Search This Blog

Wednesday, 15 October 2014

कवि , आलाेचक तथा वागर्थ् पत्रि का के संपादक एकान्त श्रीवास्तव के काव्य संग्रह की समीक्षा।


अनभै सांचा पत्रिका के अप्रैल सितम्बर अंक में एकान्त श्रीवास्तव के काव्य संग्रह "धरती अधखिला फूल है" की समीक्षा प्रकाशित हुयी है। एकान्त जी नवे दशक में उभरे उन महत्वपू्र्ण कवियाें में है जिन्हाेनें अपनी कविताअाें में अपने समय के लाेक समाजाें के राेजाना के  दुख सुख , हंसी खुशी, अादि भावाें का चित्रण बाखूवी किया है ताे अाइए पढ़ते है  समीक्षा  मेरे द्वारा की गयी।

 पुस्तक समीक्षा

फूल सी धरती का आख्यान
मनीषा जैन
एकान्त श्रीवास्तव एक लम्बे अरसे से कविताएं लिख रहे हैं। उन्होंने जन जीवन के पक्ष में कविताएं लिखी हैं। उनका नया काव्य संग्रह, ‘धरती अध खिला फूल है’, उनके पिछले काव्य संग्रहों, ‘अन्न में हैं शब्द’, ‘मिट्टी से कहूंगा धन्यवाद’, ‘बीज से फूल तक’ से आगे के जीवन-सौंदर्य का विकास है तथा आज के हताशा भरे जीवन में उम्मीद की किरण जगाता है। कवि ने इस काव्य संग्रह के पूर्वकथन में लिखा है : ‘धरती जितनी बाहर होती है उतनी ही वह हमारे भीतर भी होती है’। धरती, देश ओर समाज का सौंदर्य शायद इसी तरह मनुष्यता के भीतर ही बनता है और बिल्कुल इसी तरह कवि के भीतर भी एक भरा पूरा संसार बसा होता है और वह कविता द्वारा ही मानवता का संसार रचता है। शुक्ल जी के शब्दों में कहूं तो ‘कविता भावों का सहज उच्छलन होती है।’ कल्पना तथा यथार्थ के बल पर कविता में निजी जीवन का संगीत यथार्थ की भाव भूमि पर बजता है तथा व्यापक जन जीवन के चित्र प्रस्तुत करता है। हाथों से फिसलते इस समय में एकान्त श्रीवास्तव के काव्य संग्रह की ये कविताएं मनुष्यता की वकालत करती हैं जिससे जन-जन के हृदय में कोमलता व्याप्त रहे। यदि सब कुछ कठोर होता गया तो मनुष्य कहां खड़ा रह पायेगा।
काव्य संग्रह की कविताओं में कवि की प्रतिबद्धता प्रकृति, मानवता और मनुष्यता के प्रति है। फूल सी धरती को बचाने की ललक कवि की अनेक कविताओं में झलकती है। ये कविताएं व्यक्ति में धरती-प्रेम की नयी चेतना जागृत करती हैं:
मिट्टी में, हवा में, पानी में
पालक में और खून में जो लोहा है
यही सारा लोहा काम आता है एक दिन
फूल जैसी धरती को बचाने में   (पृ0 14)    
अरुण कमल को जिस तरह पता है कि ‘सारा लोहा उन लोगों का अपनी केवल धार’, एकांत श्रीवास्तव का संकेत भी उसी लोहे की ओर है। यदि धरती पर मानवीय मूल्य व्यवस्था रहेगी, तभी वह बची रह पायेगी। उनकी कविताओं में इन्हीं मूल्यों को रेखांकित करने की चेष्टा परिलक्षित होती है। आज जब घर-घर में अराजकता, विद्वेष का साम्राज्य है ऐसे समय में इस तरह की कविता उन कोमल भावनाओं को उभारती हैं जिनमें मानवीय रिश्ते पहचाने जा सकते हैं:
भाई जब काम पर निकलते हैं
तब उनका रास्ता काटती हैं बहनें
बेटियां रास्ता काटती हैं
काम पर जाते पिताओं का
शुभ होता है स्त्रियों का यों रास्ता काटना।’  (पृ0 15)
