Search This Blog

Monday, 28 April 2014

अज्ञेय की माैन असाध्य वीणा




अज्ञेय जी के जन्म शताब्दी वर्ष  2011 में यह अालेख लिखा था । लखनउ से प्रकाशित पत्रिका साहित्य भारती में प्रकाशित हुअा था। 

अज्ञेयजी ने जिस अनुशासन के साथ कविताऐं लिखी पढ़ते समय भी वही अनुशासन की मांग करती हैं। उनकी कविताऐं मौन अभिव्यक्ति देती हैं तथा पाठक को भी मौन हो कर ही आत्मसात् करनी चाहिए। अज्ञेय की कविताऐं मन के   भीतर दलने व गुनने, मथने की जरूरत है तभी वे एक सार्थक सत्य उजागर करती हैं। वे लिखते हैं-

‘मैं सोते के साथ बहता हूं
पक्षी के साथ गाता हूं
वृक्षों की कोंपलों के साथ थरथराता हूं
और उसी अदृश्य क्रम में
भीतर ही भीतर
नए प्राण पाता हूं।

वे प्रकृति से जीवन पाते हैं और वह जीवन अमूर्त होता है। अमूर्त सत्ता ही सत्य है। मौन में ही अमूर्त सत्य छिपा होता है। मूर्त जगत का असत्य, झूठ, फरेब, दग्ध वासनायें उसी सत्य में लीन होकर अपनी असत्यता को प्राप्त करती हैं क्यों कि बाह्य जगत के दुर्गुणों को व्यक्ति अपने अंर्तमन में ही उनका प्रक्षालन कर सत्य को प्राप्त होता है। अज्ञेय जी आधुनिक बोध के कवि है। अज्ञेय व्यक्तित्व की स्वतंत्रता का बोध अपनी कविताओं में कराते हें। वे सत्य के अन्वेषी हैं। अज्ञेय स्वंय सत्य की नई खोज करते हैं उनके सत्य के अन्वेषण का अभिप्राय स्वाधीन चेतना के अनुभव से है उनकी कविता ‘घर कुटीर का छोटा सा दिया’ तथा ‘छोटी सी ज्योति’ से तात्पर्य स्वाधीनता की चेतना व व्यक्तित्व की खोज से है अज्ञेय जी की सत्य की खोज व्यक्तित्व की खोज है। लेकिन अज्ञेय जी व्यक्तिकता के साथ-साथ सामाजिकता पर भी जोर देते हैं-

 ‘यह दीप अकेला स्नेहभरा है  
 गर्व भरा मदमाता
इसको भी पंक्ति को दे दो’

अज्ञेय अपनी कविताओं में व उनके विषय में, उनके शब्दों में एक आधुनिक कवि हैं उनके काव्य में व्यक्तित्व की पहचान के साथ-साथ व्यक्ति के सामाजिक होने का भी आग्रह है। वे नयी अवधारणों, मूल्यों, विचारों के कवि है उनकी कविताओं में व्यक्ति को जीवन शक्ति स्वंय को शक्तिशाली समझने से प्राप्त होती हे वे औसत मूल्यों को निजी वयक्तित्व के र्स्पश से नया मूल्य देते हैं। व्यक्ति समाज में रह कर ही प्रेम, विषाद, मृत्यु का अनुभव कर सकता है। जिस प्रकार अरस्तू ने कहा-‘ मनुष्य एक सामाजिक प्राणी है।’ समाज में रह कर ही व्यक्ति का समुचित विकास होता है और वही सामाजिक विषय अज्ञेय की कविता को नयी शक्ति प्रदान करते हैं वे लिखते हैं-

 ‘मैं आस्था हूुं
तो मैं निरन्तर उठते रहने की शक्ति हूँ
मैं व्यथा हूं
तो मैं मुक्ति का श्वास हूं।

 और यही मुक्ति का श्वास व्यक्ति को जीवन प्रदान करता है। अज्ञेय ने अपने निजी अनुभव से कविता में नए प्रयोग किए। अज्ञेय कविता को सबसे पहले शब्द मानते हैं। वे सत्य को अन्वेषण का विषय मानते हैं। वे मानते हैं कि शब्द व सत्य एक दूसरे के अनुरूप होकर नहीं परस्पर टकराकर नया काव्यत्व प्राप्त करते हैं। अज्ञेय का बल प्रयोगशीलता पर इसलिए है क्यों कि कविता बार-बार नया अर्थ व नया रूप प्राप्त करती है  क्यों कि हर व्यक्ति हर कविता में नए रूप व नए अर्थ देखता हैे इसलिए कविता हमेशा प्रयोगवादी रहती है। वे लिखते हैं-

‘‘हम निहारते रूप,
हांफ रही है मछली
 रूप तृषा भी
( और कांच के पीछे)
है जिजीविषा।’’

अज्ञेय की कविता ‘‘कितनी नावों में कितनी बार’’ में उन्होनें उसी सत्य को खोजने के लिए कितनी बार जीवन रूपी नाव में यात्रा की है नाव का डगमगाना मानों विचारों का डगमगाना तथा इसी डगमगाहट में कवि उस सत्य रूपी छोटी सी ज्योति को प्राप्त करना चाहता हेै जो हर मनुष्य में विद्यमान होती है तथा हर व्यक्ति के भीतर जलती हुयी छोटी सी ज्योति ही उसे मोक्ष का मार्ग यानि सत्य का मार्ग दिखलाती है। अज्ञेय जी ने कितने सरल शब्दों में कितनी गहरी तत्व दर्शन की बात कितनी सहजता से कह दी।

