गांधी की जरुरत
उसने गांधी को क्यों मारा
साज़िश और स्रोतों की
पड़ताल
मनीषा जैन
अशोक कुमार पांडेय ने यह किताब शायद उस वक्त लिखी है जब गांधी जी को पढ़ने की सबसे ज्यादा जरुरत है और जब गांधी की छवि को गलत व धूमिल करने की साजिशें की जा रही हैं और असली देशद्रोहियों को देशभक्त बताया जा रहा है। ऐसे क्रूर समय में इस तरह की पुस्तक का हिंदी समाज के समाने आना एक महत्वपूर्ण व जरुरी कदम तो है ही साथ ही जो गलतफहमियां गांधी के विरोधियों द्वारा उनकी हत्या से लेकर आज तक फैलायी जा रही हैं। वे सब यह किताब पढ़कर दूर हो जानी चाहिए क्योंकि लेखक ने यह किताब पूरे शोध के साथ एक-एक तथ्य का स्पष्टीकरण, विवेचन पूरी ईमानदारी के साथ किया है। पुस्तक की सबसे अच्छी बात, जो लोग गांधी की हत्या में लिप्त थे उनका जीवन परिचय सबसे पहले दिया है जिससे पाठक सबसे पहले उन लोगों को जान सकें कि कौन थे वे लोग और उनका बैकग्राउंड क्या था।
इस किताब को पढ़ने के बाद जब किसी एक दिन मैं फेसबुक पर स्क्राल कर रही थी तब मेरी निगाह एक ऐसी पोस्ट पर पड़ी जिसमें सावरकर को तथा उनकी पूरी टीम को देशभक्त, राष्ट्रभक्त, क्रांतिकारी, अंग्रेजो का विरोधी, अंग्रेजों को खदेड़ने वाला बताकर महिमामंडित किया गया था। अत: मैं आश्चर्य में अपना माथा थामकर यह सोचने के लिए विवश हो गयी कि इस देश में आज तक भी जो भ्रांतियां फैलायी जा रही हैं उन्हें दूर नहीं किया जा सकता है बल्कि वे और ज्यादा महिमामंडित होकर सबके सामने ही फैलायी जा रही हैं और कोई कुछ भी नहीं कर पा रहा है। लेकिन सत्य तो सत्य ही रहता है। लेखक ने यह पुस्तक हिन्दी भाषा के पाठको को ऐसा तोहफा दिया है जिसमें दूध का दूध और पानी का पानी हो जाता है। इसके लिए लेखक ने गांधी की मृत्यु से लेकर आज तक की गांधी जी से संबधित अंग्रेजी पुस्तकों को पढ़कर उनसे तथ्य इकट्ठे कर सिलसिलेवार बहुत ही सरल भाषा में सत्य उजागर किया है और अब भी यदि लोग सत्य पर पर्दा डालकर अपनी आंखें मूंद सकते हैं तो किया ही क्या जा सकता है।
इस पुस्तक को लिखने का ढ़ंग इतना सरल व महत्वपूर्ण है कि पाठक को कहीं भी उलझाव महसूस नहीं होता। पुस्तक के शुरूआत में ही गांधी के हत्यारों का विवरण, उनका परिवारिक चित्रण सरल भाषा में प्रस्तुत किया है। फिर एक के बाद एक तथ्य को लेकर साक्ष्यों के साथ स्पष्टीकरण दिए गये हैं। इस पुस्तक में आज तक गांधी जी को लेकर जो गलतफहमियां फैली हुई है, मसलन गांधी जी ने ही विभाजन के मद्दे कितने करोड़ रूपये पाकिस्तान को दिलवाए, गांधी जी के कारण ही देश विभाजन के कगार पर पहुंचा आदि और भी अनेक गलतफहमियां इस पुस्तक के माध्यम से दूर होती हैं साथ ही सिलसिलेवार तरीके से गोडसे द्वारा गांधी की हत्या की साज़िश के सत्य तथ्य भी आंख से पर्दा उठाने का काम करते हैं, साथ ही उस समय के राजनीतिक परिस्थितियां तथा अंग्रेजो के शोषण के तथ्य भी इस किताब में स्पष्ट होते हैं।
