आज के समय के महत्वपूर्ण कवि, अनहद् पत्रिका के संपादक संताेष चतुर्वेदी जी के काव्य संग्रह की आलाेचनात्मक समीक्षा लमही पत्रिका में प्रकाशित हुई है। जिन मित्राें काे पत्रिका प्राप्त न हुयी हाे वाे यहां पढ़ सकते है। आज के कठाेर व विद्रूप समय का चेहरा इन कविताओं में आसानी से देखा जा सकता है।
जिधर न रहता हो खुदा
युवा कवि संतोष चतुर्वेदी का दूसरा काव्य संग्रह ‘दक्खिन का भी अपना पूरब होता है’ अभी अभी प्रकाशित हुआ है। पहली नज़र में ही शीर्षक आकर्षित करता है। जैसे मानो शीर्षक ही उद्घोषणा करता है कि हर चीज़ का अपना महत्व होता है तथा हर वस्तु का कोई न कोई केन्द्र जरूर होता है। इस काव्य संग्रह की भूमिका वरिष्ठ लोकधर्मी कवि विजेन्द्र जी ने लिखी है। उन्होंने कविताओं की व्याख्या करते हुए कवि संतोष की कविता के विषय में कहा-‘उनकी कविता में मुझे एक अजब किस्म की ऐतिहासिकता द्वंद्वमयता की ध्वनि सुनाई देती हैै। अर्थात उनकी कविता समय की रिक्ति में नही बल्कि जीवन की गतिकी-उसके अंतर्द्वदों से जन्म लेती है।’ बिना इतिहास के कोई वर्तमान नहीं होता तथा ऐतिहासिक दृष्टि के साथ ही वर्तमान की गति को समझ सकते हैं। चूंकि कवि संतोष इतिहास के प्राध्यापक भी हैं अतः उनकी दृष्टि ऐतिहासिकता लिए हुए ही समकालीन परिवेश की कविता रच पाती है।संग्रह में अधिकतर कविताएं लम्बी हैं। संतोष जी की लम्बी कविताओं का सौन्दर्यशास्त्र लोक दृष्टि की चेतना से व्याप्त है। यदि संतोष की कविता को परिभाषित करना पड़े तो कह सकते हैं कि ‘‘लोक जीवन से संपृक्त कविता।’’ संतोष ने अपने समय यानि आज के जनजीवन के ठोस विषयों को कविता में उतारा है जनजातियों, मजदूरों, आदिवासियों, वंचितो के दुखों से लैस यह कविता संग्रह लोकधर्मी कविताओं को प्रस्तुत करता है।
संग्रह की एक लम्बी कविता ‘मोछू नेटुआ’ जिसमें एक सांप पकड़ने वाली जनजातीय के चरित्र की अदम्य साहस तथा एक उपेक्षित चरित्र को कविता का विषय बनाया है। उनके जीवन के दुख सुख, प्रताड़ना व विषाद के चित्रण के साथ साथ सांपों तथा अन्य जानवरों पर हो रहे अत्याचारों का खुलासा भी इस कविता में किया गया है-
सांपों को पकड़ कर
बड़ी बेरहमी से निकाल लिया जाता है उनका जहर
सुना है कि उस जहर से बनायी जाती हैं
एक से बढ़ कर एक महंगी दवाइयां
फिर वे अपने कहर के जहर से मार डालते हैं सांप को
महज उसकी खाल के लिए
सुना है जिससे तैयार होते है। कारखानों में
महंगे-महंगे कोट
महंगे-महंगे बैग
बाजारों में बेचने के लिए
सरकार चाहे कितना ही दम भरे कि जानवरों पर अत्याचार नहीं हो रहा, परन्तु जानवर बेचारे निरीह कब प्रतिरोध कर पाते है? आज प्रकृति अपना रूप खोती जा रही है मानव ही प्रकृति दोहन का सबसे बड़ा जिम्मेवार है। पर्यावरण के प्रति सजग यह कवि पक्षियों के लुप्त होने की चिंता से भी चिंतित है-