अज्ञेय ने लम्बी कविता ‘असाध्य वीणा’ में तत्व दर्शन की गहरी खोज की है, कविता में अहं का विस्मरण कर ही मानव मानवता के उच्च शिखर को प्राप्त कर सकता है। अज्ञेय जी का व्यक्ति चिंतन ,भारत के विभिन्न धार्मिक संप्रदायों की तत्व संबधी अवधारणाओं के सार को अपने मनोनुकूल ढाल कर एक नया दर्शन खड़ा करता है।

जिस तरह रचनात्मक कर्म संपूर्ण सर्मपण की मांग करता है उसी सर्मपण भाव के द्वारा ही असाध्य समझी जाने वाली वीणा को कविता का नायक केशकम्बली बजाने में समर्थ हो सका। असाध्य वीणा ब्रज कीर्ति द्वारा निर्मित एक ऐसी वीणा है। जिसे कोई कलाकार नहीं साध पाता है राजा के निमंत्रण पर एक बार प्रियवंद केशकम्बली नामक एक साधक उस वीणा को साधने का प्रयत्न करता है अज्ञेय ने वीणा साधने की प्रक्रिया को बड़ी गहराई से साधा है। कविता यहां मिथकीय वातावरण बनाती है। लेखक मिथक के द्वारा ही इतिहास को वर्तमान में लाकर प्रासागिंक बनाता है तथा उसी में भविष्य की रोशनी भी देखता है।

 कवि ने ‘असाध्य वीणा’ में सर्जनात्मक रहस्य को समझाने का प्रयत्न किया है। संपूर्ण सर्मपण के क्षणों में श्रेष्ठ रचना संभव होती है और साधक सब कुछ भूलकर जीवन रूपी वीणा को साधता है उसी प्रकार लोक में मनुष्य को अपने जीवन को साधना पड़ता है और साधना के एक चरम बिन्दू पर व्यक्तिगत अहं का विस्मरण कर साधक आत्मा के साथ एक लय हो जाता है तभी रचना (जीवन) में एक चमत्कार उत्पन्न होता है। स्वंय को शोधना आत्मालोचना करने जैसा है बिना आत्मालोचना व सर्मपण के सर्जनात्मक श्रेष्ठता प्राप्त नहीं होती। अतः स्वंय को भूलकर ही प्रियवंद को स्वर सिद्धि मिली तथा उसके स्वर सधते ही सभा में उपस्थ्ति सभी व्यक्तियों ने अपना-अपना सत्य पाया तथा स्वर के सिद्ध होने पर सभी को एक ही समय में अनेक व्यक्तियों को समझ में आ गई। कविता में अज्ञेय जी ने कहा-

‘‘डूब गए सब एक साथ
सब अलग-अलग एकाकी पार तिरे
राजा ने अलग सुना....
रानी ने अलग सुना...
सबने अलग-अलग संगीत सुना...।’’

यह रचना उसी तरह के तत्व का दर्शन कराती है जिस प्रकार जैन धर्म के तीर्थंकरों को जब केवल ज्ञान की प्राप्ति हेाती है तब उस समय तीर्थंकरों के चारों ओर एक समोशरण निर्मित होता है उसमें देवता, मनुष्य, पशु, पक्षी सभी उपस्थित होकर तीर्थंकर की वाणी अपनी-अपनी बोली, भाषा में सुनते हैं। इसी तरह जब प्रियवदं की वीणा सधी तो उस वीणा की झंकृति से राजा, रानी, किसान, मजदूर, सेठ, साहूकार, रंक सभी समान रूप से आहृलादित हुए। इस प्रकार सर्मपण, शून्य, मौन का महत्व इस कविता में प्रस्फुटित हुआ है और इसी महामौन को मोझ की अवस्था कहते हैं। इस तरह अज्ञेय जी की कविताओं में मौन का महत्व मुखरित हुआ है।

‘‘हरी घास पर क्षण भर’’ कविता में अज्ञेय जी की व्यक्ति चेतना निरन्तर एक दर्शन के रूप में संघनित होते हुए दिखाई देती है यह एक प्रकृति बोध की कविता है। अज्ञेय की कविताओं में प्रकृति का रंग मानव के रंग में रचा बसा है। प्रकृति के प्रति मानवीय होने की आकांक्षा कवि के हृदय में है। वह प्रकृति की तरह सहज जीवन बिताने पर जोर देते हैं बनावटीपन, औपचारिकता ने मानव के जीवन को कृत्रिम बना दिया है कवि इस कृत्रिमता को जीवन से हटाने के पक्षधर हैं वे मानव को प्रकृति की तरह सहज व सौम्य होने का न्यौता देते हैं।
अज्ञेय जी आधुनिक बोध, संवेदना, प्रकृति, आत्मदान, सौंदर्य, मृत्यु, मौन, सत्य के कवि हैं। अज्ञेय की कविताओं में एक क्षण ही शाश्वत समय की धारा है उस क्षण के चरम बिन्दू पर ही भूत, वर्तमान व भविष्य सभी एकमेव हो जाते हैं-

‘‘एक क्षणः क्षण में प्रवाहमय
व्याप्त संपूर्णता
एक क्षण होने का
अस्तित्व का अजस्र अद्धितीय क्षण
होने ंके सत्य का
सत्य के साक्षात का
साक्षात के क्षण का
क्षण के अखण्ड पारावार का
आज हम आचमन करते हैं।’’

