हिन्दी अकादमी, दिल्ली की मासिक पत्रिका इन्द्रप्रस्थ भारती के फरवरी अंक में मेरी कुछ कविताएं प्रकाशित हुई।
1. आंखें खुली रखना
--------
उम्र के मानचित्र पर
जब आयेंगे हम आमने सामने
मैं देखूंगी तुम्हारी
आंखों में
अपनी आंखों में उतरते
सागर को
तब मेरे मन के नीले जख़्म
घुल जायेंगे तुम्हारी
आंखों के
हरे समुन्दर में
उस वक्त तुम अपनी आंखें
खुली रखना
कहीं फिर से बह न जाउं मैं
तुम्हारी आंखों से बाहर
जैसे रखा तुमने हमेशा ही
अपनी आंखों से बाहर मुझे
-----------------
2. एक कस्बे की गली और चांद
एक कस्बे की घचर-पचर सी
गली में
जहां सुबह से शुरु होता
है
रसोई का शोर/और बर्तन
ठोकने की ठ्क-ठ्क
सुबह से शाम तक चलता है
यह अनहद् राग
बस आवाज़ें ही आवाज़ें
सुनी थी कभी ठठेरों की
गली से उठती आवाजें
आप गये हैं कभी उन गलियों
में
जहां औरतें पकाती रहती
हैं दाल और भात घरों में
पुरुष ठोकतें रहते हैं
बर्तन
मैं समझती हूं, उन आवाज़ों से निकालता दर्द
साथ ही उस गली के हर घर
का
हर गूंज का दर्द
उन्होंने बचपन से ही सीख
लिया था दर्द के साथ रहना
हर टीस के कोण,
हर दर्द के राग
दर्द से ही उठती है पेट
की भूख
रोटी न मिलने पर वह
मचोड़ता है पेट
भूख को रखता है ताख़ पर
उसी ताख़ पर रखे हुए भूख
के टुकड़े
आने वाली पीढ़ी के शरीर से
चिपके
मचाते हैं हल्ला
कोई नहीं पहचानता भूख का
रंग
क्या वे पहचानते हैं अपने
पूर्वज या विरासत में मिले भूख के टुकड़े?
जैसे हम भी नहीं पहचान
पाते/अपने ही पूर्वजों के अंश
किसी एक बिन्दू पर मिलती
है भूख और प्यास
बतियाती हैं एक दूसरे से
वो हाथ बांधता है कमर के
पीछे
रहता है जीवन की कशमकश के
संग/
एक उधेड़बुन चलती है
लगातार/वो जीवन मृत्यु में झूलता
ढोना चाहता है पहाड़
खोदना चाहता है कुंआ
और कुंए से निकलेगा
तेल/उसकी भूख चाटेगी तेल
वो प्यास से सूख कर पापड़
बन जायेगा
और पापड़ की चूरर-मूरर की
ध्वनि
जगा देगी उसकी भूख
उधर रतीले मुल्क के लोग
आधी टांग का पजामा
पहन/मिट्टी में सने पैर
देखते रहते हैं चांद-रात
का चांद
मगर उनकी खाली झोली हिलती
रही
जैसे खाली लिफाफे फूलते
रहे/जिनमें फूलती थी कभी रोटी
जैसे मुंह से फूलाकर फोड़ा
किसी ने कागज़ का लिफाफा
धप्प् की आवाज़ से सहम गये
सब
आपने सुनी है यह आवाज़ ?
सुनो चांद रात के चांद !