जैसे खूंटों से एक-एक कर गायब होते गये बैल
गायों से खाली होते गये दुआर
अपनी सख्त कवच के बावजूद
कछुए नहीं बचा पाये खुद को
देखते देखते गायब होते गये
दूर तक नजर रखने वाले गिद्ध
ठीक उसी तरीके से गायब होते जा रहे हैं सांप
कविता जैसे जैसे आगे बढ़ती है कवि को इस बात की चिंता है कि आज पीढ़ी दर पीढ़ी जनजातियां जो काम करती आयी हैं आज उस काम की कोई कीमत नहीं रह गयी है। हांलाकि मोछू नेटुआ अपना काम बड़ी चतुराई से करता है परन्तु वह इस दुर्लभ काम के भविष्य के प्रति भी चिंतित है तथा वह आज के समाज की दुर्वयवस्था को भी जानता है तभी वह कहता है-
बेअसर पड़ता जा रहा है सांप का जहर
और लगातार जहरीला होता जा रहा है आदमी
सांपों को तो आसानी से चीन्ह लेते हैं हम
लेकिन आदमी को आदमी की भीड़ से बीन कर
जहरीले तौर पर अलगा पाना
एकदमे से असंभव है
आज के उत्तर आधुनिक समय में शायद सांप का जहर मनुष्य में समाता जा रहा है यहां अज्ञेय की पंक्तियां याद आती हैं-
सांप! तुम सभ्य तो हुए नहीं-
नगर में बसना भी तुम्हें नहीं आया।
एक बात पुंछू-
तब कैसे सीखा डसना-
विष कहां से पाया?
आज का शहरी आदमी सांप से कहीं ज्यादा विषैला होता जा रहा है। यह कविता बेहद पठनीय व रोचक है। कवि का जीवन के यर्थाथ से विषय उठाना ही कविता में एक नये सौंदर्यशास्त्र की रचना करता है। आज के दुरूह समय में कविता को बचाना भी एक चुनौती भरा काम है। कविता का मुख लोकोन्मुखी व कवि के सरोकार जन चेतना से युक्त होने ही चाहिए। एक कवि की नैतिक जिम्मेवारी होती है कि वह समाज के अन्याय, पीड़ा, संघर्ष को चिन्हित करे।
ऐसे समय में कवि संतोष की कविता ‘मां का घर’ एक महत्वपूर्ण प्रश्न उठाती है। कि स्त्री का घर कौन से होता है? कवि ने बड़ी रोचकता के साथ पुरूष प्रधान समाज में स्त्री को कमतर आंकने की ओर संकेत किया है। आज भी सबसे पहले लड़की को यही बताया जाता है कि हमारा समाज पुरूष प्रधान है और पुरूष को कमतर नहीं आंकना है। आज जब समाज में स्त्री विर्मश को लेकर बहस जारी है। असल में इस बहस में सिर्फ स्त्री को महत्व, समाज परिवार में उसका स्थान तथा बराबरी का दर्जा दिए जाने की दरकार है। असल में स्त्री व पुरूष एक दूसरे के पूरक हैं। ऐसे समय में कवि संतोष लिखते हैं-किसी ने भी क्यों नहीं समझी यह जरूरत/कि कुछ इस तरह के ब्यौरे भी कहीं पर हों/जिनमें दर्ज किये जाएं अब तक गायब रह गये/माताओं और माताओं की मातामहों के नाम। आज भी इस लोकतंत्रिक व्यवस्था में स्त्री को दोयाम, कमजोर तबके का समझा जाता है। कविता में मां नाम की व्यवस्था की पड़ताल की गई है ंकि किसी भी क्षेत्र में स्त्रीयों को महत्व नहीं दिया जाता। पूरी कविता पुरूष प्रधान समाज का प्रतिरोध दर्ज कराती है।