इस तरह वे जब अपनी कविताओं में स्त्रियों को महत्व देते हैं तो वे समाज की आधी आबादी को महत्व देने के सरोकार से परिचालित होते हैं। मानव जीवन के बहुत से अछूते पहलू एकांत श्रीवास्तव की कविता में जाने पहचाने मुहावरे में आते हैं। जीवन में दुख भी बदलाव लेकर आता है और कहना न होगा कि दुख के बाद सुख तथा सुख के बाद दुख क्रम से आता ही है। ‘बिजली’ नामक कविता में दुख की राख के बाद एक नए जीवन की कामना की गई है,
दुख जब बिजली की तरह गिरता है
तब राख कर देता है
या देता है नया एक जन्म’’ (पृ0 17)
संग्रह की कविताएं अमानुषिकता के विरुद्ध आवाज उठाकर मनुष्यता की पैरवी करती हैं। इन में दुख पर सुख की विजय का अर्न्तनाद सुनाई देता है, निराशा में आशा की ध्वनि का गान विद्यमान है। कई कविताओं में जीवन के विभिन्न रंग विभिन्न प्रकार के बिंबों के द्वारा प्रस्तुत किए गए हैं : घास की हरी पत्तियों में छिपी हुई पगडंडियां, सांझ का आकाश/गेरू के रंग का, धवल कांस फूलों पर गिर गया गुलाल, नाव के पाल सा/सांझ का आकाश, दुःस्वप्नों के तीर से/बिंधी हुई नींद, और राख के रंग का सांझ का आकाश आदि। इन सभी कविताओं में रंगों के विविध बिंब दर्शनीय हैं। कवि इन सब रंगों में जीवन की छटा देखता है क्योंकि जीवन को सकरात्मक दृष्टि से देखना ही मनुष्य में उदात्त जीवनमूल्य भरता है।
प्रकृति में जीवन देखने वाले एकान्त आज के समय के एक महत्वपूर्ण कवि हैं, शायद अंग्रेजी कवि विलियम वर्डस्वर्थ की तरह। वे जीवन को प्रकृति की प्रतिछाया मानते हैं । कविताओं में अनेक बिंब प्रकृति से प्रेरित हो कर जीवन की ओर यात्रा करते हैं तथा बंजर भूमि में भी मनुष्य द्वारा अन्न उगाये जाने की कामना करते हैं, इस तरह प्रकृति के बिंबों से रची गयी कविता में भी मनुष्य तथा मनुष्यता को महत्व देते हैं। आज जिस तरह जीवन बंजर होता जा रहा है ऐसे समय में भी उम्मीद के दिए हमेशा जलते रहने चाहिए। इनकी कविताओं में सहज जीवन बोध प्रकृति के द्वारा प्रेरित है
‘बंजर भूमि’ कविता जीवन में उल्लास की कविता हैं। बाजारू (बिल्डर द्वारा अधिग्रहित) होती भूमि के विरुद्ध, जीवन की जटिल सच्चाईयों के रूबरू होते हुए इन कविताओं में आने वाले समय का प्रकाश प्रकट होता है।
काव्य संग्रह में श्रम करती जनता - बुनकर, मज़दूर, किसानों के शब्द चित्रों में उनकी बदहाल स्थिति का जो काव्यात्मक चित्रण है वह आज के जीवनयथार्थ का हमें साक्षात्कार कराता है और हमसे इस जीवन यथार्थ के प्रति जागरूक होने की मांग भी करता है क्योंकि यदि समाज व्यवस्था में कभी बदलाव आयेगा तो इसी श्रमशीला जनता के हाथों ही आयेगा। ‘बुनकर की मृत्यु’ शीर्षक कविता में जीवन की सच्चाइयों का चित्रण है। जीवन क्षणभंगुर है लेकिन जो मनुष्य जीवन भर दूसरों के लिए चादर बुनते रहे उन्हें ही चादर नसीब नहीं होती। यह मानव जीवन की बिडम्बना ही है यही ययार्थ भी है :
उनके समय और समाज का वस्त्र
फट गया था जगह-जगह
मगर वे बुनते थे तुम्हारी चादरें
            वे बुन न सके अपने ही जीवन का ताना-बाना (पृ0 23)
यह कविता जर्मन कवि हेनरिख हाइने की कविता, ‘बुनकरों का गीत’ की तरह ही है जिसकी सराहना कार्ल मार्क्स ने अपने समय में की थी।
