Search This Blog

Friday, 31 July 2020

प्रेमचंद की जयंति पर विशेष लेख - मनीषा जैन

‘सेवासदन’ की सुमन बनाम आधुनिक नारी

       प्रत्येक युग के साहित्य का संबध उस युग की परिस्थिति से गहरा होता है साहित्य परिस्थितियों को प्रभावित भी करता है तथा प्रभावित भी होता है। प्रेमचन्द ने अपने पहले हिन्दी उपन्यास ‘सेवासदन’ में उन्होंने जिस स्त्री समस्या को उठाया वह आज भी उतनी ही प्रासंगिक है जितनी उस समय थी। और यह विषय हमें आज यह सोचने को मजबूर करता है कि क्या कारण थे? सुमन को क्या परेशानियां थीं? उसे क्यों वेश्या की राह पर चलना पड़ा। उर्दू में इस उपन्यास से पहले इस विषय पर कई उपन्यास लिखे जा चुके थे लेकिन प्रेमचंद की दृष्टि उन सभी उपन्यासों से सर्वथा भिन्न थी। 

        ‘सेवासदन’ में सुमन के घर से निकलने के अनेक कारण थे जैसे पति द्वारा पत्नी की उपेक्षा, सुमन का आर्थिक रुप से कमजोर होना, स्त्री के प्रति अविश्वास, पति का क्रूर व्यवहार, बेमेल विवाह, समाज की असहानुभूति आदि। सेवासदन एक वेश्या समस्या प्रधान उपन्यास न होकर एक सामान्य घरेलू स्त्रियों की समस्या प्रधान उपन्यास है। प्रेमचंद ने अपने सम्पूर्ण साहित्य में नारी जीवन के विविध पहलू, विविध पारिवारिक समस्याओं का चित्रण विस्तार से किया है। तथा स्त्री पुरूष के समान अधिकार उनके लिए आर्दश दाम्पत्य स्थिति है।

   प्रेमचंद के समय की नारी विशेषकर मध्य व उच्च वर्ग की नारी दोहरी दासता की शिकार थी उसे न तो पारिवारिक सम्पति में कोई अधिकार था (वह आज भी नहीं है) न ही वह स्वतंत्र रुप से जीविका अर्जित करने में समर्थ थी, नारी शिक्षा से वंचित थी  उसकी जगह सिर्फ चौके चूल्हे ,बच्चे पालने में थी या उसकी जगह घर से बाहर वेश्या के रुप में थी। सामाजिक बंधनों के कारण स्त्री का जीवन गुलामी का पर्याय थी बिना पैसे की गुलाम की हैसियत थी उसकी। चौबीस घंटे जी हजूरी करने के लिए सदैव तत्पर? इसका उदाहरण हमें प्रेमचंद की कहानी ‘ठाकुर का कुंआ’ में कुएं पर पानी भरने आयी दो उच्च वर्ग की महिलाओं की बातों से पता चल जाता है-‘‘बस, हुकूम चला दिया कि ताजा पानी लाओ, जैसे हम लौडियां ही हैं। लौडियां नहीं तो और क्या हो तुम? रोटी कपड़ा नहीं पातीं? दस-पाचं रुपये छीन-झपट कर ले ही लेती हो। और लौंडिया कैसी होती है।’’

      ‘सेवासदन’ के इन विषयों की लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि पहले संस्करण की 1100 प्रतियां तुरंत बिक गयी तथा एक साल के भीतर ही इसका गुजराती संस्करण आ गया व हिन्दी के दूसरे संस्करण की तैयारी होने लगी।आज के संदर्भ में तो सेवासदन और भी ज्यादा प्रासंगिक है। असल में ‘सेवासदन’ के मूल में वेश्या समस्या को तलाशना न्यायसंगत न हो कर कथानक के मूल में तो सामाजिक व पारिवारिक व सांस्कृतिक रीतियां हैं जिन पथरीले पाटों के बीच पड़कर एक स्त्री पीस जाती है और आज तक पीसती आ रही है तथा टूटी हुयी नारी को पतिता होकर अपमान सहना पडता है तथा पतिता का तमगा उसके गले मढ़ दिया जाता है।

       प्रेमचंद ने अपने उपन्यास में दिखाया है कि सुमन दालमड़ी के कोठे पर बैठने के बाबजूद पतित नहीं होती वरन् उसमें अपने स्वाभिमान की रक्षा करने की शक्ति है तथा वह दिखना चाहती है कि वह आर्थिक रुप से मजबूत हो कर दिखायेगी।  स्वतंत्र होकर उसमें इतनी ताकत आ जाती है कि वह धर्म के ठेकेदारों को बेइज्जत कर कोठे से बाहर निकालती है वे ठेकेदार जो स्वयं कोठे पर रंगरेलियां मनाने जाते हैं तथा समाज में धर्म के ठेकेदार बनते हैं तथा समाज में जो स्त्रियों पर कलंक लगाने से नहीं चूकते जो स्वंय कलंक से परिपूर्ण होते हैं। प्रेमचदं ने पुरूषों के इस दोहरे व्यक्तित्व का पर्दाफाश भी बड़ी बारीकी से किया है आज जिस स्त्री विमर्श का बोलबाला है वह प्रेमचंद ने अपने समय में ही कर दिया था। उनके लगभग सभी उपन्यासो में स्त्री समस्या को उठाया गया है चाहे ‘निर्मला’ हो या ‘प्रतिज्ञा’ हो या ‘वरदान’ या ‘गोदान’।