एक अन्य कविता है ‘ओलार’। यह एक इक्कावान के संघर्ष की कविता है। वह इक्के में संतुलन बिठाते बिठाते अपने जीवन में संतुलन नहीं बिठा पा रहा है। इस कविता में कवि संतोष की जनजीवन, मेहनती, परिश्रमी, कामगारों के प्रति प्रतिबद्धता दिखाई देती है। कविता में वे कहते है-‘यह कैसा समय है भाई/मोटे और मोटाते-अघाते जा रहे हैं/कमजोर पतराते जा रहे है।’ क्या बताये? यह कैसा समय है कि अमीर और अमीर तथा गरीब और गरीब होता जा रहा है। गरीब की गरीबी की इतंहा खत्म ही नही होती, कंठ सूखते जा रहे हैं, कमर पिराती जा रही है फिर भी मेहनतकश जीए जा रहा है। लेखक ने अपनी कविताओं में दुखी, पीड़ितो, मेहनत करने वालों का जो चित्रण किया है उसमें उनकी चिंता व्याप्त है कि ऐसे कैसे चलेगी गाड़ी। गृहस्थी की गाड़ी जब ओलार हो जायेगी तब क्या होगा? इस प्रकार इन कविताओं में सामाजिक विषमता की ओर ईशारा है। कब वर्ग संघर्ष खत्म होगा? कब समानता आ पायेगी?
संतोष चतुर्वेदी की कविता के विषय समाज के महत्वहीन कारीगर जैसे अदृश्य चरित्र है जैसे सपेरेा की जनजाति, इक्कावान, खाट बीनने वाले, हाशिये पर रहने वाले लोग है। किसी का ध्यान इन महत्वहीन लोगों की ओर शायद ही जाता हो लेकिन एक लोकधर्मी कवि की आंख से इस तरह के चरित्र नहीं बच पाते। अभिजात्य वर्ग तो इन विषयों की अनदेखी करता ही आया है लेकिन कवि के पास एक तीसरी संवेदनशील आंख होती है जिससे वह दुखियों, अभावग्रस्तों के दुख से व्यथित होता रहता है। जैसे कवि नागार्जुन अपनी ‘खुरदुरे पैर’ कविता में रिक्शा खींचने वाले के दुख से दुखित होते हैं।
संतोष की कविताएं जीवन के सत्य से उपजी है। वैसे तो पानी रंगहीन होता है परन्तु उनकी एक कविता ‘पानी का रंग’ में वे कहते हैं कि पानी का भी एक अपना रंग होता है। जिस तरह काली रात में भी बहुत जीवन द्रव्य छिपा होता है अंधेरा ही हमें प्रकाश में आने के लिए लड़ने की शाक्ति देता है इसी प्रकार पानी में भी रंग छिपे होते हैं जब सूर्य की रोशनी पानी पर पड़ती है तब ही सतरंगी रोशनी जन्म लेती हैं। जीवन में आंख के पानी का होना अति आवश्यक है। यदि आंख में पानी बचा रहा तभी जीवन को विविध रंगों से सजा पायेगें। यदि आंख का पानी भी सूख गया उस दिन धरती भी रो जायेगी-
‘अगरचे बेनाम से इस पनीले रंग को
इसकी सारी रंगीनियत के साथ
बचाये रखना चाहते हो
तो बचा लो
अपनी आखों में थोड़ा-सा पानी
जहां से फूटते आए हैं
रंगों के तमाम सोते’
