प्रत्येक युग के साहित्य का संबध उस युग की परिस्थिति से गहरा होता है साहित्य परिस्थितियों को प्रभावित भी करता है तथा प्रभावित भी होता है। प्रेमचन्द ने अपने पहले हिन्दी उपन्यास ‘सेवासदन’ में उन्होंने जिस स्त्री समस्या को उठाया वह आज भी उतनी ही प्रासंगिक है जितनी उस समय थी। और यह विषय हमें आज यह सोचने को मजबूर करता है कि क्या कारण थे? सुमन को क्या परेशानियां थीं? उसे क्यों वेश्या की राह पर चलना पड़ा। उर्दू में इस उपन्यास से पहले इस विषय पर कई उपन्यास लिखे जा चुके थे लेकिन प्रेमचंद की दृष्टि उन सभी उपन्यासों से सर्वथा भिन्न थी।
‘सेवासदन’ में सुमन के घर से निकलने के अनेक कारण थे जैसे पति द्वारा पत्नी की उपेक्षा, सुमन का आर्थिक रुप से कमजोर होना, स्त्री के प्रति अविश्वास, पति का क्रूर व्यवहार, बेमेल विवाह, समाज की असहानुभूति आदि। सेवासदन एक वेश्या समस्या प्रधान उपन्यास न होकर एक सामान्य घरेलू स्त्रियों की समस्या प्रधान उपन्यास है। प्रेमचंद ने अपने सम्पूर्ण साहित्य में नारी जीवन के विविध पहलू, विविध पारिवारिक समस्याओं का चित्रण विस्तार से किया है। तथा स्त्री पुरूष के समान अधिकार उनके लिए आर्दश दाम्पत्य स्थिति है।
‘सेवासदन’ के इन विषयों की लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि पहले संस्करण की 1100 प्रतियां तुरंत बिक गयी तथा एक साल के भीतर ही इसका गुजराती संस्करण आ गया व हिन्दी के दूसरे संस्करण की तैयारी होने लगी।आज के संदर्भ में तो सेवासदन और भी ज्यादा प्रासंगिक है। असल में ‘सेवासदन’ के मूल में वेश्या समस्या को तलाशना न्यायसंगत न हो कर कथानक के मूल में तो सामाजिक व पारिवारिक व सांस्कृतिक रीतियां हैं जिन पथरीले पाटों के बीच पड़कर एक स्त्री पीस जाती है और आज तक पीसती आ रही है तथा टूटी हुयी नारी को पतिता होकर अपमान सहना पडता है तथा पतिता का तमगा उसके गले मढ़ दिया जाता है।
प्रेमचंद ने अपने उपन्यास में दिखाया है कि सुमन दालमड़ी के कोठे पर बैठने के बाबजूद पतित नहीं होती वरन् उसमें अपने स्वाभिमान की रक्षा करने की शक्ति है तथा वह दिखना चाहती है कि वह आर्थिक रुप से मजबूत हो कर दिखायेगी। स्वतंत्र होकर उसमें इतनी ताकत आ जाती है कि वह धर्म के ठेकेदारों को बेइज्जत कर कोठे से बाहर निकालती है वे ठेकेदार जो स्वयं कोठे पर रंगरेलियां मनाने जाते हैं तथा समाज में धर्म के ठेकेदार बनते हैं तथा समाज में जो स्त्रियों पर कलंक लगाने से नहीं चूकते जो स्वंय कलंक से परिपूर्ण होते हैं। प्रेमचदं ने पुरूषों के इस दोहरे व्यक्तित्व का पर्दाफाश भी बड़ी बारीकी से किया है आज जिस स्त्री विमर्श का बोलबाला है वह प्रेमचंद ने अपने समय में ही कर दिया था। उनके लगभग सभी उपन्यासो में स्त्री समस्या को उठाया गया है चाहे ‘निर्मला’ हो या ‘प्रतिज्ञा’ हो या ‘वरदान’ या ‘गोदान’।
उन्होनें अपने स्त्री पात्रों को बेहद सशक्त बनाया। उनके यहां स्त्री कहीं भी कमजोर नहीं। कहते हैं कि किसी भी समाज की स्थिति का अंदाजा उस समाज में नारी की स्थिति से लगाया जा सकता है। जिस समाज में नारी की स्थिति मजबूत होगी वह समाज भी मजबूत होगा। प्रेमचंद ने आज की नारी की स्थिति का अंदाजा उस समय के समाज में स्त्री की स्थिति से लगा लिया था क्यों कि साहित्यकार भविष्यदृष्टा भी होता है और प्रेमचंद सही मायने में भविष्यदृष्टा थे। प्रेमचंद का सेवासदन जितना उनके समय का यथार्थ था उससे से भी कहीं ज्यादा आज का यथार्थ व प्रासंगिक हैा
आज जो नारी के भीतर मुक्ति की छपटाहट या यों कहे अपने मन के अनुसार काम करने की स्वतंत्रता की चाहत वह शायद उस समय नहीं थी। लेकिन सेवासदन की सुमन को प्रेमचंद ने एक आधुनिक नारी के समान मुक्ति की भावना की छटपटाहट से ओतप्रोत दिखाया है क्यों कि प्रेमचंद ने उस समय की नारी की स्थिति को तथा नारी के भविष्य को पहचान लिया था तथा भविष्य की नारी का तो सर्वस्व ही उन्होंने अपने उपन्यासों में उतारा। आज जो स्त्री के भीतर की घुटन, समान अधिकार न पाने का दंश, आर्थिक रूप से मजबूत न होना, घरों में दोयाम दर्जे का व्यवहार आदि शामिल हैं ये सभी प्रेमचंद के उपन्यास में दृष्टिगोचर होते हैं वे एक मायने में वे यथार्थवक्ता व भविष्यदृष्टा तो थे ही, वे दूरदृष्टि भी थे तभी सेवासदन की सभी समस्यायें आज भी उसी तरह समाज, परिवारों में पंजे जमा कर बैठी है!