लेखक ने शोध द्वारा ऐसे उद्धरण प्रस्तुत किए हैं जिन उद्धरणों से हिन्दी भाषा का पाठकगण पहली बार परिचित होता है और गांधी की एक दृढ़निश्चयी वाली छवि प्रस्तुत होती है। इसके लिए पुस्तक के पृष्ट 63 पर अंग्रेज डगलस द्वारा सुनाया किस्सा पढ़ा जा सकता है। गांधी जी हर हिन्दुस्तानी के अधिकारों के पक्ष में हमेशा से थे चाहे वे किसी भी जाति, धर्म, वर्ग, वर्ण के हों। लेखक ने अविभाजित भारत में तैनात अंग्रेज अफसरों की आजादी के बाद प्रकाशित पुस्तकों का अध्ययन करके अनेक उद्धरण द्वारा गांधी की एक साफ छवि प्रस्तुत की है। लुई फिशर अपनी किताब में लिखते हैं कि गांधी कहते हैं-अब यह सिद्ध हो चुका है कि अगर किसी व्यक्ति को समान अवसर दिया जाए तो चाहे वह किसी भी रंग या देश का हो, वह किसी भी अन्य के पूरी तरह से बराबर है। (पेज़ 74) जब 1927 में गांधी यह कहते हैं कि-‘अस्पृश्यता के जीवित रहने की तुलना में मैं हिन्दू धर्म का मर जाना पसंद करूंगा।’ (पेज 76) तो अनुमान लगाया जा सकता है कि अपृश्यता सदियों सदियों से भारत में मौजूद थी और गांधी अपने बल पर इस समस्या से जूझ रहे थे बिना किसी फायदे नुकसान के।
इस पुस्तक के अध्ययन से सावरकर के विषय में अनेक बाते पता चलती हैं। जिसे वीर सावरकर कहकर महिमामंडित किया जाता है वह अंग्रेजो का आज्ञाकारी व मौकापरस्त था और इस बात का भी पता चलता है कि हिन्दुत्व मान्यता रखने वाले लोगों की मानसिकता शुरू से आज तक क्या रही है। जब सावरकर कहते हैं कि-‘महामहिम की सरकार को अब हिन्दुओं की तरफ मुड़ना चाहिए और उनके सहयोग से काम करना चाहिए, हमारे हित समान हैं, ज़रूरी चीज़ है कि हिन्दुत्व और ग्रेट ब्रिटेन अब मित्र बनें और पुरानी दुश्मनी की अब कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने यहां तक कहा कि हिन्दू महासभा युद्ध के बाद डोमेनियन स्टेट्स को स्वीकार करने के लिए स्पष्ट वचन देने को तैयार है।’(पेज 90) इससे स्पष्ट है कि सावरकर हिन्दु व ग्रेट ब्रिटेन यानि अंग्रेजों के मित्र बने रहे, उन्होंने देश के साथ गद्दारी की, फिर भी सावरकर को महिमामंडित किया जाता रहा है और तो और आश्चर्य होता है कि शुरू से ही किस तरह संयोजनबद्ध तरीके से गांधी जी की हत्या की योजना न जाने कितनी ही बार बनी, कितनी ही बार उन पर हमले हुए लेकिन संघ के लोग सफल नहीं हो पाए लेकिन कपूर आयोग अपनी एक रिपोर्ट में लिखता है कि ‘पूना में एक ऐसा वैचारिक समूह है जो अतिरेकी रूप से इस पुस्तक में भारतीय राजनीति के अनेक पहलू व राजनीतिक उठापटक सामने आती है। जैसे गांधी द्वारा हिटलर को पत्र लिखना एक साहसिक कार्य था, जो जब तक किसी भी अन्य नेता ने नहीं किया था। जिन तथ्यों को आम जनता से छुपाया गया था, गांधी जी की हत्या के जिम्मेदार लोगों पर पर्दा डाला गया, उन तथ्यों की जांच-पडताल इस पुस्तक में गंभीरता से की गई है। जिन तथ्यों से आज तक आम जनता अनभिज्ञ थी और है। वहीं अम्बेडकर के विचार गांधी की हत्या के बाद सामने आए, जिनका खुलासा लेखक ने सवाल उठाकर किया है-‘कोएनार्ड अल्सर्ट ने लिखा है कि अम्बेडकर नथूराम के वकील से मिले थे और कहा था कि वह फांसी की जगह आजीवन कारावास करा सकते हैं। लेकिन नथूराम ने मना कर दिया और इस पर अम्बेडकर ने उसकी तारीफ़ की थी।(पृष्ट 166)