एक अन्य लम्बी कविता ‘पेनड्राइव समय’ आज के समय का साक्षात्कार है। आज का तकनीकि युग ही हमें चमकदार लगता है परन्तु इस चमकदार रोशनी के पीछे अदृश्य दुख छिपे होते हैं जो दिखाई ही नहीं देते। आज के उत्तर आधुनिक समय को कवि पेनड्राइव समय का नाम देते है। आज के पूंजीपति समय में समाज में ऐसा ही होता है जिनकी जेबें रूपयों से भरी होती हैं उनके पेनड्राइव भी रूपयों से भरे होते है(विज्ञापन के रूप में)। वे पूंजीपति सब कुछ खरीद सकते हैं लेकिन दूसरी ओर सर्वहारा, मजदूर एक जून की रोटी जुटाने में पूरा दिन खपाता हैै। ऐसा कैसा समाज बन रहा है आगे कवि कहता है-बताया उसने बिना लाग-लपेट के/मैनें आदतन हिसाब लगाया/एक परिवार का पन्द्रह दिनों का खाना-पीना/एक मजदूर के बीस दिनों की मजूरी/एक बच्चे की पढ़ाई की साल भर की फीस/गुल्लकों में पेट काट-काट कर/जतन से बटोरी गयी रेजगारी।
आज एक गरीब व्यक्ति की रोटी का गुजारा एक पेनड्राइव की कीमत के बराबर है फिर भी उसे खरीदना जरूरी है तथा रोटी का सवाल मुलतवी करना ही होगा। रोटी से ज्यादा जरूरी है तकनीकी के गुलाम हो जाना। कहते है समय को किसने बांधा है पर आज के उत्तर आधुनिक समय में समय को भी तकनीकी ने अपने भीतर समो लिया है-‘ठीक वैसे ही पेनड्राइव की रौनक के पीछे/जुड़ी है कहीं न कहीं/हमारी तमाम भूखी-प्यासी रातें/इस एक सफलता में ढक गयी हैं/हमारी हजार असफलताएं चुप्पी साध कर’’ यह कविता एकदम यथार्थ का व्याख्यान है जहां एक ओर पूंजीपति ए.सी. के कमरों में बैठ कर चाय पीता है वही दूसरी ओर गरीब जन के बच्चे मांड में पौष्टिकता ढूढंते हैं। इस कविता में आज के समय का पेन भी समाया हुआ है। यह हमारी दैनिक जरूरत में शामिल हो गया है।
इस तरह यह कविता कहानी का आस्वाद देती है। पेनड्राइव आज के समय की जरूरत है परन्तु इससे भी दैनिक चिंतायें कम नहीं हुई है। व्यक्ति हाताश है, घबराया हुआ है, कुछ हाथ नहीं आ रहा है। वह तकनीक का गुलाम होता जा रहा है। ऐसे बहरूपिये समय में सभी तकनीक को आत्मसात् किए जा रहे हैं ऐसे समय में कवि स्वयं को गुनाहगार महसूस करता है-
एक अजीब सा सन्नाटा पसरता जा रहा है चारों ओर
हर दिशा घिरती चली जा रही है धुन्ध से
सिमटती पा रही है देखने की क्षमता
कहीं से प्रतिरोध का कोई स्वर
फूटता नहीं दिखायी पड़ता
लगता है कि मैं
गुनहगार हूं अपने ही बीबी बच्चों का
उनसे नजरें नहीं मिला पाता मैं।
आज हर वस्तु क्षणिक है समय पल-पल बदल रहा है। रोज नित्य नई मान्यतायें बनती है और टूटती हैं। ऐसे बेखबर समय में बेखबर रहना मुमकिन नहीं, आज के व्यक्ति को पता है उसके आसपास क्या हो रहा है। ऐसे हवाओं के विरूद्ध चलने जैसे समय में हवाओं के संग कैसे बहा जाय इसी जुगत में लगा रहता है इंसान। इसी तरह के भाव कविता ‘राग नींद’ में आए हैं। कविता ‘अंधा मोड़’ में कवि अंधा मोड़ यानि हमारे जीवन में ऐसे अनेक अंधे मोड़ आते है उनसे सफलतापूर्वक निकलना ही मानों जिंदगी जीने की कला है-
हर अंधा मोड़ सिखला जाता है
संभल कर चलने की तहजीब
तीखे और भयावह मोड़ों के बाद भी
होती रहेंगी बातें चलने की