एकान्त श्रीवास्तव की कविताएं जीवन की तल्ख़ सच्चाइयों से उपजी हैं मगर वे निराशा की ओर हमें नहीं ले जाती हैं, वे हमारे भीतर उम्मीद की किरण जगाती चलती हैं। ‘ग्रांण्ड ट्रंक रोड’ कविता इक़बाल अहमद के साक्षात्कार पढ़ने के बाद उपजी भावनाओं की अभिव्यक्ति है जिस में मानवता व अमन की शांति की गूंज है जो शायद प्रत्येक भारतवासी के हृदय तक पहुंच सकेगी:
कि बनाई जाए कोई ऐसी ग्राण्ड ट्रंक रोड
जिसके किनारे पड़ते हों दुनिया के सारे देश
जो केवल नगरों से नहीं
लोगों के दिलों से होकर भी गुजरती हो
जो दिल में ऋतुओं की तरह महकती हो
और रात में झिलमिलाती हो आकाश गंगा की तरह
जो समुंदरों के पार भी उड़ कर पहुंचती हो। ( पृ0 25)
इस तरह की सार्वभौमिकता की भावना कवि को अन्य कवियों से अलग पंक्ति में खड़ा करती है तथा यहां कवि का लक्ष्य मानवता है, ये कविताएं कवि की जनपक्षधरता को व्यक्त करती चलती हैं।
एक अन्य कविता ‘करेले बेचने आई बच्चियां’  में कवि ने अपने वेतन से लड़कियों के वेतन की तुलना की है, ‘उनके आधे दिन का पारिश्रमिक है/मेरे आधे दिन के वेतन/कितना कम/और उनके आधे दिन का श्रम/कितना ज़्यादा मेरे आधे दिन के श्रम से।’ आज श्रमिक के वेतन का मूल्य क्या है? शायद इतना भी नहीं कि वह ढंग से खा पहन भी सके, कुनबे का पेट भी ढंग से भर सके। आज देश का किसान इतनी मेहनत करता है तथा उसका पूरा परिवार भी कृषि के काम में ही लगा रहता है फिर भी वह सिर्फ पेट ही मुश्किल से भर पाता है, बेटी के ब्याह के लिए व अन्य कार्यो के लिए तो कहां से बचा पायेगा? इसी कारण किसानों में आत्महत्या की प्रवृति घर करती जा रही है। इस तरह गरीब जनता के चित्र कवि को नार्गाजुन की परंपरा में खड़ा करते हैं। यह कविता नार्गाजुन के खुरदुरे पैर कविता का ही विकास है।
बेटी व प्रिय के लिए विदा व शोक गीत तो बहुत पढ़े, लिखे गए, परन्तु नवजात बेटे के लिए विदा गीत इस कविता को विशेष बनाता है। निरालाजी की ‘सरोज स्मृति’ कविता युवा बेटी का शोक गीत है वहीं यह बेटे के लिए विदा गीत मन में करुणा के भाव पैदा करता है :
सुने बिना मेरे होठों से अपना नाम
मेरे बेटे
तुम चले गए कितनी दूर
बादलों की पालकी में बैठकर।( पृ033)
छत्तीस गढ़ की सोनझर जाति पर लिखी गई कविता उनके जीवन के यथार्थ व संघर्ष को दिखाती है। वे सोना इकट्ठा करते हैं, मगर उनकी लड़कियां नकली कर्णफूल पहन कर खुशी के गीत गाती हैं जबकि अमीर घरानों की लड़कियां असली जेवरों से लदने के बाद भी जीवन की खुशियों से महरूम रहती हैं: ‘ये सोनझर हैं मगर इनकी बहनें/नकली कर्णफूल पहनकर मुस्काती हैं/और पीतल के गहने पहन कर रोती हुई/विदा होती हैं इनकी बेटियां।’( पृ0 48) इसी तरह ‘आम बेचती स्त्रियां’ कविता में शहरी मानव की धूर्तता, चालाकी का चित्रण बड़ी सहजता से किया है।
‘तथागत’ नाम से पांच कविताएं बेहद मार्मिक है। लड़ाई पर शांति की विजय तथा संसार में अमन चैन की प्रार्थना करते कवि ने बुद्ध की भव्य प्रतिमाओं को गिराने वाले आतंकवादियों को ललकारा है वे कहते हैं :