साथ ही कांग्रेस द्वारा गोडसे को हत्या की माफ़ी दिलाना जैसे अनेक तथ्य जनता के सामने रखे हैं। तथा अनेक अन्य तथ्य गोडसे व सवारकर को साफ-पाक बताने को लेकर लिखे गये हैं। जिन महीन तथ्यों से आम जनता अनभिज्ञ थी और हैं, क्योंकि गांधी की हत्या के समय के अंग्रेज व अन्य लोगों ने बाद में जो पुस्तकें लिखी, उनमें आए तथ्यों से आम जनता अंधेरे में थी क्योंकि वे पुस्तकें हिन्दी पट्टी के लोगों द्वारा पढ़ी ही नहीं गयी। गांधी जी की हत्या के साक्ष्य का भी लेखक ने खुलासा किया है कि कपूर आयोग की रिपोर्ट में केतकर के बयान में साफ लिखा है-‘विभाजन के खिलाफ़ एक आमसभा के दौरान जुलाई 1947 में नथूराम गोडसे ने कहा-‘गांधी जी कहते हैं कि वह 125 साल जीना चाहते हैं। लेकिन उन्हें हम जीने देंगे तब न।’(पेज 183) इस सत्य को कैसे झुठलाया जा सकता है।
जिन तथ्यों को आम जनता से छुपाया गया तथा गांधी जी की हत्या के जिम्मेदार लोगों पर पर्दा डाला गया, उन तथ्यों की सत्य जांच पड़ताल इस पुस्तक के माध्यम से लेखक ने शोध द्वारा की है, जबकि आज भी सावरकर को निर्दोष साबित करने की चेष्टा चल रही है। तथा सावरकर के मंदिर तक बनाए जा रहे हैं। जो लोग गांधी को विभाजन का कारण मानते हैं इसके विरोध में लेखक लिखते हैं-‘असल में देश के विभाजन के ज़िम्मेदार वो लोग हैं जिन्होंन हिन्दुओं और मुसलमानों के बीच नफ़रत के बीज को विषवृक्ष बनाने में अपनी जिन्दगियां लगा दी। वे लोग एक तरफ़ मुसलमानों को निज़ाम-ए-मुस्तफ़ा का सपना दिखा रहे थे और दूसरी तरफ़ हिन्दुओं को हिन्दू राष्ट्र का।’ (पेज़199) पुस्तक में अनेक उद्धरणों से सावरकर व गोडसे समूह का चरित्र सामने आता है। यह पुस्तक उन्हें जरूर पढ़नी चाहिए जिन्होंने सावरकर के चित्र अपने घरों में लटकाकर उन्हें देशभक्त की पदवी दे रखी है। पुस्तक के अंत के अध्यायों में लेखक ने अनेक सवाल छोड़े हैं जिनका हल या जवाब आज तक भी नहीं मिल पाए हैं। मसलन, ‘देश के बंटवारे के लिए मजबूर करने वाले जिन्ना पर कोई हमला क्यों नहीं किया गया? हिन्दू महासभा के अधिवेशनों में हिन्दु-मुसलमानों को दो राष्ट्र कहने वाले सावरकर की ज़बान क्यों बन्द की कभी? बंगाल में मुस्लिम लीग की सरकार में शामिल श्यामाप्रसाद से कभी क्यों नहीं पूछे सवाल?’(पृष्ट 207) पुस्तक में इस प्रकार एक पूरा पेज सटीक सवालों से भरा है।
और अंत में यह बात ही रह जाती है कि गोडसे पर सावरकर के प्रभाव के कारण ही वह गांधी जी का हत्यारा बना क्योंकि द़िमाग में भरा गया विचारों का ज़हर अपना असर दिखाता ही है। गांधी की हत्याकांड में अनेक स्तरों पर पुलिस की लापरवाही एक मुख्य कारण भी आज तक लागू है। किताब में जहां एक ओर गांधी जी के साथ जुड़े हुए झूठे तथ्यों का विवेचन कर सही तथ्यों को प्रेषित किया गया है, वह भी शोध के आधार पर। साथ ही असली राष्ट्रविरोधियों का पर्दे के पीछे के मंतव्य भी स्पष्ट हो सके हैं। वो मंतव्य जो आज तक भी जारी हैं।
लेखक - मनीषा जैन
पुस्तक – उसने गांधी को क्यों मारा
पुस्तक लेखक – अशोक कुमार पांडे
प्रकाशक – राजकमल प्रकाशन, नई दिल्ली
प्रकाशन वर्ष – तीसरा संस्करण 2020