      उन्होनें अपने स्त्री पात्रों को बेहद सशक्त बनाया। उनके यहां स्त्री कहीं भी कमजोर नहीं। कहते हैं कि किसी भी समाज की स्थिति का अंदाजा उस समाज में नारी की स्थिति से लगाया जा सकता है। जिस समाज में नारी की स्थिति मजबूत होगी वह समाज भी मजबूत होगा। प्रेमचंद ने आज की नारी की स्थिति का अंदाजा उस समय के समाज में स्त्री की स्थिति से लगा लिया था क्यों कि साहित्यकार भविष्यदृष्टा भी होता है और प्रेमचंद सही मायने में भविष्यदृष्टा थे। प्रेमचंद का सेवासदन जितना उनके समय का यथार्थ था उससे से भी कहीं ज्यादा आज का यथार्थ व प्रासंगिक हैा 

     आज जो नारी के भीतर मुक्ति की छपटाहट या यों कहे अपने मन के अनुसार काम करने की स्वतंत्रता की चाहत वह शायद उस समय नहीं थी। लेकिन सेवासदन की सुमन को प्रेमचंद ने एक आधुनिक नारी के समान मुक्ति की भावना की छटपटाहट से ओतप्रोत दिखाया है क्यों कि प्रेमचंद ने उस समय की नारी की स्थिति को  तथा नारी के भविष्य को पहचान लिया था तथा भविष्य की नारी का तो सर्वस्व ही उन्होंने अपने उपन्यासों में उतारा। आज जो स्त्री  के भीतर की घुटन, समान अधिकार न पाने का दंश, आर्थिक रूप से मजबूत न होना, घरों में दोयाम दर्जे का व्यवहार आदि शामिल हैं ये सभी प्रेमचंद के उपन्यास में दृष्टिगोचर होते हैं वे एक मायने में वे यथार्थवक्ता व भविष्यदृष्टा तो थे ही, वे दूरदृष्टि भी थे तभी सेवासदन की सभी समस्यायें आज भी उसी तरह समाज, परिवारों में पंजे जमा कर बैठी है!

     सुमन जैसा चरित्र आज अनेक परिवारों में दिखाई देता है। जो समस्यायें सुमन की थी लगभग वही समस्यायें आज भी स्त्रियों की हैं। सुमन महत्वाकांक्षी थी परन्तु आर्थिक रूप से कमजो़र थी। सुमन जिन समस्याओं से जूझ रही थी आज की आघुनिक नारी भी लगभग उन्हीं से जूझ रही है। असल में सेवासदन में सुमन की लड़ाई दास्ता से मुक्ति की लड़ाई है और अपनी शर्तो पर जीवन जीने का संघर्ष है।

  सेवासदन की मूल समस्या के संदर्भ में डा0 राम विलास शर्मा का कहना है-‘सेवासदन की मुख्य समस्या भारतीय नारी की पराधीनता है। प्रेमचंद ने किसी तरह तमाम पुरानी सांस्कृतिक परंपराओं को तोडते हुए वर्तमान समाज में नारी की पराधीनता को अपने निष्ठुर व वीभत्स रूप में चित्रित किया इस पर सहज विष्वास नहीं होता। हमारे साहित्य में कितने नाटक, कितने उपन्यास नारी के आत्मबलिदान उसके सतीत्व, उसकी पति सेवा पर नही लिखे गए? लेकिन कितने लेखकों ने उसकी निस्सहायता, पराधीनता ,उसके साथ पशुओं और दासों जैसे व्यवहार पर नज़र डाली है?’

 प्रेमचंद के उपन्यासों में उनकी दृष्टि नारी की आम समस्याओं पर थी जिन पर किसी की दृष्टि शायद ही जाती हो। ‘सेवासदन’ में उन्होनें इस सामाजिक समस्या की पड़ताल भी की है कि समाज में स्त्री वेश्या का जीवन क्यों अपनाती है उन्होनें उपन्यास में एक पात्र के मुख से कहलवाया है कि-‘‘रूप के बाज़ार में वही स्त्रियां आती हैं जिन्हें या तो अपने घर में किसी कारण सम्मानपूर्ण जीवन नहीं मिलता या जो आर्थिक कष्टों से मजबूर हो जाती हैं यदि दोनों प्रश्न  हल कर दिए जाए तो बहुत कम औरतें इस तरह पतित हों।’

 इस तरह प्रेमचंद परिवार में स्त्रियों की प्रत्येक समस्या से वाक़िफ थे तथा प्रेमचंद अपने समय में जितने आधुनिक थे आज उतने ही प्रासांगिक हैं तथा आगे और भी रहेगें। उन्होनें सेवासदन में सब समस्याओं का हल भी बताया उन्होंने कहा-"जब तक जड़ पर कुल्हाड़े नहीं चलेगें तब तक पत्ते नोचनें से कोई फायदा नहीं होगा।”

 इस प्रकार आज के आधुनिक समाज में स्त्रीयों की समस्याओं का हल करना हो तो उन्हें जड़ मूल से खत्म करना होगा नहीं तो समस्याओं का वही हाल होगा जो एक वृक्ष का होता है यादि उसके पत्ते काट दिए जाए तो वह और तेजी से बढ़ता है उसी तरह स्त्री समस्यायें भी बढ़ती जायेगी ।