तुम कितनों को मारोगे
जितने दुख हैं इस संसार में
उतने तथागत हैं।
आज के कातिलाना युग में न जाने कितने बुद्धों की ज़रूरत है। लड़ाई, घृणा, द्वेष, आतंक के साये में जीने को मजबूर देशवासी अमन चैन की प्रार्थना करते हैं तो बुद्ध की प्रतिमा तोड़ने के विरोध में ‘तथागत’ नामक कविताएं शांति की घोषणा करती हैं : ‘तथागत बस जन्म लेते हैं एक बार/और कभी नहीं मरते।’ (पृ0 68)
कविता कई तरह से हमारे जख्मी व्यक्तित्व को सांत्वना देती है। कविता ही मनुष्य की दुखती रग पर हाथ रखती है तथा स्मृतियों के संसार में विचरती है। उम्मीद की लौ भी कविता के द्वारा ही प्रज्वलित होती है। एकान्त श्रीवास्तव अपने संग्रहों में उम्मीद की रोशनी को फैलाते रहे हैं। इस संग्रह की कविताओं में भी संवेदना, आशाओं, ममता का प्रवाह निरन्तर देखा जा सकता है। किसी भी कवि के लिए संवेदना की पकड़, मनुष्यता की पहचान एक बड़ी चुनौती होती है। यही चुनौती इस काव्य संग्रह में साफ-साफ झलकती है। अपने काल व परिवेश के यथार्थ का अक्स संग्रह की कविताओं में उपस्थित है।
जन्म से लेकर मृत्यु तक के नशे कवि ने ‘नशा’ कविता में उजागर किए हैं, अन्त में नियति, निष्ठुर मृत्यु के नशे की जय पर कविता समाप्त होती है। मृत्यु ही जीवन का सत्य है। मृत्यु के समक्ष जीवन का नशा बेमायने है। इसी सत्य को इस कविता में बताया गया है। इन कविताओं में जीवन की सरलता, संवेदना का मर्म, अकृत्रिमता, अल्हड़पन, सादगी तथा जीवन राग व्याप्त है। संग्रह में मां तथा बहन को लेकर अनेक कविताओं में संवेदना के रेशे बिखरे पड़े है क्योंकि हर व्यक्ति के जीवन में मां तथा बहन का प्रभाव सबसे ज्यादा होता है। इसी सत्य को ‘बहन’ कविता में उसी तरह दर्शाया गया है जैसाकि बहुत पहले असद जैदी और उदय प्रकाश की बहनों पर लिखी कविताओं में चित्रित हुआ था।
आज के कठोर जीवन में जिस बारिश की जरूरत सबसे ज्यादा है वह है मानवीय मूल्यों की। इसी बारिश का आहवान कवि ने ‘भीगना’ कविता में किया है। एक दूसरी कविता, ‘ओ मेरी धरती से सपनों’ में एक बहुत सुंदर सी आकांक्षा व्यक्त हुई है। कविता में कवि सारी प्रकृति को फिर से बुलाना चाहता है कि मनुष्य के द्वारा जो प्रकृति का क्षरण हुआ है वह प्रकृति वापस आकर धरती को फिर से रहने लायक बना दे। यह कविता हमें शमशेर जी की कविता ‘लौट आ, ओ धार’ की याद दिलाती है :
            मनुष्य बनकर जीने की ओ मेरी इच्छा
मेरे साहस वापस आओ
पुकारता हूं सबको बांहे फैलाए
वापस आओ
कि दरक जाए संसार का यह पत्थर
कि उग आए दूब उन्हीं दरारों में।
यहां प्रकृति के द्वारा मानवता की पुकार की आशा कविता को सार्वभौमिकता प्रदान करती है। हमें यह नहीं भूलना होगा कि जब तक प्रकृति है तभी तक मानव जीवित है। इसीलिए मानव व प्रकृति का संतुलन बनाना ही होगा। अपने जीवन की खातिर।
काव्य संग्रह के अंत में ‘डूब’ नामक लम्बी कविता भी हमारी संवेदनाओं को छूती है। आखिर कौन है जो पानी की तलवार से सारे देश को काट-छांट रहा है। इस कविता में राजनीति का छल प्रपंच, राज व्यवस्था की चालों को उजागर किया गया है। ‘डूब’ कविता पढ़कर शमशेर जी की ‘अमन का राग’ कविता की याद बरबस आती है। ‘अमन का राग’ कविता के सादृश इसमें भी राष्ट्रीय व अर्न्तराष्ट्रीय संदर्भो को समाहित हैं। इस कविता के सरोकार विश्वव्यापी हैं जोकि कविता को क्लासिक ऊंचाई प्रदान करते हैं। इसमें सामान्य लोक के हित साधन व्याप्त हैं। कविता में मानवता का आहृवान किया गया है। जिस तरह पोखरन के विस्फोट से दुनिया हिल गयी थी, उस तरह के विस्फोट बंद करने ही होगें। तभी हमारी पृथ्वी ग्वालिन सी महकती रहेगी। कविता के अंत में प्यार के महकने की इच्छा प्रकट की गई है जिससे धरती एक खिला हुआ फूल बनी रहे, कभी मुरझाये ना।
इस तरह यह संग्रह जानदार, शानदार है क्योंकि परिवार, समाज, देश जिस उष्मा से संचालित होता है उस उष्मा को इन कविताओं में साफ तौर से देखा जा सकता है तथा कविताओं में घर, समाज, परिवार, देश, दुनिया के सुन्दर होने की कल्पना के साथ-साथ यथार्थ का बहुलतावादी रूप भी प्रकट होता है। एकान्त श्रीवास्तव की ये कविताएं मानवीय संवेदनशीलता को बचाए रखने की जुगत करती प्रतीत होती हैं। कवि की प्रार्थना है कि जिस प्रकार अधखिले फूल का सौंदर्य अनुपम होता है उसी तरह धरती का सौंदर्य विद्यमान रखना ही होगा।