जीवन का राग कविता में पानी और आग जीवन की मूलभूत जरूरत के कारण ही संतोष आग और पानी को जीवन का राग कहते हैं। इसी तरह अन्य कविताओं जैसे खाट बीनने वाले, पानी के लचीलेपन में, मुकम्मिल स्वर, फर्क तो पड़ता है साथी, सुराख आदि कविताओं में कवि समकालीन समय से रूबरू होता हुआ अपनी दृष्टि में सकारात्मक समय की उम्मीद करता है।
कविता संग्रह का नाम जिस कविता के नाम पर रखा गया है उसमें दक्खिन वह दिशा जिसे मृत्यु की दिशा कहा जाता है इसके विपरीत पूर्व दिशा को सूर्य की दिशा कहा जाता है सूर्य अनगिनत रश्मियां लेकर आता है लेकिन हर दिशा का अपना पूरब होता है हर व्यक्ति, वस्तु का अपना महत्व होता है। दक्खिन दिशा का अपना स्वरूप है महत्व है। एक कहावत भी है-जहां काम आवै सूई का करै तलवारि। इसी प्रकार यदि हम दक्षिण दिशा को स्वतंत्र रूप में देखे तो अवश्य दक्षिण दिशा का भी अपना पूरब होता है। और उसी पूरब से वहां भी रोशनी आती है रोशनी यानि ईश्वर। और ईश्वर तो कण कण में वास करता है देखने की सूक्ष्म नज़र होनी चाहिए।
सूफी ने मासूमियत से अनुरोध किया
वह बता दे उसे वह दिशा
जिधर न रहता हो खुदा
कर लेगा बेहिचक वह उसी ओर अपना पैर
लाख कोशिशों के बावजूद
नहीं खोज पाया वह एक भी ऐसी दिशा
जिधर न रहता हो खुदा
‘प्रश्न वाचक चिन्ह’ कविता में इस चिन्ह का भी बड़ा महत्व बताया है हमारे जीवन में। कवि ने इस चिन्ह के प्रश्नों की नजर से दुनिया को देखा है दुनिया में ना जाने कितने ही प्रश्न अनुतारित खड़े है जिनका कोई जबाब नहीं किसी के पास। बहुत महत्वपूर्ण होता है प्रश्नवाचक चिन्ह, हमेशा उत्तर की खोज में प्रतीक्षारत।
संतोष चतुर्वेदी की कविता के कथ्य का शिल्प कच्चे घड़े की परह अनगढ़ व खुरदुरा है चिकनी चुपड़ी कविता यानि अभिजात्य वर्ग के लिए नहीं। असल में कवि की जीवन राह ही मुश्किलों से भरी होती है वह इस राह को कविता की अभिव्यक्ति के द्वारा सुगढ़ करता हुआ चलता है जिस प्रकार मिट्टी के खुरदुरेपन में ही मिट्टी का जीवन छिपा होता है चिकने सपाट फर्श में नहीं, वह तो पत्थर बन जाता है। जीवन का तानाबाना तो खुरदुरे जीवन में ही जीवन पाता है इसी तानेबाने का नाम जीवन है कविता ‘वहीं से फूटती हैं राहें’ कविता में यही कुछ भाव प्रकट हुए हैं-
टहनी पर जहां दिखती हैं खुददुरी गांठें
वहीं से फूटती हैं नयी राहें
वहीं से बहती है कविता
अपनी धार में नदी को रचते हुए
वहीं से फूटते हैं
नये नवेले पत्ते
जहां बिलकुल सीधी सुरहुर दिखती है
वहां से उम्मीद का कोई कल्ला
नहीं फूटता कभी