-मनीषा जैन

 

"साहित्य भारती" लखनउ से प्रकाशित पत्रिका के अंक जुलाई-सितम्बर 2014 में प्रकाशित

 

 

    


Wednesday, 10 July 2019

संताेष चतुर्वेदी के काव्य संग्रह की समीक्षा




आज के समय के महत्वपूर्ण कवि, अनहद् पत्रिका के संपादक संताेष चतुर्वेदी जी के काव्य संग्रह  की आलाेचनात्मक समीक्षा लमही पत्रिका में प्रकाशित हुई  है। जिन मित्राें काे पत्रिका प्राप्त न हुयी हाे वाे यहां पढ़ सकते है। आज के कठाेर व विद्रूप समय का चेहरा इन कविताओं  में आसानी से देखा जा सकता है।


जिधर न रहता हो खुदा
युवा कवि संतोष चतुर्वेदी का दूसरा काव्य संग्रह ‘दक्खिन का भी अपना पूरब होता है’ अभी अभी प्रकाशित हुआ है। पहली नज़र में ही शीर्षक आकर्षित करता है। जैसे मानो शीर्षक ही उद्घोषणा करता है कि हर चीज़ का अपना महत्व होता है तथा हर वस्तु का कोई न कोई केन्द्र जरूर होता है। इस काव्य संग्रह की भूमिका वरिष्ठ लोकधर्मी कवि विजेन्द्र जी ने लिखी है। उन्होंने कविताओं की व्याख्या करते हुए कवि संतोष की कविता के विषय में कहा-‘उनकी कविता में मुझे एक अजब किस्म की ऐतिहासिकता द्वंद्वमयता की ध्वनि सुनाई देती हैै। अर्थात उनकी कविता समय की रिक्ति में नही बल्कि जीवन की गतिकी-उसके अंतर्द्वदों से जन्म लेती है।’ बिना इतिहास के कोई वर्तमान नहीं होता तथा ऐतिहासिक दृष्टि के साथ ही वर्तमान की गति को समझ सकते हैं। चूंकि कवि संतोष इतिहास के प्राध्यापक भी हैं अतः उनकी दृष्टि ऐतिहासिकता लिए हुए ही समकालीन परिवेश की कविता रच पाती है।
               संग्रह में अधिकतर कविताएं लम्बी हैं। संतोष जी की लम्बी कविताओं का सौन्दर्यशास्त्र लोक दृष्टि की चेतना से व्याप्त है। यदि संतोष की कविता को परिभाषित करना पड़े तो कह सकते हैं कि ‘‘लोक जीवन से संपृक्त कविता।’’ संतोष ने अपने समय यानि आज के जनजीवन के ठोस विषयों को कविता में उतारा है जनजातियों, मजदूरों, आदिवासियों, वंचितो के दुखों से लैस यह कविता संग्रह लोकधर्मी कविताओं को प्रस्तुत करता है।
               संग्रह  की एक लम्बी कविता ‘मोछू नेटुआ’ जिसमें एक सांप पकड़ने वाली जनजातीय के चरित्र की अदम्य साहस तथा एक उपेक्षित चरित्र को कविता का विषय बनाया है। उनके जीवन के दुख सुख, प्रताड़ना व विषाद के चित्रण के साथ साथ सांपों तथा अन्य जानवरों पर हो रहे अत्याचारों का खुलासा भी इस कविता में किया गया है-
सांपों को पकड़ कर
बड़ी बेरहमी से निकाल लिया जाता है उनका जहर
सुना है कि उस जहर से बनायी जाती हैं
एक से बढ़ कर एक महंगी दवाइयां
फिर वे अपने कहर के जहर से मार डालते हैं सांप को
महज उसकी खाल के लिए
सुना है जिससे तैयार होते है। कारखानों में
महंगे-महंगे कोट
महंगे-महंगे बैग
बाजारों में बेचने के लिए
            सरकार चाहे कितना ही दम भरे कि जानवरों पर अत्याचार नहीं हो रहा, परन्तु जानवर बेचारे निरीह कब प्रतिरोध कर पाते है? आज प्रकृति अपना रूप खोती जा रही है मानव ही प्रकृति दोहन का सबसे बड़ा जिम्मेवार है। पर्यावरण के प्रति सजग यह कवि पक्षियों के लुप्त होने की चिंता से भी चिंतित है-
जैसे खूंटों से एक-एक कर गायब होते गये बैल
गायों से खाली होते गये दुआर
अपनी सख्त कवच के बावजूद
कछुए नहीं बचा पाये खुद को
देखते देखते गायब होते गये
दूर तक नजर रखने वाले गिद्ध
ठीक उसी तरीके से गायब होते जा रहे हैं सांप

          कविता जैसे जैसे आगे बढ़ती है कवि को इस बात की चिंता है कि आज पीढ़ी दर पीढ़ी जनजातियां जो काम करती आयी हैं आज उस काम की कोई कीमत नहीं रह गयी है। हांलाकि मोछू नेटुआ अपना काम बड़ी चतुराई से करता है परन्तु वह इस दुर्लभ काम के भविष्य के प्रति भी चिंतित है तथा वह आज के समाज की दुर्वयवस्था  को भी जानता है तभी वह कहता है-
बेअसर पड़ता जा रहा है सांप का जहर
और लगातार जहरीला होता जा रहा है आदमी
सांपों को तो आसानी से चीन्ह लेते हैं हम
लेकिन आदमी को आदमी की भीड़ से बीन कर
जहरीले तौर पर अलगा पाना
एकदमे से असंभव है

            आज के उत्तर आधुनिक समय में शायद सांप का जहर मनुष्य में समाता जा रहा है यहां अज्ञेय की पंक्तियां याद आती हैं-
सांप! तुम सभ्य तो हुए नहीं-
नगर में बसना भी तुम्हें नहीं आया।
एक बात पुंछू-
तब कैसे सीखा डसना-
विष कहां से पाया? 