पुस्तक : धरती अधखिला फूल है (2013)
कवि : एकान्त श्रीवास्तव
प्रकाशक- राजकमल प्रकाशन प्रा. लि. दिल्ली।
मूल्य- रपये : 250

समीक्षक             मनीषा जैन
 email--22manishajain@gmail.com

Wednesday, 7 May 2014

विपाशा पत्रिका में मेरी कविताएं


हिमाचल प्रदेश के भाषा एवं संस्कृति विभाग की पत्रिका के अंक 165, 166 में प्रकाशित मेरी तेरह कविताएं



1. चिड़िया की तरह

वह स्त्री
जिसके हाथ
कत्थई हो गए हैं
रोटी सेंकते सेंकते
एक दिन वही औरत
चहचहाएगी चिड़िया की तरह
पेड़ पर, डाल पर
पात पात पर।

2. बासी रोटी की महक

मां को घर में
जब नहीं मिले
दो शब्द प्रेम के
दो नर्म गर्म फुलके
पीली मूंग की दाल
और सूजी का हलवा

तब वह अपनी लाठी टिकाती हुई
चुपचाप लौट गई
शाम की बस से
अपनी बासी रोटी की
महक वाले घर में
और पिता की तस्वीर
के सामने बैठ गई।

3. बारिश की बूदें

मुख पर पसीने
की नमकीन
सी बूदें
बारिश की पतली
झिल्ली वाली बूदें
उठाती हैं हिलोरे
हृदय में
परन्तु फूट जाती हैं
पल में
और दे जाती हैं
बहुत कुछ सोचने के लिए।

4. दाल चूल्हे पर

खेत में खुरपी से घास
छीलते हुए स्त्रियों के हाथ
कितने सुन्दर हैं
चूड़ियां भी छन-छन बोल रही हैं
कितनी जल्दी-जल्दी
चल रहे हैं हाथ उसके
और जीवन उसका
घर पर फदक0 रहा  है
दाल चूल्हे पर जैसे
घर जाकर बतियाएगी
चूल्हे से
और अपनी व्यथा भी कहेगी
फिर दो रोटी थाली में
सजा देगी अपने पति के लिए।

0फदक  उबलना

5. आदिवासी स्त्रियां

जंगल  में आदिवासी
स्त्रियों के झुंड के झुंड
मिलकर गीत गाती फिरती
हैं स्वछंद
सुबह जब सो कर उठती हैं
तब कितना खुश दिखती हैं
दोपहर में मेहनत का
पसीना पोंछ कर
सुस्ताती हैं
रात को चूल्हे
की आग में रोटी, भात
पका कर खिलाती हैं
अपने पुरूषों को
और रात में चांदनी को
अपनी मांग में सजा लेती हैं
तब चांद भी उतर आता है
घरों में उनके
देखता है उनके सारे कार्यकलाप
तब वे आशाओं को होठों
में दबा कर
ऊंची कुलांचें भर रही होती हैं
चांदनी में
और झरनों की तरह कल-कल
बह रही होती हैं।

6. अम्मा और बाबूजी

घर का सारा ढांचा
सारी दीवारें और दर
सब थे मेरे बाबूजी
घर की रौनक, शोर
शराबा और आत्मा
सब थी मेरी अम्माजी
घर तो अब बना
0घुड़लना
कहां रह पाते बाबूजी?
घर में तो अब
बहुओं की चलती
कहां रह पाती अम्माजी?
अच्छा हुआ जो समय रहते ही
टिकट कटाया दोनों ने
अब जहां हो वहीं खुश रहो
मेरे अम्मा और बाबूजी।

0 खिलौना

7. सर्कस की कलाकार

स्त्रियां, स्वयं को
सकर्स का एक
कलाकार समझती हैं
संभल संभल कर
चलती जाती हैं
नट की रस्सी
पर चल रहीं हो जैसे।

8. एक पेड़ का मेला

एक पेड़ अकेला खड़ा है
गांव  के मुहाने पर
जब गांव में कोई
मेला होता है तब
बहुत सी स्त्रियां
चूड़ी, मेंहदी, महावर खरीद
पेड़ के नीचे बैठ
सुस्ताती हैं
तब पेड़ को बहुत
अच्छा लगता है
वह मधुर-मधुर
गुंजार करने लगता है
पेड़ की खुशियों का
किसी को अंदाजा नहीं
वह स्वयं महसूस करता है।

9. हंसी बनना चाहती हूूं 

हंसी बन जाना चाहती हूं
जिसमें सुबह की ताज़गी
जन्म लेती है
जिसमें स्त्रियों के गालों के
पसीने की गंध जन्म लेती है
जिसमें गर्म हवा के झोंकों में भी
शांति की लहर जन्म लेती है
जिस लहर में मुक्ति की
धारा निरंतर बहती हो
वह हंसी बन जाना चाहती हूं।

10. निकल गया कोई

पत्तों में सरसराहट
सी क्यों है?
शायद पत्तों से
किसी ने कुछ कहा है
हवाएं इतनी पागल
सी क्यों हैं?
क्या इनको छूकर
निकल गया कोई।

11. अंधेरों का स्वागत

सूरज का शायद
कुछ खो गया है
जो इतनी रोशनी
लेकर आता है रोज़
फिर शाम होते ही
अपनी गठरी बांधकर
चल देता है
आसमान के पार
सदियों से एक ही
समय पर आता है
धूप को उलट पलट कर
कुछ गिनता है
मौसम के जीनों में
फिर अंधेरा पसरा कर
चल देता है किसी और
जहां में कुछ ढूंढने
फिर मानव ढूंढने लगता है
अंधेरों में रोशनी के रिश्ते
और हवा की
मानिंद आत्मीय क्षण
और ढूंढता है अंधेरों में रोशनी की लहर
जो शायद उसे दिखाई
दे ही जाएगी
इसर उम्मीद में वह अंधेरों का
स्वागत करता है हंसते-हंसते।