आज के मशीनी युग में जब बाजार सिमट कर हमारे शयनकक्ष में प्रवेश कर गया है बाजार का मुंह बड़ा होता जा रहा है और इंसान उस मुंह में प्रवेश कर छोटा व महत्वहीन महसूस करने लगा हैै। अब बाजार लगभग मनुष्य को लीलने की प्रक्रिया में है ऐसे समय में संतोष के काव्य संग्रह में अंत की एक कविता ‘वे हमें अकेला कर देना चाहते हैं’ बेहद प्रासंगिक व आज के मानवीय रिश्तों, सामाजिक सरोकारों से युक्त यह कविता गहराई से सोचने को विवश करती है। यह आज के पूंजीवादी अर्थव्यवस्था के बदरंग चरित्र को हमारे सम्मुख रखती है। कौन हैं वे? जो हमें अकेला कर देना चाहते हैं। बाज़ारवाद ने आज हमें अकेला व निहत्था बना दिया है। हम जितने ग्लोबल हुए उतने ही अकेले भी हुए हैं। आज बच्चे इंटरनेट की दुनिया में इंटरलॉक होते जा रहे हैं। संवेदना सिरे से गायब हो चुकी है। मानव को अकेला करने की जुगत में लगी शक्तियों के लिए कवि कहता है-
वे हमें इतना अकेला कर देना चाहते हें
कि हमारे पैरों में कोई कांटा चुभे तो हम आह भी न भर पाएं
कि अगर कोई हमारे हाथों को अपने हाथों में लेकर सहलाए
तो भी प्यार की कोई अनुभूति न जगने पाए
कहीं कोई जख्म हो तो भी हमारे चेहरे पर कोई शिकन न आए
कवि की इस प्रकार की चिंता ग्लोबलाइजेशन पर, बाजार पर, मानवीय संवेदनहीनता पर प्रश्न चिन्ह लगाती है। जब पूरी प्रकृति ही एक दूसरे पर निर्भर है फिर भी मनुष्य को मनुष्य से अलगाने की साजिश जारी है। गांव का व्यक्ति शहर आना चाहता है और जो शहर आ गया है वह अकेला होता जा रहा है व अकेलापन उसकी आदत में शुमार होता जा रहा है। शहर का आदमी शहर की चकाचौंध से अपनी आंख भी नहीं खोल पा रहा है ऐसे में उसकी ही परछाई उसका साथ भी छोड़ती जा रही है। ऐसे में क्या करें आदमी? कैसा है यह समय? लेकिन जो अकेला कर रहे हैं उन्हें भीतर से पता है कि जीवन सामुहिक रह कर ही जीया जा सकता है क्यों कि मनुष्य एक सामाजिक प्राणी है-
कौन उन्हें बतलाए
कि समवेत से ही बनता है जीवन
थोड़ी नमी थोड़ी कमी से ही बनता है
हमेशा अधूरा सा लगने वाला ये पूरम्पूर जीवन
सूरज सजा है अपने सौर मंडल से ही
चांद की चांदनी में कहीं न कहीं शामिल है
तड़कता भड़कता सूरज....
वे हमें इस कदर अकेला कर देना चाहते हैं
कि आंसू तलक भी साथ न हो हमारे
जब कभी हम रोएं
लेकिन हमें उम्मीद नहीं छोड़नी चाहिए। इस तरह के बाजारवाद से जल्दी ही दुनिया तंग आ कर फिर से अपनी पुरानी जड़ों की ओर लौटेगी और जीवन फिर से हरा भरा हो जायेगा।
इस प्रकार इस काव्य संग्रह के अछूते विषय व समाज में उपेक्षित चारित्रों को कवि ने अपनी कविताओं का विषय बनाया जिन विषयों को एक आमजन अनदेखा कर जाता है। काव्य संग्रह की कविताएं रोचकता लिए व संप्रेषणीयता के गुण से संयुक्त हैं। आज तकनीकी के युग में संवेदनहीनता के हाबी होने के बावजूद ये कविताएं उम्मीद की एक किरण को दक्षिण दिशा से आने की दरकार रखती ही हैं।
समीक्षक - मनीषा जैन
काव्य संग्रह- दक्षिण का भी अपना पूरब होता है
कवि- संतोष कुमार चतुर्वेदी
प्रकाशक- साहित्य भंडार
50, चाहचन्द इलाहाबाद-211003
प्रथम संस्करण- 2014
मूल्य- 50 रूपये

