Search This Blog

Wednesday, 27 November 2013

पहली बार ब्लाग पर

रचनाकार मित्रो,
          मैं भी ब्लाग की दुनिया में आखिर आ ही गयी। अपने भीतर की रचनाक्षमता को पाठकों से साझा करने के लिए यह माध्यम भी जरूरी लगा, सो कुछ न कुछ आप सबसे शेयर करती रहूंगी। अभी कुछ दिन पहले मेरा पहला कवितासंग्रह बोधि प्रकाशन जयपुर से प्रकाशित हुआ है : रोज़ गूंथती हूं पहाड़।








ब्लागवार्ता कहां से शुरू करूं, चलो अपनी कुछ कविताएं ही यहां दिये देती हूं।
रोज गूंथती हूं पहाड़
रोज गूंथती हूं
मैं कितने ही पहाड़
आटे की तरह
बिलो देती हूं
जीवन की मुश्किलें
दूध-दही की तरह
बेल देती हूं
आकाश सी गोल रोटी
प्यार की बारिश  में
मैं सब कुछ कर सकती हूं
सिर्फ तुम्हारे लिए।


 घर में उजास
वह स्त्री अंधेरी रात में
चम्पा के उजले फूल
भर लाई है डलिया में
रख देगी उन्हें बरामदे में
उजास भर जायेगा
घर में 

पलभर में।

 बदलना
कई सालों बाद
जब वह आता है
नौकरी से वापस
वह बदल जाता है
इतना
सर्दी में जमें
घी जितना।


भेद रहा है चक्रव्यूह रोज़

वह ढ़ोता रहा
दिनभर पीठ पर
तारों के बंडल
जैसे कोल्हू का बैल
होती रही छमाछम
बारिश दिनभर
रात भर टपकती रही छत
उसका बिस्तर होता रहा
पानी-पानी
दिन उकसते ही
वह फिर चला गया
मानों चक्रव्यूह को भेदने।

 ओ शाम !
ओ शाम !
तू तनिक ठहर
भर दूं सब स्त्रियों के आंखों में
तेरा उजियारा
भर दूं किसी बीमार की आंखों में
उम्मीद का सहारा
भर दूं किसी बच्चे की मुठ्ठी में
कल के सपनें
दे दूं किसी वृ़द्धा को
प्यार भरा घर
ओ शाम ! तू तनिक ठहर।


 नया ठिकाना

बनाते रहे वे
बड़े-बड़े 

शानदार मकान
घूमते रहे 

शहर-दर-शहर
मकान पूरा होने पर
रातों रात वे अपना
नया ठिकाना खोजने लगे।


 हंसी जीवन देती है
पत्थर ढ़ोती स्त्री के
हाथ कितने कठोर हो गए हैं
पांव पर भी मेहनत की
गर्द जम गई है
परंतु चेहरे पर
मुलायम हंसी
जीवन को बचाये हुए है।

1 comment:

  1. आकाश सी गोल रोटी
    प्यार की बारिश में
    मैं सब कुछ कर सकती हूं
    सिर्फ तुम्हारे लिए। bahut sundar sangrha Manisha ji..badhai ho aapko..

    ReplyDelete