12. सुख की नदी

यह जो एक नदी बहती है
शायद मेरे जीवन की नदी है
इसके किनारे पर
खड़ी हूं मैं
इस एकांत में खामोश सितारे
इसमें डूबते हैं
और तैरते हैं दुख मेरे
इसमें उतरती हैं शाम कई
अपना सारा दुःख लिए
डूबता है छुपता है सिंदूरी रंग
इसमें डूबते हैं
स्मृति के गीत तुम्हारे
इसमें उगता है नारंगी सूरज
जब इसकी उगती लहरों में
दिख जाती है तुम्हारे आने की
रोशनी की चिंगारी
तुम्हारे गीतों की खुशबू
काश! तुम कहीं से आ जाओ
इसलिए मौन खड़ी हूं मैं
दुख की नदी सुख की नदी में
बदल जाए।

13. उम्मीद

बचपन में ये सब मेरे दोस्त थे
जैसे खुशियां, हंसी
आंखों में तैरते सपने
आंखों की आशाएं
भविष्य का उजाला
और कुछ नन्हीं मुन्नी लड़कियां
मेरी मां
मेरे भाई
मेरी खिलौना गुड़िया
मेरी किताबें
मगर आज मेरे दोस्त हैं ये

ग़म, अवसाद
एकाकीपन, दुख
जीवन की असफलता
रिश्तों की कटुता
और जमाने के दुख से दुखी मैं
शायद इन सबसे बाहर निकल
एक नया श्वेेत झीने से
मृदु संसार की ओर
अग्रसर हो ही जाऊंगी मैं
मुझे उम्मीद है.....।

_
यहां पर प्रयुक्त सभी चित्र  मनीषा जैन द्धारा बनाए गए है।

कवयित्री - मनीषा जैन
ई मेल-22manishajain@gmail.com





Monday, 28 April 2014

अज्ञेय की माैन असाध्य वीणा




अज्ञेय जी के जन्म शताब्दी वर्ष  2011 में यह अालेख लिखा था । लखनउ से प्रकाशित पत्रिका साहित्य भारती में प्रकाशित हुअा था। 

अज्ञेयजी ने जिस अनुशासन के साथ कविताऐं लिखी पढ़ते समय भी वही अनुशासन की मांग करती हैं। उनकी कविताऐं मौन अभिव्यक्ति देती हैं तथा पाठक को भी मौन हो कर ही आत्मसात् करनी चाहिए। अज्ञेय की कविताऐं मन के   भीतर दलने व गुनने, मथने की जरूरत है तभी वे एक सार्थक सत्य उजागर करती हैं। वे लिखते हैं-

‘मैं सोते के साथ बहता हूं
पक्षी के साथ गाता हूं
वृक्षों की कोंपलों के साथ थरथराता हूं
और उसी अदृश्य क्रम में
भीतर ही भीतर
नए प्राण पाता हूं।

वे प्रकृति से जीवन पाते हैं और वह जीवन अमूर्त होता है। अमूर्त सत्ता ही सत्य है। मौन में ही अमूर्त सत्य छिपा होता है। मूर्त जगत का असत्य, झूठ, फरेब, दग्ध वासनायें उसी सत्य में लीन होकर अपनी असत्यता को प्राप्त करती हैं क्यों कि बाह्य जगत के दुर्गुणों को व्यक्ति अपने अंर्तमन में ही उनका प्रक्षालन कर सत्य को प्राप्त होता है। अज्ञेय जी आधुनिक बोध के कवि है। अज्ञेय व्यक्तित्व की स्वतंत्रता का बोध अपनी कविताओं में कराते हें। वे सत्य के अन्वेषी हैं। अज्ञेय स्वंय सत्य की नई खोज करते हैं उनके सत्य के अन्वेषण का अभिप्राय स्वाधीन चेतना के अनुभव से है उनकी कविता ‘घर कुटीर का छोटा सा दिया’ तथा ‘छोटी सी ज्योति’ से तात्पर्य स्वाधीनता की चेतना व व्यक्तित्व की खोज से है अज्ञेय जी की सत्य की खोज व्यक्तित्व की खोज है। लेकिन अज्ञेय जी व्यक्तिकता के साथ-साथ सामाजिकता पर भी जोर देते हैं-

 ‘यह दीप अकेला स्नेहभरा है  
 गर्व भरा मदमाता
इसको भी पंक्ति को दे दो’

अज्ञेय अपनी कविताओं में व उनके विषय में, उनके शब्दों में एक आधुनिक कवि हैं उनके काव्य में व्यक्तित्व की पहचान के साथ-साथ व्यक्ति के सामाजिक होने का भी आग्रह है। वे नयी अवधारणों, मूल्यों, विचारों के कवि है उनकी कविताओं में व्यक्ति को जीवन शक्ति स्वंय को शक्तिशाली समझने से प्राप्त होती हे वे औसत मूल्यों को निजी वयक्तित्व के र्स्पश से नया मूल्य देते हैं। व्यक्ति समाज में रह कर ही प्रेम, विषाद, मृत्यु का अनुभव कर सकता है। जिस प्रकार अरस्तू ने कहा-‘ मनुष्य एक सामाजिक प्राणी है।’ समाज में रह कर ही व्यक्ति का समुचित विकास होता है और वही सामाजिक विषय अज्ञेय की कविता को नयी शक्ति प्रदान करते हैं वे लिखते हैं-