            आज का शहरी आदमी सांप से कहीं ज्यादा विषैला होता जा रहा है। यह कविता बेहद पठनीय व रोचक है। कवि का जीवन के यर्थाथ से विषय उठाना ही कविता में एक नये सौंदर्यशास्त्र की रचना करता है। आज के दुरूह समय में कविता को बचाना भी एक चुनौती भरा काम है। कविता का मुख लोकोन्मुखी व कवि के सरोकार जन चेतना से युक्त होने ही चाहिए। एक कवि की नैतिक जिम्मेवारी होती है कि वह समाज के अन्याय, पीड़ा, संघर्ष को चिन्हित करे।
           ऐसे समय में कवि संतोष की कविता ‘मां का घर’ एक महत्वपूर्ण प्रश्न उठाती है। कि स्त्री का घर कौन से होता है? कवि ने बड़ी रोचकता के साथ पुरूष प्रधान समाज में स्त्री को कमतर आंकने की ओर संकेत किया है। आज भी सबसे पहले लड़की को यही बताया जाता है कि हमारा समाज पुरूष प्रधान है और पुरूष को कमतर नहीं आंकना है। आज जब समाज में स्त्री विर्मश को लेकर बहस जारी है। असल में इस बहस में सिर्फ स्त्री को महत्व, समाज परिवार में उसका स्थान तथा बराबरी का दर्जा दिए जाने की दरकार है। असल में स्त्री व पुरूष एक दूसरे के पूरक हैं। ऐसे समय में कवि संतोष लिखते हैं-किसी ने भी क्यों नहीं समझी यह जरूरत/कि कुछ इस तरह के ब्यौरे भी कहीं पर हों/जिनमें दर्ज किये जाएं अब तक गायब रह गये/माताओं और माताओं की मातामहों के नाम। आज भी इस लोकतंत्रिक व्यवस्था में स्त्री को दोयाम, कमजोर तबके का समझा जाता है। कविता में मां नाम की व्यवस्था की पड़ताल की गई है ंकि किसी भी क्षेत्र में स्त्रीयों को महत्व नहीं दिया जाता। पूरी कविता पुरूष प्रधान समाज का प्रतिरोध दर्ज कराती है।
            एक अन्य कविता है ‘ओलार’। यह एक इक्कावान के संघर्ष की कविता है। वह इक्के में संतुलन बिठाते बिठाते अपने जीवन में संतुलन नहीं बिठा पा रहा है। इस कविता में कवि संतोष की जनजीवन, मेहनती, परिश्रमी, कामगारों के प्रति प्रतिबद्धता दिखाई देती है। कविता में वे कहते है-‘यह कैसा समय है भाई/मोटे और मोटाते-अघाते जा रहे हैं/कमजोर पतराते जा रहे है।’ क्या बताये? यह कैसा समय है कि अमीर और अमीर तथा गरीब और गरीब होता जा रहा है। गरीब की गरीबी की इतंहा खत्म ही नही होती, कंठ सूखते जा रहे हैं, कमर पिराती जा रही है फिर भी मेहनतकश जीए जा रहा है। लेखक ने अपनी कविताओं में दुखी, पीड़ितो, मेहनत करने वालों का जो चित्रण किया है उसमें उनकी चिंता व्याप्त है कि ऐसे कैसे चलेगी गाड़ी। गृहस्थी की गाड़ी जब ओलार हो जायेगी तब क्या होगा? इस प्रकार इन कविताओं में सामाजिक विषमता की ओर ईशारा है। कब वर्ग संघर्ष खत्म होगा? कब समानता आ पायेगी?
              संतोष चतुर्वेदी  की कविता के विषय समाज के महत्वहीन कारीगर जैसे अदृश्य चरित्र है जैसे सपेरेा की जनजाति, इक्कावान, खाट बीनने वाले, हाशिये पर रहने वाले लोग है। किसी का ध्यान इन महत्वहीन लोगों की ओर शायद ही जाता हो लेकिन एक लोकधर्मी कवि की आंख से इस तरह के चरित्र नहीं बच पाते। अभिजात्य वर्ग तो इन विषयों की अनदेखी करता ही आया है लेकिन कवि के पास एक तीसरी संवेदनशील आंख होती है जिससे वह दुखियों, अभावग्रस्तों के दुख से व्यथित होता रहता है। जैसे कवि नागार्जुन अपनी ‘खुरदुरे पैर’ कविता में रिक्शा खींचने वाले के दुख से दुखित होते हैं।
           संतोष की कविताएं जीवन के सत्य से उपजी है। वैसे तो पानी रंगहीन होता है परन्तु उनकी एक कविता ‘पानी का रंग’ में वे कहते हैं कि पानी का भी एक अपना रंग होता है। जिस तरह काली रात में भी बहुत जीवन द्रव्य छिपा होता है अंधेरा ही हमें प्रकाश में आने के लिए लड़ने की शाक्ति देता है इसी प्रकार पानी में भी रंग छिपे होते हैं जब सूर्य की रोशनी पानी पर पड़ती है तब ही सतरंगी रोशनी जन्म लेती हैं। जीवन में आंख के पानी का होना अति आवश्यक है। यदि आंख में पानी बचा रहा तभी जीवन को विविध रंगों से सजा पायेगें। यदि आंख का पानी भी सूख गया उस दिन धरती भी रो जायेगी-
‘अगरचे बेनाम से इस पनीले रंग को
इसकी सारी रंगीनियत के साथ
बचाये रखना चाहते हो
तो बचा लो
अपनी आखों में थोड़ा-सा पानी
जहां से फूटते आए हैं
रंगों के तमाम सोते’