 अज्ञेय जी का क्षण बोध ही वर्तमान में आस्था का दीप जलाता है।

अज्ञेय की कविताओं के अर्थ गहन अध्ययन की मांग करते हैं उनके विषय कविताओं में ही छिपे होते हैं। तार सप्तक के दूसरे संस्करण में अज्ञेय जी ने लिखा-‘कविता सबसे पहले शब्द है और अंत में भी यही बात बच जाती है कि काव्य शब्द है......। ध्वनि, छंद, लय आदि सभी प्रश्न इसी में से निकलते हैं और इसी में विलय होते हैं।’’
उनकी काव्य भाषा में गज़ब की विभिन्नता है उनके काव्य बिबं, काव्य प्रतीक, मिथक, उपमान सभी अद्भुत होते हैं उन्होनें लिखा-

‘‘तुम्हारी देह
 मुझको कनक चम्पे की कली है
दूर से ही
स्मरण में भी गंध देती है।’’
                                                      चित्र :  मनीषा जैन


अज्ञेय की सबसे बड़ी विशेषता इनका मौन का प्रयोग हैं। कहा जाता है कि मौन में एक बड़ी शक्ति छुपी होती है। इनकी कविताओं के मौन में बड़ी अभिव्यक्ति छुपी रहती है ‘पहले मैं सन्नाटा बुनता हूं।’ शीर्षक कविता संग्रह में अज्ञेय ने मौन के सफल प्रयोग किए। अज्ञेय जी यात्राओं के कारण एक स्थान पर स्थिर न रह कर भी निरन्तर साहित्य साधना करते रहे तथा साहित्य की सभी विधाओं में रचनायें कर हिन्दी साहित्य को समृ़द्ध किया।
 काव्य, उपन्यास, कहानी संग्रह, गीति नाट्य, निबंध संग्रह, यात्रा वृतान्त, अनुवाद आदि सभी विषयों में इन्होनें अपनी लेखनी चलाई। यात्रा वृतान्त ‘‘अरे यायावर रहेगा याद’’ विशेष रूप से प्रसिद्ध रही तथा उपन्यास ‘‘शेखरः एक जीवनी’’ को विशेष प्रसिद्धि मिली। हिन्दी में सर्वाधिक रचनाओ का श्रेय इन्हें प्राप्त है। इन्होनें कविता को नए शब्द नए अर्थ दिए।
आज की समकालीन कविता व जीवन में अज्ञेय की प्रासांगिकता निरन्तर बनी हुयी है तथा आज के वैज्ञानिक युग में अज्ञेय की उदार व सम्यक् दृष्टि राष्टीयता से ऊपर उठकर अर्न्तराष्ट्रीय संवेदना को जागृत करती है।


मनीषा जैन
13अप्रेल 2013



Monday, 21 April 2014

काव्य संग्रह "कायांतरण" पर मनीषा जैन का समीक्षा अालेख

जितेन्द्र श्रीवास्तव के काव्य संग्रह "कायांतरण" पर मनीषा जैन की समीक्षा   
                      

सुपरिचित युवा कवि व अालाेचक जितेन्द्र श्रीवास्तव साहित्य जगत में एक जाना पहचाना नाम है। अभी अभी इनका नया काव्य संग्रह "कायांतरण" प्रकाशित हाे कर अाया हैै। इसकी समीक्षा की है मनीषा जैन ने। ताे
अाइए पढ़ते हैं यह समीक्षा।

मनीषा जैन
 कायांतरण से अागे अात्मांतरण की कविताएं


कविता का स्वभाव जहां सरल, कोमल व शांत होता है वहीं वह जीवन के यथार्थ भावों का सहज उच्छलन होता है। कविता के द्वारा ही कवि की जीवन-दृष्टि, सामाजिक सरोकार, लोक के प्रति समर्पण जैसे भावों के दर्शन होते हैं। यही समाज में कवि का स्थान नियुक्त करते हैं तथा मनुष्यता का बोध कराते हैं। सुचर्चित युवा कवि-आलोचक जितेन्द्र श्रीवास्तव की कविताएं भी आज के समय में मनुष्यता को व्यक्त करती हैं। आज की ‘दो मिनट नूडल्स वाली दुनिया’ में ये कविताएं जीवन में स्थिरता व सकारात्मकता प्रदान करती हैं।
जितेन्द्र श्रीवास्तव की नई कविताओं का संग्रह ‘कायांतरण’ बिल्कुल नए भाव-बोध, नए बिम्ब लेकर आया हैं। ये कविताएं किसी परिपाटी के सांचे में नहीं, बल्कि बिल्कुल प्राकृत रूप से रची गई हैं तथा समाज को नया विस्तार व विकास देती हैं। इन कविताओं में जीवनानुभव का विशाल धरातल है तथा जीवन की अनपेक्षित स्थितियों को बड़े सहज शब्दों में व्यक्त किया गया है। इस संग्रह की कविताओं में जीवन की सच्चाईयों की परछाईं सर्वत्र विद्यमान हैं। इसलिए कबीर की कविता की तरह ‘‘तू कहता कागद की लेखी, मैं कहता आंखिन की देखी’’ की सच्ची आंच ही इन कविताओं में दहकती है तथा पाठक को अपने मन की-सी बात ही लगती है जो कि एक कवि की सार्थकता होती है।
इस संग्रह की कविताओं की अनुभूति घर-परिवार, गांव से निकल कर शहर तथा शहर से फिर घर परिवार और जे.एन.यू में विस्तार पाती है जिसमें कवि की व्यक्तिगत अनुभूति को महसूस करने का आनंद प्राप्त होता है; क्योंकि कवि की वैश्विक दृष्टि व सफलता की भूमि वहीं से तैयार हुई थी जिसकी अनुभूतियां आज भी कवि के अन्तस्तल में व्याप्त हैं-