तुम घबराये तो नहीं
पापड़ की आवाज़ या खाली
लिफाफे की आवाज़ से
तुम तो बहुत दूर हो
पृथ्वी से
परन्तु तुम दिखते रहते हो
हमेशा अटल
चांद! तुम भी ठठेरों की
गलियों में आओ कभी
वहां पसरा है अंधेरा,
भूख की तरह
उनको सुनाई देती है सिर्फ
ठ्क ठ्क
सोते जागते
यह ठ्क ठ्क ही पैदा करती
है अनाज
उनका ब्रहमाण्ड छिपा है
उन बर्तनों में/जिन्हें ठोकते हैं वे/ देते हैं आकार
उनका बच्चा भी सीख रहा है
बर्तनों को आकार देना
एक कस्बे की उस गली में
आओ कभी
ठोकों तुम भी बर्तन
जिन्हें ठोकने से मिलती
है रोटी उन्हें
और तुम भी महसूस करो पेट
की ज्वाला
और हथौडे की तपन।
---------
3. मनुष्य और खाई
उन अंधेरी रातों में
जब हम हार रहे थे तुमसे
कर रहे थे समर्पण
उसी वक्त कोख में
रोपी जा रही थीं
पुत्रियां
जन्मने पर वो/ बहुत डरती
थीं अंधेरों से
जीवन समुद्र में आने से
डरती थीं
नापती थी अंधेरों की
गहराई
इस संपूर्ण ब्रहाांड में
अकेली थीं वो
वे बोलते बोलते/ढह जाती
थी
कच्ची दीवार की तरह
आगे चलकर उन्होंने ही
बुने
घर की चादर के मजबूत धागे
उन्होंने ही तैयार किए
योद्धा
उन्होंने ही पैदा किए
ईश्वर
फिर मंदिरों के गर्भग्रह
में
उन्हीं के जाने की मनाही
हुई
तुम्हारे भगवान बनने से
पहले
उन्होंने ही पाला तुम्हें
पैदा किए
तीर्थंकर
बुद्ध
ईसा, मूसा
उन्हें ही भगवान की
प्रतिमा
छूने की मनाही हुई
और तो और
जिन्होंने बनाए पुरुष
उन्हें ही बताया गया
कि तुम्हें कभी मोक्ष
प्राप्त नहीं होगा
तुम यूंही जन्म-मृत्यु के
चक्कर में घूमती रहोगी
ये कैसी तराज़ू है/ जो
आत्मा-आत्मा में फर्क करती है
इंसान-इंसान के बीच फ़र्क
करती है
कितनी गहरी खाई है/कभी न
पटने वाली।
--------------------------
4. बिजूका नहीं हैं हम
चाहे हमें सूई के छेद से
निकालो
चाहे हमें सूरज की आग में
धर दो
चाहे दुत्कारो, झिड़के दो
रहेंगे हम इज्ज़त तुम्हारी
बिजूका नहीं हैं हम
चाहे हमें इंसान भी न
समझो
हमें चींटी का रुतबा दो
चाहे हमें पैर के अंगूठे
पे धर कर उछालो
रहेंगे हम ज़रुरत तुम्हारी
क्योंकि बिजूका नहीं हैं
हम
चाहे हमें ड्राइंगरुम
सजावट बनाओ
बोनसाई की तरह काटो हमारी
जड़ें
बौने नही रहेंगे हम
फिर फिर उगेंगे हम
क्योंकि बिजूका नहीं हैं
हम
हमें मिलें आर्शीवाद में
भी तुम्हारी ही चर्चा
फिर क्यों नाहक ही/ परेशान
होते हो तुम
जितना भी काटो पेड़ के
पत्ते
उतना ही घना होता जाता है
पेड़
वैसे ही घने होते जायेंगे
हम
जब जब भी डालोगे जंजीरें
हमारे पैरों में
और ऊंचा उठेंगे हम
क्योंकि बिजूका नहीं हैं
हम।
----------------------
5. कौन सा घर है उसका ?
जब जाती है वह मां के घर
तब ही कहा जाता है
कि वह मां के घर जा रही
है
जहां वह अब मेहमान सी है
फिर दो चार दिन रहकर
चलने का दिन आ जाता है
फिर मां कहती है-
बेटी! अब यह घर पराया है
तुम्हारे लिए
तुम अपने घर जाओ
अब वह मायके से ससुराल
वापिस आ रही है
रास्ते भर उसका दिमाग
परेशान है
दिल घबराया, नज़रें बैचेन हैं, सोच रही है
कौन से, किसके घर जा रही है वह?
दो-दो घर हैं उसके
मगर कौन सा घर है उसका ?
जिसे नितान्त वह अपना कह
सके
घर में रहते हुए भी वह
ढूंढ रही है अपना
घर......
मनीषा जैन
No comments:
Post a Comment