               एक अन्य लम्बी कविता ‘पेनड्राइव समय’ आज के समय का साक्षात्कार है। आज का तकनीकि युग ही हमें चमकदार लगता है परन्तु इस चमकदार रोशनी के पीछे अदृश्य दुख छिपे होते हैं जो दिखाई ही नहीं देते। आज के उत्तर आधुनिक समय को कवि पेनड्राइव समय का नाम देते है। आज के पूंजीपति समय में समाज में ऐसा ही होता है जिनकी जेबें रूपयों से भरी होती हैं उनके पेनड्राइव भी रूपयों से भरे होते है(विज्ञापन के रूप में)। वे पूंजीपति सब कुछ खरीद सकते हैं लेकिन दूसरी ओर सर्वहारा, मजदूर एक जून की रोटी जुटाने में पूरा दिन खपाता हैै। ऐसा कैसा समाज बन रहा है आगे कवि कहता है-बताया उसने बिना लाग-लपेट के/मैनें आदतन हिसाब लगाया/एक परिवार का पन्द्रह दिनों का खाना-पीना/एक मजदूर के बीस दिनों की मजूरी/एक बच्चे की पढ़ाई की साल भर की फीस/गुल्लकों में पेट काट-काट कर/जतन से बटोरी गयी रेजगारी।
               आज एक गरीब व्यक्ति की रोटी का गुजारा एक पेनड्राइव की कीमत के बराबर है फिर भी उसे खरीदना जरूरी है तथा रोटी का सवाल मुलतवी करना ही होगा। रोटी से ज्यादा जरूरी है तकनीकी के गुलाम हो जाना। कहते है समय को किसने बांधा है पर आज के उत्तर आधुनिक समय में समय को भी तकनीकी ने अपने भीतर समो लिया है-‘ठीक वैसे ही पेनड्राइव की रौनक के पीछे/जुड़ी है कहीं न कहीं/हमारी तमाम भूखी-प्यासी रातें/इस एक सफलता में ढक गयी हैं/हमारी हजार असफलताएं चुप्पी साध कर’’ यह कविता एकदम यथार्थ का व्याख्यान है जहां एक ओर पूंजीपति ए.सी. के कमरों में बैठ कर चाय पीता है वही दूसरी ओर गरीब जन के बच्चे मांड में पौष्टिकता ढूढंते हैं। इस कविता में आज के समय का पेन भी समाया हुआ है। यह हमारी दैनिक जरूरत में शामिल हो गया है।
             इस तरह यह कविता कहानी का आस्वाद देती है। पेनड्राइव आज के समय की जरूरत है परन्तु इससे भी दैनिक चिंतायें कम नहीं हुई है। व्यक्ति हाताश है, घबराया हुआ है, कुछ हाथ नहीं आ रहा है। वह तकनीक का गुलाम होता जा रहा है। ऐसे बहरूपिये समय में सभी तकनीक को आत्मसात् किए जा रहे हैं ऐसे समय में कवि स्वयं को गुनाहगार महसूस करता है-
एक अजीब सा सन्नाटा पसरता जा रहा है चारों ओर
हर दिशा घिरती चली जा रही है धुन्ध से 
सिमटती पा रही है देखने की क्षमता
कहीं से प्रतिरोध का कोई स्वर
फूटता नहीं दिखायी पड़ता
लगता है कि मैं
गुनहगार हूं अपने ही बीबी बच्चों का
उनसे नजरें नहीं मिला पाता मैं।
               आज हर वस्तु क्षणिक है समय पल-पल बदल रहा है। रोज नित्य नई मान्यतायें बनती है और टूटती हैं। ऐसे बेखबर समय में बेखबर रहना मुमकिन नहीं, आज के व्यक्ति को पता है उसके आसपास क्या हो रहा है। ऐसे हवाओं के विरूद्ध चलने जैसे समय में हवाओं के संग कैसे बहा जाय इसी जुगत में लगा रहता है इंसान। इसी तरह के भाव कविता ‘राग नींद’ में आए हैं। कविता ‘अंधा मोड़’ में कवि अंधा मोड़ यानि हमारे जीवन में ऐसे अनेक अंधे मोड़ आते है उनसे सफलतापूर्वक निकलना ही मानों जिंदगी जीने की कला है-
हर अंधा मोड़ सिखला जाता है
संभल कर चलने की तहजीब
तीखे और भयावह मोड़ों के बाद भी 
होती रहेंगी बातें चलने की
               जीवन का राग कविता में पानी और आग जीवन की मूलभूत जरूरत के कारण ही संतोष आग और पानी को जीवन का राग कहते हैं। इसी तरह अन्य कविताओं जैसे खाट बीनने वाले, पानी के लचीलेपन में, मुकम्मिल स्वर, फर्क तो पड़ता है साथी, सुराख आदि कविताओं में कवि समकालीन समय से रूबरू होता हुआ अपनी दृष्टि में सकारात्मक समय की उम्मीद करता है।
               कविता संग्रह का नाम जिस कविता के नाम पर रखा गया है उसमें दक्खिन वह दिशा जिसे मृत्यु की दिशा कहा जाता है इसके विपरीत पूर्व दिशा को सूर्य की दिशा कहा जाता है सूर्य अनगिनत रश्मियां लेकर आता है लेकिन हर दिशा का अपना पूरब होता है हर व्यक्ति, वस्तु का अपना महत्व होता है। दक्खिन दिशा का अपना स्वरूप है महत्व है। एक कहावत भी है-जहां काम आवै सूई का करै तलवारि। इसी प्रकार यदि हम दक्षिण दिशा को स्वतंत्र रूप में देखे तो अवश्य दक्षिण दिशा का भी अपना पूरब होता है। और उसी पूरब से वहां भी रोशनी आती है रोशनी यानि ईश्वर। और ईश्वर तो कण कण में वास करता है देखने की सूक्ष्म नज़र होनी चाहिए।
सूफी ने मासूमियत से अनुरोध किया
वह बता दे उसे वह दिशा
जिधर न रहता हो खुदा
कर लेगा बेहिचक वह उसी ओर अपना पैर
लाख कोशिशों के बावजूद
नहीं खोज पाया वह एक भी ऐसी दिशा 