‘‘मेरे यहां बीते बरस
मेरी धमनियों में संचरित होते हैं रक्त की तरह
यकीन न आए तो पिन चुभा कर देख लीजिए।’’ (पृ0110)

यह संग्रह कवि के पिछले संग्रहों ‘‘इन दिनों हालचाल’’, ‘‘अनभै कथा’’, ‘‘असुन्दर सुन्दर’’ और ‘‘बिलकुल तुम्हारी तरह’’ की अपेक्षा नयापन लिए हुए व जीवन के विस्तार व काया के आत्मा में लीन होने की उच्चता लिए हुए है। यहां काया का आत्मा की ओर मुखरित होना ही नहीं, अपितु आत्मा के सामाजिक व पारिवारिक दायरे का फैलाव भी है। इस वैश्वीकरण के दौर में भी कवि अपने भीतर संवेदना की एक लौ जलाये रखता है जो सामाजिकता की ओर संकेत है। यही संवेदना कवि ने ‘‘खबर’’ नामक कविता में उठाई है। एक मजदूर की विडम्बना कवि को भीतर तक संवेदित कर जाती है-

‘‘वह एक अदना-सा मजदूर
खींचता था ठेला
बंाधकर पीठ पर बोरियां कोशिश करता था हंसने की
ज्यादा उम्मीद यह है कि उस मामूली आदमी के लिए
जगह ही न अखबारों में
समय ही न हो समाचार चैनलों के पास’’ (पृ0 32,33)

इस संग्रह की कविताओं में आज के समय को ‘‘पीपल के पत्तों सा झरता हुआ’’ व ‘‘काठ की तरह बेजान’’ बताने के बावजूद सभी कविताओं में रिश्तों के पानीदार होने की संभावना व उम्मीद की रोशनी दिखाई देती है। आज जब वक्त कठिन होता जा रहा है, व्यक्ति के पास व्यक्ति के लिए समय ही नहीं है, तब भी वे इस बेरूखे समय में कहते हैं-

‘‘और हां-
अबकी मिलना तो
आंखों में आंखें डाल कर मिलना
सचमुच/धधाकर मिलना’’ ( पृ0 15)

जितेन्द्र अपने समय के शायद ऐसे अकेले कवि होगें जिनमें जीवन के अनुभव की गहराई, रिश्तों को समझने की समझ, भाषा की सुगढ़ता सभी विस्तार पाते हैं तथा कविता आत्मा के अन्तरतम् बिन्दु तक पहुंच कर सुख का अनुभव कराती है। कहने की आवश्यकता नहीं कि कविता का उद्देश्य ही होता है सुख का अहसास कराना। एक कविता में वे कहते हैं-

 उजाला पसरता है इस तरह
कि उतर जाएगा जैसे
आत्मा की भीतरी चादर में (पृ0 115)

इस तरह के बिम्ब पाठक को सुख की अनुभूति कराते हैं लेकिन इस तरह की कविताओं को ध्यान से पढ़कर आत्मा में उतारने की जरूरत होती है। इस तरह की कविताओं को पढ़ना जैसे मनुष्यता को पढ़ना व लू जैसे समय में बारिश के छीटों को महसूस करने जैसा होता है। ये कविताएं थाहकर लिखी गई हैं। इनमें कोई जल्दबाजी नहीं है।

हमारे वास्तविक जीवन में स्मृतियां एक अहम् भूमिका निभाती हैं। स्मृतियां ही हमारे उथल-पुथल भरे जीवन को ठंडी छांव सी देती हैं। इसलिए कविताओं में स्मृतियां बार-बार उभर कर पुनः जीवन प्राप्त करती हैं। वे कहते हैं-

अब बाबूजी की बातें हैं, बाबूजी नहीं
उनका समय बीत गया
पर बीत कर भी नहीं बीते वे
जब भी चोटिल होता हूं थकने लगता हूं
जाने कहां से पहुंचती है खबर उन तक
झटपट आ जाते हैं सिरहाने मेरे। ( पृ0 53)

और

स्मृतियां सूने पड़े घरों की तरह होती हैं
लगता है जैसे/बीत गया सब कुछ
पर बीतता नहीं है कुछ भी ( पृ0 61)

जैसा कि पीछे कहा गया है, इन कविताओं में परिवार व समाज प्रमुखता से मुखरित होते हैं। ये कविताएं इतनी मनुष्यता लिए हुए हैं कि जन-जन व आम जन तक पहुंचाया जाना चाहिए।

जितेन्द्र की वास्तविक चिन्ता मनुष्यता, समाज, घर परिवार और वर्तमान से जुड़ने की चाह है; क्योंकि इसी जुड़ाव से मनुष्य का जीवन विस्तार व उष्मा पाता है। आज के बाजारवाद की दुनिया में रहने के बाबजूद कविताओं में मनुष्यता का विवेक ज्यों का त्यों है-