सुमन जैसा चरित्र आज अनेक परिवारों में दिखाई देता है। जो समस्यायें सुमन की थी लगभग वही समस्यायें आज भी स्त्रियों की हैं। सुमन महत्वाकांक्षी थी परन्तु आर्थिक रूप से कमजो़र थी। सुमन जिन समस्याओं से जूझ रही थी आज की आघुनिक नारी भी लगभग उन्हीं से जूझ रही है। असल में सेवासदन में सुमन की लड़ाई दास्ता से मुक्ति की लड़ाई है और अपनी शर्तो पर जीवन जीने का संघर्ष है।
सेवासदन की मूल समस्या के संदर्भ में डा0 राम विलास शर्मा का कहना है-‘सेवासदन की मुख्य समस्या भारतीय नारी की पराधीनता है। प्रेमचंद ने किसी तरह तमाम पुरानी सांस्कृतिक परंपराओं को तोडते हुए वर्तमान समाज में नारी की पराधीनता को अपने निष्ठुर व वीभत्स रूप में चित्रित किया इस पर सहज विष्वास नहीं होता। हमारे साहित्य में कितने नाटक, कितने उपन्यास नारी के आत्मबलिदान उसके सतीत्व, उसकी पति सेवा पर नही लिखे गए? लेकिन कितने लेखकों ने उसकी निस्सहायता, पराधीनता ,उसके साथ पशुओं और दासों जैसे व्यवहार पर नज़र डाली है?’
प्रेमचंद के उपन्यासों में उनकी दृष्टि नारी की आम समस्याओं पर थी जिन पर किसी की दृष्टि शायद ही जाती हो। ‘सेवासदन’ में उन्होनें इस सामाजिक समस्या की पड़ताल भी की है कि समाज में स्त्री वेश्या का जीवन क्यों अपनाती है उन्होनें उपन्यास में एक पात्र के मुख से कहलवाया है कि-‘‘रूप के बाज़ार में वही स्त्रियां आती हैं जिन्हें या तो अपने घर में किसी कारण सम्मानपूर्ण जीवन नहीं मिलता या जो आर्थिक कष्टों से मजबूर हो जाती हैं यदि दोनों प्रश्न हल कर दिए जाए तो बहुत कम औरतें इस तरह पतित हों।’
इस तरह प्रेमचंद परिवार में स्त्रियों की प्रत्येक समस्या से वाक़िफ थे तथा प्रेमचंद अपने समय में जितने आधुनिक थे आज उतने ही प्रासांगिक हैं तथा आगे और भी रहेगें। उन्होनें सेवासदन में सब समस्याओं का हल भी बताया उन्होंने कहा-"जब तक जड़ पर कुल्हाड़े नहीं चलेगें तब तक पत्ते नोचनें से कोई फायदा नहीं होगा।”
इस प्रकार आज के आधुनिक समाज में स्त्रीयों की समस्याओं का हल करना हो तो उन्हें जड़ मूल से खत्म करना होगा नहीं तो समस्याओं का वही हाल होगा जो एक वृक्ष का होता है यादि उसके पत्ते काट दिए जाए तो वह और तेजी से बढ़ता है उसी तरह स्त्री समस्यायें भी बढ़ती जायेगी ।
-मनीषा जैन
"साहित्य भारती" लखनउ से प्रकाशित पत्रिका के अंक जुलाई-सितम्बर 2014 में प्रकाशित