जिधर न रहता हो खुदा
                 ‘प्रश्न वाचक चिन्ह’ कविता में इस चिन्ह का भी बड़ा महत्व बताया है हमारे जीवन में। कवि ने इस चिन्ह के प्रश्नों की नजर से दुनिया को देखा है दुनिया में ना जाने कितने ही प्रश्न अनुतारित खड़े है जिनका कोई जबाब नहीं किसी के पास। बहुत महत्वपूर्ण होता है प्रश्नवाचक चिन्ह, हमेशा उत्तर की खोज में प्रतीक्षारत।
संतोष चतुर्वेदी  की कविता के कथ्य का शिल्प कच्चे घड़े की परह अनगढ़ व खुरदुरा है चिकनी चुपड़ी कविता यानि अभिजात्य वर्ग के लिए नहीं। असल में कवि की जीवन राह ही मुश्किलों से भरी होती है वह इस राह को कविता की अभिव्यक्ति के द्वारा सुगढ़ करता हुआ चलता है जिस प्रकार मिट्टी के खुरदुरेपन में ही मिट्टी का जीवन छिपा होता है चिकने सपाट फर्श में नहीं, वह तो पत्थर बन जाता है। जीवन का तानाबाना तो खुरदुरे जीवन में ही जीवन पाता है इसी तानेबाने का नाम जीवन है कविता ‘वहीं से फूटती हैं राहें’ कविता में यही कुछ भाव प्रकट हुए हैं-
टहनी पर जहां दिखती हैं खुददुरी गांठें
वहीं से फूटती हैं नयी राहें
वहीं से बहती है कविता
अपनी धार में नदी को रचते हुए
वहीं से फूटते हैं
नये नवेले पत्ते
जहां बिलकुल सीधी सुरहुर दिखती है
वहां से उम्मीद का कोई कल्ला 
नहीं फूटता कभी
                  आज के मशीनी युग में जब बाजार सिमट कर हमारे शयनकक्ष में प्रवेश कर गया है बाजार का मुंह बड़ा होता जा रहा है और इंसान उस मुंह में प्रवेश कर छोटा व महत्वहीन महसूस करने लगा हैै। अब बाजार लगभग मनुष्य को लीलने की प्रक्रिया में है ऐसे समय में संतोष के काव्य संग्रह में अंत की एक कविता ‘वे हमें अकेला कर देना चाहते हैं’ बेहद प्रासंगिक व आज के मानवीय रिश्तों, सामाजिक सरोकारों से युक्त यह कविता गहराई से सोचने को विवश करती है। यह आज के पूंजीवादी अर्थव्यवस्था के बदरंग चरित्र को हमारे सम्मुख रखती है। कौन हैं वे? जो हमें अकेला कर देना चाहते हैं। बाज़ारवाद ने आज हमें अकेला व निहत्था बना दिया है। हम जितने ग्लोबल हुए उतने ही अकेले भी हुए हैं। आज बच्चे इंटरनेट की दुनिया में इंटरलॉक होते जा रहे हैं। संवेदना सिरे से गायब हो चुकी है। मानव को अकेला करने की जुगत में लगी शक्तियों के लिए कवि कहता है-
वे हमें इतना अकेला कर देना चाहते हें
कि हमारे पैरों में कोई कांटा चुभे तो हम आह भी न भर पाएं
कि अगर कोई हमारे हाथों को अपने हाथों में लेकर सहलाए
तो भी प्यार की कोई अनुभूति न जगने पाए
कहीं कोई जख्म हो तो भी हमारे चेहरे पर कोई शिकन न आए
                    कवि की इस प्रकार की चिंता ग्लोबलाइजेशन पर, बाजार पर, मानवीय संवेदनहीनता पर प्रश्न चिन्ह लगाती है। जब पूरी प्रकृति ही एक दूसरे पर निर्भर है फिर भी मनुष्य को मनुष्य से अलगाने की साजिश जारी है। गांव का व्यक्ति शहर आना चाहता है और जो शहर आ गया है वह अकेला होता जा रहा है व अकेलापन उसकी आदत में शुमार होता जा रहा है। शहर का आदमी शहर की चकाचौंध से अपनी आंख भी नहीं खोल पा रहा है ऐसे में उसकी ही परछाई उसका साथ भी छोड़ती जा रही है। ऐसे में क्या करें आदमी? कैसा है यह समय? लेकिन जो अकेला कर रहे हैं उन्हें भीतर से पता है कि जीवन सामुहिक रह कर ही जीया जा सकता है क्यों कि मनुष्य एक सामाजिक प्राणी है-
कौन उन्हें बतलाए
कि समवेत से ही बनता है जीवन
थोड़ी नमी थोड़ी कमी से ही बनता है
हमेशा अधूरा सा लगने वाला ये पूरम्पूर जीवन
सूरज सजा है अपने सौर मंडल से ही
चांद की चांदनी में कहीं न कहीं शामिल है
तड़कता भड़कता सूरज....
वे हमें इस कदर अकेला कर देना चाहते हैं
कि आंसू तलक भी साथ न हो हमारे
जब कभी हम रोएं
                  लेकिन हमें उम्मीद नहीं छोड़नी चाहिए। इस तरह के बाजारवाद से जल्दी ही दुनिया तंग आ कर फिर से अपनी पुरानी जड़ों की ओर लौटेगी और जीवन फिर से हरा भरा हो जायेगा।
                  इस प्रकार इस काव्य संग्रह के अछूते विषय व समाज में उपेक्षित चारित्रों को कवि ने अपनी कविताओं का विषय बनाया जिन विषयों को एक आमजन अनदेखा कर जाता है। काव्य संग्रह की कविताएं रोचकता लिए व संप्रेषणीयता के गुण से संयुक्त हैं। आज तकनीकी के युग में संवेदनहीनता के हाबी होने के बावजूद ये कविताएं उम्मीद की एक किरण को दक्षिण दिशा से आने की दरकार रखती ही हैं।