‘‘जीतने के प्रतिमान बदल भी सकते हैं
कभी बदल सकते हैं चलने के भी मेयार
इसलिए किसी सच को मान लेना स्थायी सच
समय की नदी में नहाने से बचने का मार्ग तलाशना है।’’

इन कविताओं में समय की काली नदी से बचने का आग्रह है व मनुष्यता का दम भरने का साहस है। ये जीवन के प्रश्नों को हल करने का माद्दा भी रखती हैं। संग्रह में सरकार की नजर, कायांतरण, अपनों के मन का, नमकहराम, बिजली की तरह गिरता हुआ, शहर का छूटना व अन्य कविताएं निरंतर विकास की ओर मुख किए रहती हैं। कुछ कविताएं वैयक्तिता से होकर सामाजिकता के बीच जाकर समाज की हर गतिविधि को अपनी नज़र से देखती हैं।

जहां स्त्री विमर्श पर आज ढ़ेरों कविताएं लिखी जा रहीं हैं वहीं इस काव्य संग्रह की स्त्री विषयक कविताएं स्त्री विमर्श को नया आयाम देती हैं। स्त्री जीवन से जुड़ी कविताओं को पढ़ते हुए एक क्षण के लिए भी नहीं लगता कि ये कविताएं किसी पुरूष द्वारा लिखी गई हैं। इस अर्थ में ये ‘आत्मान्तरण’ की कविताएं हैं। संग्रह की कविताओं में परंपरा से घिरी स्त्री को बाहर निकालने का प्रयास है-
‘‘स्त्रियां अनादिकाल से पी रही हैं अपना खारापन
बदल रही हैं
आंखों के नमक को चेहरे के नमक में’’ (पृ011)

और

‘‘जिसे उसकी राय जाने बिना
बांध दिया गया अनजान खूंटे से
तुम्हारी गलतियों ने
लहुलुहान कर दिया है उनका जीवन’’ (पृ044-45)
चित्र    मनीषा जैन


भारत में पति के अस्तित्व से पहचानी जाने वाली स्त्रियां जीवन के अर्थ को सिंदूर में देखती हैं व भय में जीवन गुजार देती हैं- 

‘‘अब विश्वास हो गया है मुझे
कि सिंदूर भय है स्त्री का
जो डर अनादिकाल से/घुला हुआ है
रक्त-मज्जा-विवेक में/वह कैसे निकलेगा
मीठी-मीठी बातों
और छोटे-छोटे स्वार्थों से। (पृ0 77)

इस प्रकार इस कविता संग्रह की कविताएं जीवन के फलक को अपने में समेटे हुए उन्हें विस्तार देने के साथ ही संवेदना के फलक को चौड़ा करती हैं। सहज भाषा व बिंब इन कविताओं को असामान्य व अनुपम बनाते हैं। कविताओं में पठनीयता, सहजता व संप्रेषणीयता है। भूमंडलीकरण की इस आंधी में मानुष राग, नया विहान, रक्त में खुशी, अपनों के मन की पुकार, केन की उदासी आदि कविताएं जीवन और समाज को हमारे सम्मुख लाती हैं। इन कविताओं की विषय-वस्तु व अभिव्यक्ति की निजता ही इन्हें बिल्कुल भारतीय संदर्भ प्रदान करती हैं।

समीक्षा लेखिका-  मनीषा जैन
e mail-- 22manishajain@gmail.com


पुस्तक-  कायातंरण 
कवि -  जितेन्द्र श्रीवास्तव
प्रकाशक-   किताबघर प्रकाशन
प्रथम संस्करण -  2012
मूल्य-    एक सौ अस्सी रूपये



Friday, 18 April 2014

मनीषा जैन के काव्य संग्रह "राेज गूंथती हूं पहाड़" पर प्राे0 बली सिहं की समीक्षा


2013 में मेरा काव्य संग्रह "राेज गूंथती हूं पहाड़" प्रकाशित हुअा। इसी काव्य संग्रह की समीक्षा प्रस्तुत है।

इस काव्य संग्रह की अधिकतर कविताएं स्त्रियाें  की भावनाअाें काे  अभिव्यक्त करती हैं। इस लिए ये कविताएं सभी स्त्रीयाें के मन की कविताएं है। इस काव्य संग्रह की समीक्षा प्राेफेसर बली सिहं जी ने की हैै। ताे अाइए  पढ़ते है यह समीक्षा।

