित हैं। असल में आजादी के समय से अस्तित्व में आयी सांप्रदायिकता, विभाजन के बाद से लगातार बढ़ती चली गई है। और इसी कारण हिन्दू-मुसलमानों के बीच धार्मिक खाईयां और चौड़ी होती चली गई।आज भी नारी पुरूष की सामंतवादी बर्बरता को सहन करने के लिए अभिशप्त है। लेकिन नमिता सिंह की कहानियों की नायिकाएं कहीं भी किसी भी बिन्दु पर पस्त नहीं होती। वह अपनी परिस्थितियों से बाहर निकलने का प्रयत्न कर अपने निर्णय अपने पक्ष में लेने के का साहस रखती है। स्त्री की इसी सोच से ही स्त्री की दशा में सुधार की संभावना है, वरना पुरूष व समाज तो हमेशा से ही स्त्री को स्त्री ही बनाता आया है।
‘या देवी सर्वभूतेषू’ कहानी की नायिका अपने सामाजिक व पारिवारिक जीवन मूल्य स्वयं स्थापित कर अपने प्रति जिजीविषा रखकर तथा संघर्ष को नई दिशा व सोच प्रदान करती है। रचनाकार के संस्कार तथा संवेदनशीलता पर रचनाकार के परिवेश का गहन प्रभाव रहता है। रचनाकार के परिवेश का असर उसकी रचनाओं में भी उतर कर आता है। शायद इसीलिए साहित्य को समाज का आईना कहा जाता है।
नमिता सिंह एक बेहद संवेदनशील लेखिका तथा प्राध्यापिका रहीं हैं, शायद यही कारण है कि परिवेशगत संघर्ष तथा सामाजिक सांप्रदायिकता उनकी रचनाओं के विषय बने। तथा स्वयं एक संवेदनशील स्त्री होने के कारण ही उनके अपने संस्कार ही उनकी कहानियों के पात्रों के रूप में दिखाई देते हैं। वर्तमान की स्त्री का संघर्ष, उसकी असहाय स्थिति, संघर्षशील स्त्रियों का यथार्थपरक जीवन्त चित्रण उनकी नायिकाओं के चरित्र को मजबूत बनाता है। और तभी उनके नारी पात्र अपने हित में फैसले ले पाते हैं। नमिता सिंह के स्त्री पात्र केवल अपने समाजशास्त्रीय दृष्टि से ही महत्वपूर्ण नहीं हैं, बल्कि वे अपनी अस्मिता तथा स्वतंत्रता के मानवीय पहलूओं को अपनी दृष्टि में लेकर चलते हैं।
इसी सांप्रदायिकता के कारण आम जनता का रहन-सहन दुर्भर होता जा रहा है। नमिता सिंह अपनी कहानियों व उपन्यासों में इसी सांप्रदायिकता के चहेरे का नाकाब़ हटाती हैं। उन्होंने अपनी कहानियों में मनुष्य मनुष्य के बीच पनप रही असमानता, धार्मिक व राजनीतिक उन्माद का फैलाव व असुरक्षा का माहौल व स्त्री अस्मिता के प्रश्न उठाए हैं। जिनमें कहानी यही नहीं, सरबजीत, क्रासिंग, मूषक, पर्सनल मामला आदि हैं। ‘ठहरा हुआ सबेरा’,’अपने ठिए पर’, ‘खुले आकाश के नीचे’ आदि कहानियों में समकालीन लोकतांत्रिक व्यवस्था के चरमराने पर प्रकाश डालते हुए बताया गया है कि अर्थ आधारित तथा संस्कारहीन राजनीति में सिद्वांतों का कोई महत्व नहीं होता। अर्थ के लिए आज व्यक्ति अपने ही संस्कार तक भी बदलने पर उतारू है।
ये कहानियां आज का यथार्थ प्रस्तुत करती हैं। नमिता सिंह की कहानियां परिवार व समाज की संज्ञाशून्यता की कलात्मकता प्रस्तुत करती हैं। ‘नाले पार का आदमी’ नामक कहानी में लेखिका ने दिखाया है कि बुद्विजीवी व राजनीतिज्ञ धन संपदा के समक्ष न केवल बौने हो जाते हैं बल्कि ये ही दोनों वर्ग, निम्नवर्ग के संघर्षों को कमजोर भी करते हैं। नमिता सिंह अपने सभी कहानी संग्रहों की कहानियों में मानवीय मूल्यों व संबधों की तलाश करती मिलती हैं, साथ ही शहरी व ग्रामीण राजनीतिक विसंगातियों के लिए जिम्मेवार षड़यंत्रकारी शक्तियों की पहचान करती चलती हैं
इस प्रकार हम देखते हैं कि नमिता सिंह जी की कहानियों के विषय समकालीन संदर्भों के अनुसार प्रासंगिक हैं कहानियां पढ़ते हुए ऐसा लगता है कि कहानियों में व्याप्त विषम परिस्थितियां आज के समय में कहीं न कहीं गुजर रहीं हैं। साथ ही कहानियों में व्याप्त संघर्ष, संवेदना को विविध स्तरों पर अभिव्यक्त ये कहानियां वर्तमान सामाजिक, राजनीतिक व्यवस्था गांव व शहरों के राजनीतिक व सामाजिक, पारिवारिक परिवेश, व्यक्ति के भीतर टूटती मानवीय संवेदनाएं, किसान, मजदूर के दिन प्रति दिन बढ़ती परेशानियां तथा सांप्रदायिकता की भयावहता के चित्र सच्चे व प्रत्यक्ष प्रतीत होते हैं। साथ ही उनकी कहानियों में आज के स्त्री विमर्श का हल, स्वयं स्त्री ही निकालती दिखाई देती हैं कि स्त्री को अपनी दशा व दिशा सुधारने के लिए स्वयं ही चेतन होना होगा क्योंकि अब कोई कृष्ण नहीं आने वाला। सो ही नमिता सिंह के स्त्री पात्र स्वयं के पक्ष में खड़े, मजबूत स्त्री पात्र हैं न कि दबी-ढ़की पर्दे के पीछे अपमान सहती स्त्री।अत: नमिता सिंह का कथा साहित्य 21 वीं सदी में एक मजबूत स्त्री की मजबूत छवि प्रस्तुत करता हैं। इनकी कहानियों की स्त्री असमानता न सहकर अपनी अस्मिता को कायाम रखकर अपने निर्णय स्वयं लेने वाली स्त्री को प्रस्तुत करती हैं। और अंत में बकौल नमिता जी ‘आज इक्कीसवीं सदी में भी स्त्री-प्रश्न बरकरार हैं। पुनरुत्थानवादी मानसिकता उपयुक्त राजनीतिक माहौल में फिर पल्लवित होने लगती है। धर्म, संप्रदाय और जाति की राजनीति में जो वातावरण तैयार होता है उसका शिकार भी सर्वाधिक महिलाएं ही होती है।’
- मनीषा जैन









No comments:
Post a Comment