समीक्षक - मनीषा जैन

काव्य संग्रह- दक्षिण का भी अपना पूरब होता है
कवि- संतोष कुमार चतुर्वेदी
प्रकाशक- साहित्य भंडार
50, चाहचन्द इलाहाबाद-211003
प्रथम संस्करण- 2014
मूल्य- 50 रूपये




 





हिन्दी अकादमी, दिल्ली की मासिक पत्रिका इन्द्रप्रस्थ भारती के फरवरी अंक में मेरी कुछ कविताएं

हिन्दी अकादमी, दिल्ली की मासिक पत्रिका इन्द्रप्रस्थ भारती के फरवरी अंक में मेरी कुछ कविताएं प्रकाशित हुई।


1. आंखें खुली रखना
--------
उम्र के मानचित्र पर
जब आयेंगे हम आमने सामने
मैं देखूंगी तुम्हारी आंखों में
अपनी आंखों में उतरते सागर को
तब मेरे मन के नीले जख़्म
घुल जायेंगे तुम्हारी आंखों के
हरे समुन्दर में
उस वक्त तुम अपनी आंखें खुली रखना
कहीं फिर से बह न जाउं मैं
तुम्हारी आंखों से बाहर
जैसे रखा तुमने हमेशा ही
अपनी आंखों से बाहर मुझे
-----------------

2. एक कस्बे की गली और चांद

एक कस्बे की घचर-पचर सी गली में
जहां सुबह से शुरु होता है
रसोई का शोर/और बर्तन ठोकने की ठ्क-ठ्क
सुबह से शाम तक चलता है यह अनहद् राग
बस आवाज़ें ही आवाज़ें
सुनी थी कभी ठठेरों की गली से उठती आवाजें

आप गये हैं कभी उन गलियों में
जहां औरतें पकाती रहती हैं दाल और भात घरों में
पुरुष ठोकतें रहते हैं बर्तन
मैं समझती हूं, उन आवाज़ों से निकालता दर्द
साथ ही उस गली के हर घर का
हर गूंज का दर्द
उन्होंने बचपन से ही सीख लिया था दर्द के साथ रहना
हर टीस के कोण,
हर दर्द के राग
दर्द से ही उठती है पेट की भूख
रोटी न मिलने पर वह मचोड़ता है पेट
भूख को रखता है ताख़ पर

उसी ताख़ पर रखे हुए भूख के टुकड़े
आने वाली पीढ़ी के शरीर से चिपके
मचाते हैं हल्ला
कोई नहीं पहचानता भूख का रंग
क्या वे पहचानते हैं अपने पूर्वज या विरासत में मिले भूख के टुकड़े?
जैसे हम भी नहीं पहचान पाते/अपने ही पूर्वजों के अंश

किसी एक बिन्दू पर मिलती है भूख और प्यास
बतियाती हैं एक दूसरे से

वो हाथ बांधता है कमर के पीछे
रहता है जीवन की कशमकश के संग/
एक उधेड़बुन चलती है लगातार/वो जीवन मृत्यु में झूलता
ढोना चाहता है पहाड़
खोदना चाहता है कुंआ
और कुंए से निकलेगा तेल/उसकी भूख चाटेगी तेल
वो प्यास से सूख कर पापड़ बन जायेगा
और पापड़ की चूरर-मूरर की ध्वनि
जगा देगी उसकी भूख

उधर रतीले मुल्क के लोग
आधी टांग का पजामा पहन/मिट्टी में सने पैर
देखते रहते हैं चांद-रात का चांद

मगर उनकी खाली झोली हिलती रही
जैसे खाली लिफाफे फूलते रहे/जिनमें फूलती थी कभी रोटी
जैसे मुंह से फूलाकर फोड़ा किसी ने कागज़ का लिफाफा
धप्प् की आवाज़ से सहम गये सब
आपने सुनी है यह आवाज़ ?