स्त्री केंद्रित साैंदर्य बाेध

बली सिहं



आज हम जिस दौर में जी रहें हैं, वह वास्तव में संक्रमण का दौर हैै। ऐसे समय में बहुत सारी चीजें  एक साथ घटित होती हैं। अनेक अस्मिताएं उभरती हैं तो कई ख़त्म भी होती हैं। यह लोकरूपों के ख़त्म होते जाने का दौर है। एक तरफ़ विकास है जो कि हमारे समय का एक नया आख्यान है, तो दूसरी ओर बड़े पैमाने पर विस्थापन घटित हो रहा है। मनुष्य ही नहीं वरन् प्रकृति के अनेक रूप यानी पशु-पक्षी, पेड़-पौधे, नदी-नाले और पहाड़ भी विस्थापन  की प्रक्रिया से गुज़र रहे हैं। यही नहीं, इस दौर में तमाम चीज़ों पर, चाहे पहले की हों या अब की, पुनरावलोकन किया जा रहा है, संबधों पर नये सिरे से सोचा जा रहा है। निजी इच्छाओं-आकांक्षाओं यानी व्यक्ति अस्मिता की अन्य अस्मिताओं के साथ संबंध की एक विशिष्ट समस्या हमारे समाज में पैदा हो रही है निजता और सार्वभौमिकता के संबंध-संतुलन की समस्या। यह स्थिति ऐसी है कि हमें कहीं-न-कहीं भटकाव की ओर भी ले जा रही है। हमें किसी भी एक सुनिश्चित निर्णय पर पंहुचने ही नहीं दे रही है। किसे सही मानें और किसे ग़लत? ऐसे माहौल में जिस तरह का मनोलोक निर्मित हो रहा है, मनीषा जैन की कविताएं उसको अभिव्यक्त करती हैं। अभी तक उनका एक ही काव्य-संग्रह प्रकाश में आया है, रोज़ गूंथती हूं पहाड़।
मनीषा जैन के सौंदर्यबोध में स्त्री केंद्र में है। वे अपने ही ढ़ग से स्त्री-जीवन को समझने और उसे व्यक्त करने की कोशिश करती हैं। उनकी काव्य-स्त्री पूरी सृष्टि में घुली-मिली है, एक तरह से वह उसका पर्याय  है। वे जब नदी को देखती हैं तो नदी उनमें समा जाती हैः

‘‘धीरे-धीरे
नदी की अंतर्गुफाएं
खुलने लगीं मुझमें
और नदी की
सहनशीलता
भरने लगी मुझमें
और फिर
एक नदी सी
बहने लगी मुझमें’’। 

मनीषा एक ऐसी कवयित्री हैं जो कला के तामझाम में नहीं पड़तीं। वे कोई दूर की कौड़ी नहीं लातीं बल्कि अपने आसपास के रूपों को ही कला बना लेती हैं और सीधे बातचीत के ढ़ग में अपनी बात रखती हैं। यहां नदी का अंतर्गुफाएं उसका अल्हड़पन है जो उसके अंदर अधिक रहता है, बाहर से वह समगति से चलती-फिरती या गतिशील नज़र आती है, इसलिए सहनशीलता उसका गुण है, वह कभी-कभार ही प्रकटतः उद्वेलित-आंदोलित दिखती है, कभी-कभार ही कंगूरे (किनारे) काटती है वरना तो एक लय में जीवन जीती रहती है भीतर ही भीतर आंदोलित-उद्वेलित होती हुई। यहां नदी स्त्री में समा जाती है और वह नदी का रूप ले लेती है।

एक अन्य कविता में लोक के तमाम रूपों में समायी हुई है। यहां वह एक मां है। उसकी याद ग्रामीण रूपों की लोक के छूटे हुए रूपों की याद ताज़ा करती है जो कि इन दिनों बहुत तेज़ी से ख़त्म भी हो रहे हैं। अब गांव में भी बच्चों के खेल बदल गये हैं। वे अब पेड़ों पर चढ़ पकड़म-पकड़ायी नहीं खेलते, वीडियो गेम में अब उनकी रूचि अधिक है, पेड़ों पर झूलने का भी अब यही हाल है। ये लोक रूप अब सिर्फ यादें बनकर रह गये हैं जो कि मां की याद में घुले-मिले हैं। एक मां के रूप में स्त्री का लोक के रूपों से, लोक के तमाम प्राणियों यानी पशु पक्षी इत्यादि, और लोक के रीति रिवाजों से बहुत गहरा संबंध रहा है और गांवों में आज भी है, इसलिए जब मां की याद आती है तो लोक के कई रूप याद आते हैं, उल्टे उन्हीं से मां की याद आती है। मां ने जैसे अपने आप को इनमें विसर्जित कर दिया हैः

 ‘‘लेटा रहूंगा मैं
खेत की माटी में
बान की खाट पर
और तालाब नदी के
मुहानों पर
और झूलता रहूंगा
गांव के झूलों पर
जैसे मां की गोद में
झूल रहा हूं
ये सब चीजें
मुझे मां की याद
दिलाती रहेंगी’’। 

खेत से, उसके कार्यो से मां का गहरा संबंध है, स्त्री-मात्र का गहरा ताल्लुक़ है। आज भी खेतिहर मज़दूरों में स्त्री की संख्या अधिक है। खेत उन्हीं के श्रम से अधिक सींचे जाते हैं। यह कविता एक नागार्जुन की ‘सिंदूर तिलकित भाल’ की याद दिलाती है। कवयित्री के यहां स्त्री श्रम बहुत महत्व रखता है। उन्होंनें कवि निराला की तरह श्रमिक स्त्री पर अलग से कविता लिखी है जिसकी हंसी जीवन को बचाने का काम कर रही हैः

‘‘पत्थर ढोती स्त्री के
हाथ कितने कठोर हो गये हैं
पांव पर भी मेहनत की
गर्द जम गयी है
परंतु चेहरे पर
मुलायम हंसी
जीवन को बचाये हुए है।" 

यही नहीं, उसका श्रम पूरी सृष्टि को अपनी सृष्टि बना सकता है। ‘रोज गूंथती हूं पहाड़’ में स्त्री पहाड़ों को आटे की तरह गूंथती है और आसमान जैसी रोटी तैयार कर देती है। वह समूची सृष्टि पर आच्छादित होने की शक्ति रखती हैः