 ‘मैं आस्था हूुं
तो मैं निरन्तर उठते रहने की शक्ति हूँ
मैं व्यथा हूं
तो मैं मुक्ति का श्वास हूं।

 और यही मुक्ति का श्वास व्यक्ति को जीवन प्रदान करता है। अज्ञेय ने अपने निजी अनुभव से कविता में नए प्रयोग किए। अज्ञेय कविता को सबसे पहले शब्द मानते हैं। वे सत्य को अन्वेषण का विषय मानते हैं। वे मानते हैं कि शब्द व सत्य एक दूसरे के अनुरूप होकर नहीं परस्पर टकराकर नया काव्यत्व प्राप्त करते हैं। अज्ञेय का बल प्रयोगशीलता पर इसलिए है क्यों कि कविता बार-बार नया अर्थ व नया रूप प्राप्त करती है  क्यों कि हर व्यक्ति हर कविता में नए रूप व नए अर्थ देखता हैे इसलिए कविता हमेशा प्रयोगवादी रहती है। वे लिखते हैं-

‘‘हम निहारते रूप,
हांफ रही है मछली
 रूप तृषा भी
( और कांच के पीछे)
है जिजीविषा।’’

अज्ञेय की कविता ‘‘कितनी नावों में कितनी बार’’ में उन्होनें उसी सत्य को खोजने के लिए कितनी बार जीवन रूपी नाव में यात्रा की है नाव का डगमगाना मानों विचारों का डगमगाना तथा इसी डगमगाहट में कवि उस सत्य रूपी छोटी सी ज्योति को प्राप्त करना चाहता हेै जो हर मनुष्य में विद्यमान होती है तथा हर व्यक्ति के भीतर जलती हुयी छोटी सी ज्योति ही उसे मोक्ष का मार्ग यानि सत्य का मार्ग दिखलाती है। अज्ञेय जी ने कितने सरल शब्दों में कितनी गहरी तत्व दर्शन की बात कितनी सहजता से कह दी।

अज्ञेय ने लम्बी कविता ‘असाध्य वीणा’ में तत्व दर्शन की गहरी खोज की है, कविता में अहं का विस्मरण कर ही मानव मानवता के उच्च शिखर को प्राप्त कर सकता है। अज्ञेय जी का व्यक्ति चिंतन ,भारत के विभिन्न धार्मिक संप्रदायों की तत्व संबधी अवधारणाओं के सार को अपने मनोनुकूल ढाल कर एक नया दर्शन खड़ा करता है।

जिस तरह रचनात्मक कर्म संपूर्ण सर्मपण की मांग करता है उसी सर्मपण भाव के द्वारा ही असाध्य समझी जाने वाली वीणा को कविता का नायक केशकम्बली बजाने में समर्थ हो सका। असाध्य वीणा ब्रज कीर्ति द्वारा निर्मित एक ऐसी वीणा है। जिसे कोई कलाकार नहीं साध पाता है राजा के निमंत्रण पर एक बार प्रियवंद केशकम्बली नामक एक साधक उस वीणा को साधने का प्रयत्न करता है अज्ञेय ने वीणा साधने की प्रक्रिया को बड़ी गहराई से साधा है। कविता यहां मिथकीय वातावरण बनाती है। लेखक मिथक के द्वारा ही इतिहास को वर्तमान में लाकर प्रासागिंक बनाता है तथा उसी में भविष्य की रोशनी भी देखता है।

 कवि ने ‘असाध्य वीणा’ में सर्जनात्मक रहस्य को समझाने का प्रयत्न किया है। संपूर्ण सर्मपण के क्षणों में श्रेष्ठ रचना संभव होती है और साधक सब कुछ भूलकर जीवन रूपी वीणा को साधता है उसी प्रकार लोक में मनुष्य को अपने जीवन को साधना पड़ता है और साधना के एक चरम बिन्दू पर व्यक्तिगत अहं का विस्मरण कर साधक आत्मा के साथ एक लय हो जाता है तभी रचना (जीवन) में एक चमत्कार उत्पन्न होता है। स्वंय को शोधना आत्मालोचना करने जैसा है बिना आत्मालोचना व सर्मपण के सर्जनात्मक श्रेष्ठता प्राप्त नहीं होती। अतः स्वंय को भूलकर ही प्रियवंद को स्वर सिद्धि मिली तथा उसके स्वर सधते ही सभा में उपस्थ्ति सभी व्यक्तियों ने अपना-अपना सत्य पाया तथा स्वर के सिद्ध होने पर सभी को एक ही समय में अनेक व्यक्तियों को समझ में आ गई। कविता में अज्ञेय जी ने कहा-

‘‘डूब गए सब एक साथ
सब अलग-अलग एकाकी पार तिरे
राजा ने अलग सुना....
रानी ने अलग सुना...
सबने अलग-अलग संगीत सुना...।’’