सुनो चांद रात के चांद ! तुम घबराये तो नहीं
पापड़ की आवाज़ या खाली लिफाफे की आवाज़ से
तुम तो बहुत दूर हो पृथ्वी से
परन्तु तुम दिखते रहते हो हमेशा अटल

चांद! तुम भी ठठेरों की गलियों में आओ कभी
वहां पसरा है अंधेरा, भूख की तरह
उनको सुनाई देती है सिर्फ ठ्क ठ्क
सोते जागते
यह ठ्क ठ्क ही पैदा करती है अनाज
उनका ब्रहमाण्ड छिपा है उन बर्तनों में/जिन्हें ठोकते हैं वे/ देते हैं आकार
उनका बच्चा भी सीख रहा है बर्तनों को आकार देना
एक कस्बे की उस गली में आओ कभी
ठोकों तुम भी बर्तन
जिन्हें ठोकने से मिलती है रोटी उन्हें
और तुम भी महसूस करो पेट की ज्वाला
और हथौडे की तपन।
---------

3. मनुष्य और खाई
उन अंधेरी रातों में
जब हम हार रहे थे तुमसे
कर रहे थे समर्पण
उसी वक्त कोख में
रोपी जा रही थीं पुत्रियां
जन्मने पर वो/ बहुत डरती थीं अंधेरों से
जीवन समुद्र में आने से डरती थीं
नापती थी अंधेरों की गहराई
इस संपूर्ण ब्रहाांड में अकेली थीं वो

वे बोलते बोलते/ढह जाती थी
कच्ची दीवार की तरह

आगे चलकर उन्होंने ही बुने
घर की चादर के मजबूत धागे
उन्होंने ही तैयार किए योद्धा
उन्होंने ही पैदा किए ईश्वर

फिर मंदिरों के गर्भग्रह में
उन्हीं के जाने की मनाही हुई

तुम्हारे भगवान बनने से पहले
उन्होंने ही पाला तुम्हें
पैदा किए
तीर्थंकर
बुद्ध
ईसा, मूसा
उन्हें ही भगवान की प्रतिमा
छूने की मनाही हुई

और तो और
जिन्होंने बनाए पुरुष
उन्हें ही बताया गया
कि तुम्हें कभी मोक्ष प्राप्त नहीं होगा
तुम यूंही जन्म-मृत्यु के चक्कर में घूमती रहोगी

ये कैसी तराज़ू है/ जो आत्मा-आत्मा में फर्क करती है
इंसान-इंसान के बीच फ़र्क करती है
कितनी गहरी खाई है/कभी न पटने वाली।
--------------------------

4. बिजूका नहीं हैं हम

चाहे हमें सूई के छेद से निकालो
चाहे हमें सूरज की आग में धर दो
चाहे दुत्कारो, झिड़के दो
रहेंगे हम इज्ज़त तुम्हारी
बिजूका नहीं हैं हम

चाहे हमें इंसान भी न समझो
हमें चींटी का रुतबा दो
चाहे हमें पैर के अंगूठे पे धर कर उछालो
रहेंगे हम ज़रुरत तुम्हारी
क्योंकि बिजूका नहीं हैं हम

चाहे हमें ड्राइंगरुम सजावट बनाओ
बोनसाई की तरह काटो हमारी जड़ें
बौने नही रहेंगे हम
फिर फिर उगेंगे हम
क्योंकि बिजूका नहीं हैं हम

हमें मिलें आर्शीवाद में भी तुम्हारी ही चर्चा
फिर क्यों नाहक ही/ परेशान होते हो तुम

जितना भी काटो पेड़ के पत्ते
उतना ही घना होता जाता है पेड़
वैसे ही घने होते जायेंगे हम

जब जब भी डालोगे जंजीरें हमारे पैरों में
और ऊंचा उठेंगे हम
क्योंकि बिजूका नहीं हैं हम।
----------------------

5. कौन सा घर है उसका ?

जब जाती है वह मां के घर
तब ही कहा जाता है
कि वह मां के घर जा रही है

जहां वह अब मेहमान सी है
फिर दो चार दिन रहकर
चलने का दिन आ जाता है

फिर मां कहती है-
बेटी! अब यह घर पराया है तुम्हारे लिए
तुम अपने घर जाओ

अब वह मायके से ससुराल वापिस आ रही है
रास्ते भर उसका दिमाग परेशान है
दिल घबराया, नज़रें बैचेन हैं, सोच रही है
कौन से, किसके घर जा रही है वह?
दो-दो घर हैं उसके
मगर कौन सा घर है उसका ?
जिसे नितान्त वह अपना कह सके
घर में रहते हुए भी वह
ढूंढ रही है अपना घर......
                      मनीषा जैन