‘‘रोज़ गूंथती हूं पहाड़
आटे की तरह
बेल देती हूं रोज़ ही
आकाश-सी गोल रोटी’’।

 लेकिन यह सब काम वह ‘प्यार’ के लिए करती है, संबंधों के लिए करती है। इन दिनों संबंधों की भी समस्या उत्पन्न हो गयी है हमारे समाज में। वरना स्त्री सृष्टि पर छा जाना चाहती हैः ‘‘वह स्त्री/बादलों की पीठ पर/हो चुकी है सवार/घूमना चाहती है/सूर्य का आंगन/उसे उम्मीद है/वह छू लेगी/सूरज की छत’’। यह स्त्री व्यक्ति-अस्मिता को महत्व देने वाली है।

वह पहले की उस स्त्री से भिन्न है जो अपने-आप को अन्य अस्मिताओं में विसर्जित कर देती है और उसकी खुशी में ही अपनी खुशी देखती है। मनीषा की एक कविता है, ‘अपनी खुशी’। यहां स्त्री ‘सुबह से शाम तक और शाम से सुबह तक सिर्फ घर, परिवार, बच्चे’ संवारती है और ‘इस चक्रव्यूह में/हो जाती है उम्र तमाम’। ऐसी स्त्री ‘नहीं देखती खुद को/सिर्फ़ देखती है दूसरों की खुशी/बस’। इसी में वह अपनी खुशी ढूंढती है।

 स्त्री का यह एक सार्वभौमिक रूप है, अन्य अस्मिताओं में विसर्जन का रूप है। उसकी परंपरागत या परंपरा के समक्ष समस्या निजता की खोज या व्यक्ति अस्मिता की है। अपनी पहचान की। स्त्री-विमर्श और दलित विमर्श में यही अंतर है कि स्त्री की समस्या अन्य अस्मिताओं की चिंता से जुड़ने की समस्या नहीं है, उसकी समस्या निज की पहचान की समस्या है, पर दलित अस्मिता की समस्या अन्य अस्मिताओं से जुड़ने की समस्या है, व्यक्ति-अस्मिता उनमें बहुत ज़ोरों पर है। वे बाध्य थे दूसरों का आदेश मानने के लिए, पर स्त्री की जे़हनियत ही ऐसी थी कि वह दूसरों में घुलने-मिलने में, उसकी खुशी को अपनी ही खुशी समझने में सुख महसूस करती थी। उसकी मूल समस्या निजता की पहचान की है। वह तो जैसे:

‘‘खौलती जाती है
उम्र भर
मिक्स चाय बनकर
निकलती है केतली के मुंह से
ताउम्र धार की तरह’। 

स्त्री के दैनंदिन कार्य-व्यापार से ही कलात्मक उपकरण लेती है मनीषा जैन। ‘रोज़ गूंथती हूं पहाड़’ कविता में भी ऐसा ही है। आटा गूंथना और रोटी बनाना ऐसा ही कार्य व्यापार है जिससे कलात्मक अभिव्यक्ति की पद्वतियां रूपक, बिंब, प्रतीक आदि निर्मित होती हैं। यह हमें कबीर की कविता की याद दिलाती हैं जिन्होंनें अपने कार्य-क्षेत्र से कलात्मक उपकरणों की रचना की है, जैसे ‘झीनी-झीनी बीनी चदरिया’ इत्यादि। जूलिया क्रिस्तोवा ने बताया है कि हमारे भीतर पूरी परंपरा गूंजती रहती है जो रचना में प्रकट भी होती है। मनीषा जैन की कविताएं ऐसी ही हैं।

 उनकी मज़दूरनी पर लिखी कविता हमें निराला की याद दिलाती है। कबीर से लेकर निराला और नागार्जुन तक की परंपरा कवयित्री के भीतर गूंजती रहती है और उनकी कविताओं में कलात्मक रूपाकार ग्रहण करती रहती है। लेकिन इसमें यह भी देखने की बात है कि कवयित्री का कौन-सा मनोलोक है जो एक ख़ास परंपरा को महत्व देता है। यहां कबीर, निराला और नागार्जुन की परंपरा को कवयित्री तरजीह देती हैै। यह मोटे रूप में एक जनवादी परंपरा है। कवयित्री मनीषा जैन का मनोलोक इसी को महत्व देता है इसमें निजता के साथ संबंधों का स्वीकार है। ‘अपने निज जीवन में वे जीती हैं कितनी जिंदगी’, वे हरसिंगार के फूल के पेड़ की तरह सिर्फ़ फूल झरती हैं और मुस्कुराती हैं चुपचाप। उनका संबंध ‘रोटी की महक’  से गहरा जुड़ा हुआ है। उनका होना जैसे घर भर के लिए रोटी का होना है। वे नदी की तरह अपने को समुद्र रूपी संबंधों में विसर्जित कर देती हैं।

‘‘समुद्र में मिल जाना है उसे
मैनें पहली बार जाना
लड़की सी नदी
का स्वरूप।’’ 