यह रचना उसी तरह के तत्व का दर्शन कराती है जिस प्रकार जैन धर्म के तीर्थंकरों को जब केवल ज्ञान की प्राप्ति हेाती है तब उस समय तीर्थंकरों के चारों ओर एक समोशरण निर्मित होता है उसमें देवता, मनुष्य, पशु, पक्षी सभी उपस्थित होकर तीर्थंकर की वाणी अपनी-अपनी बोली, भाषा में सुनते हैं। इसी तरह जब प्रियवदं की वीणा सधी तो उस वीणा की झंकृति से राजा, रानी, किसान, मजदूर, सेठ, साहूकार, रंक सभी समान रूप से आहृलादित हुए। इस प्रकार सर्मपण, शून्य, मौन का महत्व इस कविता में प्रस्फुटित हुआ है और इसी महामौन को मोझ की अवस्था कहते हैं। इस तरह अज्ञेय जी की कविताओं में मौन का महत्व मुखरित हुआ है।

‘‘हरी घास पर क्षण भर’’ कविता में अज्ञेय जी की व्यक्ति चेतना निरन्तर एक दर्शन के रूप में संघनित होते हुए दिखाई देती है यह एक प्रकृति बोध की कविता है। अज्ञेय की कविताओं में प्रकृति का रंग मानव के रंग में रचा बसा है। प्रकृति के प्रति मानवीय होने की आकांक्षा कवि के हृदय में है। वह प्रकृति की तरह सहज जीवन बिताने पर जोर देते हैं बनावटीपन, औपचारिकता ने मानव के जीवन को कृत्रिम बना दिया है कवि इस कृत्रिमता को जीवन से हटाने के पक्षधर हैं वे मानव को प्रकृति की तरह सहज व सौम्य होने का न्यौता देते हैं।
अज्ञेय जी आधुनिक बोध, संवेदना, प्रकृति, आत्मदान, सौंदर्य, मृत्यु, मौन, सत्य के कवि हैं। अज्ञेय की कविताओं में एक क्षण ही शाश्वत समय की धारा है उस क्षण के चरम बिन्दू पर ही भूत, वर्तमान व भविष्य सभी एकमेव हो जाते हैं-

‘‘एक क्षणः क्षण में प्रवाहमय
व्याप्त संपूर्णता
एक क्षण होने का
अस्तित्व का अजस्र अद्धितीय क्षण
होने ंके सत्य का
सत्य के साक्षात का
साक्षात के क्षण का
क्षण के अखण्ड पारावार का
आज हम आचमन करते हैं।’’

 अज्ञेय जी का क्षण बोध ही वर्तमान में आस्था का दीप जलाता है।

अज्ञेय की कविताओं के अर्थ गहन अध्ययन की मांग करते हैं उनके विषय कविताओं में ही छिपे होते हैं। तार सप्तक के दूसरे संस्करण में अज्ञेय जी ने लिखा-‘कविता सबसे पहले शब्द है और अंत में भी यही बात बच जाती है कि काव्य शब्द है......। ध्वनि, छंद, लय आदि सभी प्रश्न इसी में से निकलते हैं और इसी में विलय होते हैं।’’
उनकी काव्य भाषा में गज़ब की विभिन्नता है उनके काव्य बिबं, काव्य प्रतीक, मिथक, उपमान सभी अद्भुत होते हैं उन्होनें लिखा-

‘‘तुम्हारी देह
 मुझको कनक चम्पे की कली है
दूर से ही
स्मरण में भी गंध देती है।’’
                                                      चित्र :  मनीषा जैन


अज्ञेय की सबसे बड़ी विशेषता इनका मौन का प्रयोग हैं। कहा जाता है कि मौन में एक बड़ी शक्ति छुपी होती है। इनकी कविताओं के मौन में बड़ी अभिव्यक्ति छुपी रहती है ‘पहले मैं सन्नाटा बुनता हूं।’ शीर्षक कविता संग्रह में अज्ञेय ने मौन के सफल प्रयोग किए। अज्ञेय जी यात्राओं के कारण एक स्थान पर स्थिर न रह कर भी निरन्तर साहित्य साधना करते रहे तथा साहित्य की सभी विधाओं में रचनायें कर हिन्दी साहित्य को समृ़द्ध किया।
 काव्य, उपन्यास, कहानी संग्रह, गीति नाट्य, निबंध संग्रह, यात्रा वृतान्त, अनुवाद आदि सभी विषयों में इन्होनें अपनी लेखनी चलाई। यात्रा वृतान्त ‘‘अरे यायावर रहेगा याद’’ विशेष रूप से प्रसिद्ध रही तथा उपन्यास ‘‘शेखरः एक जीवनी’’ को विशेष प्रसिद्धि मिली। हिन्दी में सर्वाधिक रचनाओ का श्रेय इन्हें प्राप्त है। इन्होनें कविता को नए शब्द नए अर्थ दिए।
आज की समकालीन कविता व जीवन में अज्ञेय की प्रासांगिकता निरन्तर बनी हुयी है तथा आज के वैज्ञानिक युग में अज्ञेय की उदार व सम्यक् दृष्टि राष्टीयता से ऊपर उठकर अर्न्तराष्ट्रीय संवेदना को जागृत करती है।


मनीषा जैन
13अप्रेल 2013