इसलिए कवयित्री स्त्री को समाज में, पुरूषों द्वारा सहेज कर रखने की अपील करती हैः

‘‘ऐसे सहेज कर रखो हमें
जैसे रखते हैं
फूल किताबों में’’।

 क्योंकि सर्वशक्तिमान होते हुए भी ‘बहुत नाजुक  हैं हम’। इस सब के बावजूद वह अपने आकाश की तलाश में है, व्यक्ति-अस्मिता की तलाश में है, क्योंकि उसकी अस्मिता को हमारे समाज ने आज तक महत्व ही नहीं दिया है ‘बादल भरे आकाश में/बस मुझे इंतजार है/बादलों के छंटने का/फिर नीला-नीला आकाश/मेरी मुट्ठी में होगा/मेरा सारा आकाश’। लेकिन विचित्र विडंबना है कि स्त्री-अस्मिता और उसका विकास कहीं न कहीं अकेलेपन की ओर ले जाता है। इस अकेलेपन को कवयित्री मनीषा जैन प्रगतिशील कवियों की तरह महसूस करती है और उस अस्वीकार भी करती हैं, ठीक त्रिलोचन शास्त्री की तरहः ‘आज मै अकेला हूं/अकेले रहा नहीं जाता’। मनीष महसूस करती हैं कि स्त्री व्यक्ति-अस्मिता कहीं न कहीं उसे अकेल बनाती हैः

‘‘आंखों में रहते हैं
समंदर उसके
बाहों में भरती है
कायनात सारी
फिर भी होती है
स्त्री अकेली’’। 

वह पहाड़ पर, शिखर पर पहुंचने के बावजूद अकेली ही रहती है। चिड़िया को भी वापस बुलाने की चिंता कवयित्री को हैः ‘कब आयेगी वह/नींद सी वापस’। कवयित्री के यहां ‘घर’ एक मूल्य-व्यवस्था के रूप में आता है। घर एक सुकून की व्यवस्था है, संबंधों की व्यवस्था है। वे प्राकृतिक रूपों में भी ‘घर वापसी’ की प्रक्रिया देखती हैं। जैसे ‘‘शाम की धूप/जा रही थी घर’ या ‘परिदें इंसान से कहीं बेहतर है/जो ढूंढ ही लेते हैं/घर और सुकून के/दर-ओ-दीवार’ अथवा ‘ओस अपना/घर ढूंढती है/विस्मृत होने से पहले’। घर को बनाने में स्त्री का बहुत बड़ा योगदान है जो वह अपने प्रेम के ज़रिये करती है-

‘वह स्त्री
मिला रही है
छौंक रही है
जीवन में गरमाई
ऐसे ही मिश्रण से
बनायेगी गर्म घर
प्रेम की सौंधी खुशबु
वाले घर’। 

यानी ऐसा घर जिसमें प्रेम की महक है।

मनीषा जैन के यहां प्रेम और कविता, दोनों ऐसी अवधारणाएं हैं जो सकारात्मक रूप में आती हैं। इन्हें उनका आदर्श भी कहा जा सकता है जिससे जीवन की रक्षा होती है। वे प्रकृति में प्रेम घटित होता हुआ देखती हैः ‘आसमान उतर आता है/धरा का चुंबन लेने चुपके से’। प्रेम इसलिए महत्वपूर्ण है कि इससे संबंध बनते हैं, संबंधों का निर्वाह होता है और सबसे बड़ी बात है कि ‘प्रेम की स्मृतियां ही कभी-कभी/बचा लेती हैं जीवन’। जिस तरह प्रेम जीवन को बचा लेता है, उसी तरह का कार्य कविता भी करती है-

‘जब भी बैचेन बेहाल
उड़ता है मन
गाते हैं शब्द
एक कविता लेती है जन्म
बच जाता है जीवन’।

 कविता चूंकि मानवीय संवेदना को जीवित रखने का काम करती है, इसलिए वह जीवन को भी बचाये रखने की सामर्थ्य रखती है। वह उम्मीद जगाती है। ‘अंधेरे में/चिंगारी की तरह/आना कविता/जीवन में/जीवन बनकर/आना कविता’। कविता वास्तव में अवसाद से बचाने का काम करती है। अवसाद की शिकार समाज में स्त्रियां अधिक हैं। एक तो पहले का प्रचलित समाज है जो उनके अनुकूल था ही नहीं, ऊपर से जो नया बाज़ारवादी समाज आया जो उसने उसे विरूपित ही कर दियाः ‘‘चेचक के दानों सा/फेल रहा है/स्त्री के सारे शरीर पर/बाज़ार’’। अपने कलेवर में यह छोटी सी कविता न जाने कितने अर्थो को हमारे सामने रखती है यही कवयित्री का कौशल है कि वह संक्षेप में बहुत कुछ को प्रकट करने में सक्षम है।

 मनीषा जैन का यह पहला ही काव्य-संग्रह न सिर्फ स्त्री जीवन में, समाज में वरन् साहित्य क्षेत्र में भी बहुत-सी उम्मीदें जगाने का काम करता है। एक बात और कि कवयित्री ‘मैं’ कर प्रयोग बहुत करती है, पर यह ‘मैं’ पुरूषवादी अहं या विशिष्ट जनों का ‘मैं’ न होकर हम सब लोगों का ‘मैं’ है जो सामान्य जगत् को पहचान दिलाने का कार्य करता है।


लेखक- बली सिंह

प्रोफेसर दिल्ली यूनिवर्सिटी
मो.:  09818877429
ई-मेल- 22manishajain@gmail.com


समीक्ष्य कृति:  रोज गूंथती हूं पहाड़
कवयित्रीः  मनीषा जैन
प्रकाशकः  बोधि प्रकाशन, जयपुर
पृ.सं.96
प्रथम संस्करण(पेपरबैक):2013
मूल्यः 70रूपए।